एंटरटेनमेंट
शेफाली जरीवाला के पति पराग त्यागी का बयान मुंबई पुलिस ने दर्ज किया, जिसमें उन्होंने बताया कि शेफाली पहले से इलाज करवा रही थीं. मुंबई पुलिस को दिए गए बयान में एक्टर पराग त्यागी ने बताया कि शेफाली का इलाज पहले से ही चल रहा था.
‘कांटा लगा’ गाने से मशहूर हुईं एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला की मौत की खबर ने सभी को चौंका दिया है. 42 साल की उम्र में कार्डियक अरेस्ट से हुई उनकी मौत पर फैंस और मनोरंजन जगत में शोक की लहर है. शेफाली की डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए कूपर हॉस्पिटल भेजा गया है और फिलहाल मुंबई पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है.
मुंबई पुलिस ने शेफाली के पति और एक्टर पराग त्यागी का बयान दर्ज किया है. यह बयान उनके घर पर ही लिया गया. पराग ने बताया कि शेफाली पिछले कुछ समय से मेडिकल ट्रीटमेंट ले रही थीं. अब तक इस मामले में चार लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें दो नौकर और एक सिक्योरिटी गार्ड भी शामिल हैं. पुलिस की जांच अभी जारी है.
शेफाली का इलाज कर रहे डॉक्टर ने बताया कि वह बीते 5-6 सालों से एंटी-एजिंग ट्रीटमेंट ले रही थीं. वह विटामिन C और ग्लूटाथायोन नाम की दवाइयां लेती थीं, जो स्किन फेयरनेस और यंग लुक्स के लिए इस्तेमाल की जाती हैं. डॉक्टर ने साफ किया कि इन दवाओं का दिल (हार्ट) से कोई संबंध नहीं है और शेफाली ने कभी किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं की थी. वह काफी फिट और एक्टिव थीं.
एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट अब वायरल हो रहा है. यह पोस्ट उन्होंने अपने निधन से तीन दिन पहले किया था. इसमें वह सिल्वर कलर की चमकदार ड्रेस में नजर आ रही हैं और कैमरे के सामने कॉन्फिडेंस से पोज दे रही हैं. उन्होंने इस पोस्ट को कैप्शन दिया था – “Bling it on baby!”
फैंस इस पोस्ट को देखकर भावुक हो उठे हैं. कई लोग इस घटना को सिद्धार्थ शुक्ला की मौत से जोड़कर देख रहे हैं, क्योंकि उनकी मौत की वजह भी कार्डियक अरेस्ट थी.
हालांकि डॉक्टरों ने दवाओं और हार्ट अटैक के बीच कोई सीधा संबंध नहीं बताया है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. शेफाली की अचानक हुई मौत कई सवाल छोड़ गई है, जिनके जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच से मिल सकते हैं.
अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.