एंटरटेनमेंट
सलमान खान और ‘काला हिरण’ विवाद से समझिए पर्सनैलिटी राइट्स का पेचीदा कानून. जानिए पब्लिक रिकॉर्ड, निजी जानकारी, फिल्म बनाने की आजादी और किसी की पहचान के कमर्शियल इस्तेमाल के बीच क्या फर्क है.
'काला हिरण: द बैटल फॉर लीगल': फिल्में अक्सर असली घटनाओं से प्रेरणा लेती हैं. कभी किसी ऐतिहासिक घटना को पर्दे पर उतारा जाता है, कभी किसी चर्चित शख्स की जिंदगी को कहानी का आधार बनाया जाता है और कभी किसी विवादित घटना से काल्पनिक किरदार गढ़ दिए जाते हैं. लेकिन सवाल तब खड़ा होता है, जब पर्दे पर दिखाई जा रही कहानी किसी ऐसे व्यक्ति से इतनी करीब से जुड़ जाए कि दर्शक बिना नाम लिए भी उसे पहचान लें.
सलमान खान और फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लिगेसी’ से जुड़ा विवाद इसी मुश्किल कानूनी सवाल को सामने लाता है. फिल्म के टीजर को लेकर सलमान खान ने अपनी पहचान, छवि, प्रतिष्ठा और पर्सनैलिटी राइट्स से जुड़े सवाल उठाए. जुलाई 2026 में दिल्ली हाई कोर्ट ने फिल्म से जुड़े टीजर और कई ऑनलाइन लिंक हटाने का निर्देश दिया था. अदालत ने यह भी कहा था कि किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री के सार्वजनिक तौर पर उपलब्ध रहने का हर पल महत्वपूर्ण हो सकता है.
अब अक्टूबर 2026 में मामला फिर चर्चा में है. दिल्ली हाई कोर्ट ने फिल्म के निर्माता अमित जानी की उस अर्जी पर सलमान खान से जवाब मांगा है, जिसमें उन्होंने सलमान से जुड़े मुकदमे की कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग की है. यानी फिलहाल अदालत ने मामले का अंतिम फैसला नहीं दिया है.
लेकिन इस पूरे विवाद से एक बड़ा सवाल निकलता है अगर किसी फिल्म की कहानी किसी चर्चित व्यक्ति की जिंदगी या उससे जुड़ी सार्वजनिक घटना पर आधारित है, तो फिल्मकार को कितनी आजादी है? और वह सीमा कहां खत्म होती है, जहां से किसी व्यक्ति के निजी अधिकार शुरू हो जाते हैं?
इस मामले को केवल इस सवाल से समझना ठीक नहीं होगा कि फिल्म में सलमान खान का नाम लिया गया है या नहीं. कानूनी विवाद का एक अहम हिस्सा यह भी है कि क्या बिना नाम लिए किसी व्यक्ति को इतनी आसानी से पहचाने जाने लायक बनाया गया है कि दर्शक समझ जाएं कि कहानी किसके बारे में है.
दिल्ली हाई कोर्ट के 27 जुलाई 2026 के आदेश में सलमान की ओर से उठाई गई आपत्तियों का जिक्र है. याचिका में कहा गया कि टीजर में आरोपी किरदार का नाम अयान खान रखा गया, उसे दबंग कहा गया और सिकंदर जैसी चीजों के जरिए पहचान की ओर इशारा किया गया. टीजर में 1998 के काले हिरण मामले से जुड़े वास्तविक घटनाक्रम और जगहों का भी संदर्भ होने की बात अदालत के सामने रखी गई.
यही वजह है कि विवाद सिर्फ एक फिल्म की कहानी से आगे बढ़कर पहचान, प्रतिष्ठा और व्यावसायिक इस्तेमाल तक पहुंच गया.
आसान भाषा में समझें तो पर्सनैलिटी राइट्स का मतलब किसी व्यक्ति की उन पहचान योग्य खासियतों पर उसके अधिकार से है, जिनसे लोग उसे पहचानते हैं और जिनका कारोबारी इस्तेमाल भी किया जा सकता है.
इसमें सिर्फ नाम या फोटो ही नहीं आते. अदालतों के सामने नाम, तस्वीर, चेहरा, आवाज, किसी व्यक्ति की खास पहचान, सिग्नेचर, बोलने का अंदाज, हाव-भाव और दूसरी ऐसी खासियतें भी पर्सनैलिटी का हिस्सा मानी गई हैं, जिनसे कोई शख्स आसानी से पहचाना जा सकता है.
भारत में पर्सनैलिटी राइट्स के लिए कोई एक अलग और पूरी तरह तय कानून नहीं है. इससे जुड़े अधिकार प्राइवेसी, पहचान, गरिमा, प्रतिष्ठा और दूसरे कानूनी सिद्धांतों के साथ अदालतों के अलग-अलग फैसलों के जरिए विकसित हुए हैं. इसलिए हर मामले में अदालत उसके पूरे संदर्भ और तथ्यों को देखकर तय करती है कि किसी व्यक्ति की पहचान का इस्तेमाल रचनात्मक अभिव्यक्ति का हिस्सा है या फिर उसकी पहचान का बिना अनुमति कारोबारी इस्तेमाल किया जा रहा है. यहीं से फिल्म और पर्सनैलिटी राइट्स के बीच सबसे दिलचस्प टकराव शुरू होता है.
किसी फिल्म में किसी व्यक्ति का असली नाम नहीं लिया गया हो, फिर भी अगर किरदार की शक्ल, नाम, संवाद, घटनाएं, जगह, पहनावा या दूसरी पहचान योग्य चीजें इतनी स्पष्ट हों कि आम दर्शक उस व्यक्ति को पहचान ले, तो विवाद खड़ा हो सकता है.
‘काला हिरण’ मामले में भी यही दलील सामने आई. फिल्मकारों की ओर से यह तर्क दिया गया कि टीजर में सलमान खान का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया गया. दूसरी ओर, सलमान की ओर से कहा गया कि किरदार को पहचानने के लिए कई ऐसे संकेत इस्तेमाल किए गए हैं, जिनसे उसकी पहचान साफ हो जाती है. जुलाई के आदेश में टीजर की इन कथित समानताओं और संकेतों का विस्तार से उल्लेख हुआ है. कानून में केवल यह देखना पर्याप्त नहीं होता कि स्क्रीन पर नाम क्या लिखा है. पूरा चित्रण किसकी ओर इशारा करता है, यह भी महत्वपूर्ण हो सकता है.
यहीं सुप्रीम कोर्ट का R. Rajagopal बनाम तमिलनाडु फैसला बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है.1994 के इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सार्वजनिक रिकॉर्ड और किसी व्यक्ति की निजी जिंदगी के बीच अंतर पर विचार किया था. अदालत ने कहा था कि किसी व्यक्ति की जिंदगी से जुड़ी जानकारी अगर सार्वजनिक रिकॉर्ड, जिसमें कोर्ट रिकॉर्ड भी शामिल हैं, का हिस्सा बन चुकी है, तो उस जानकारी के आधार पर प्रकाशन करने के लिए हर स्थिति में उस व्यक्ति की पूर्व अनुमति जरूरी नहीं होती. लेकिन अगर कोई व्यक्ति सार्वजनिक रिकॉर्ड से आगे बढ़कर उसकी निजी जिंदगी की ऐसी बातें सामने लाता है जो सार्वजनिक नहीं थीं, तो निजता के अधिकार का सवाल उठ सकता है.
यानी सार्वजनिक रिकॉर्ड में मौजूद तथ्य अपने आप में किसी फिल्मकार को किसी व्यक्ति की पूरी जिंदगी पर मनमानी कहानी बनाने की खुली छूट नहीं देते. असली सवाल यह होगा कि कहानी किस सामग्री पर आधारित है और उसमें कितना हिस्सा सार्वजनिक जानकारी है तथा कितना रचनात्मक विस्तार या निजी जानकारी का इस्तेमाल.

इस पूरे विवाद को समझने के लिए सुप्रीम कोर्ट के R. Rajagopal बनाम तमिलनाडु मामले को देखना भी जरूरी है. तनुज दीक्षित, अधिवक्ता, सुप्रीम कोर्ट, के मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति से जुड़ी कोई जानकारी पहले से सार्वजनिक रिकॉर्ड में मौजूद है या सार्वजनिक मंचों पर उपलब्ध है, तो सिर्फ उस जानकारी को इस्तेमाल करने के लिए हर स्थिति में संबंधित व्यक्ति की अनुमति लेना जरूरी नहीं माना जाता.
सुप्रीम कोर्ट ने भी अपने 1994 के फैसले में कहा था कि किसी व्यक्ति की जिंदगी से जुड़ी जानकारी अगर सार्वजनिक रिकॉर्ड का हिस्सा है, तो उसे उसकी अनुमति के बिना प्रकाशित किया जा सकता है. हालांकि, सार्वजनिक रिकॉर्ड से आगे बढ़कर किसी व्यक्ति की निजी जिंदगी में प्रवेश किया जाता है, तो निजता के अधिकार का सवाल खड़ा हो सकता है.
‘काला हिरण’ मामले में भी असली सवाल इसी सीमा पर आकर टिकता है. अभी यह साफ तौर पर सामने नहीं आया है कि फिल्म में आखिर किन-किन पहलुओं को दिखाया गया है और उनमें कितना हिस्सा सार्वजनिक रिकॉर्ड या पहले से उपलब्ध जानकारी पर आधारित है. ऐसे में फिल्म की पूरी सामग्री सामने आने के बाद ही यह ज्यादा स्पष्ट होगा कि मामला कहां तक सार्वजनिक घटनाओं के चित्रण का है और कहां से किसी व्यक्ति की निजी जिंदगी में दखल का सवाल उठ सकता है.
दीक्षित के मुताबिक, अगर फिल्म में ऐसी व्यक्तिगत जानकारी या घटनाएं शामिल हैं जो सार्वजनिक रिकॉर्ड का हिस्सा नहीं हैं, तो फिल्मकारों के लिए मुश्किल बढ़ सकती है. वहीं, अगर फिल्म में मुख्य रूप से वही घटनाएं और तथ्य इस्तेमाल किए गए हैं जो पहले से सार्वजनिक तौर पर उपलब्ध हैं, तो फिल्मकारों के पास अपना पक्ष रखने का आधार मजबूत हो सकता है. लेकिन इसके बावजूद एक अलग सवाल पर्सनैलिटी राइट्स के व्यावसायिक इस्तेमाल का रहेगा.
यानि ‘काला हिरण’ मामले में सिर्फ यह देखना पर्याप्त नहीं होगा कि फिल्म में दिखाई गई घटना सार्वजनिक है या नहीं. यह भी देखा जाएगा कि सलमान खान की पहचान, छवि या उनकी खास पहचान वाली चीजों का इस्तेमाल फिल्म को व्यावसायिक फायदा पहुंचाने के लिए किस तरह किया गया है.
इसलिए इस मामले में सार्वजनिक घटना को फिल्म में दिखाने का अधिकार और किसी व्यक्ति की पहचान का व्यावसायिक इस्तेमाल, दोनों अलग-अलग कानूनी सवाल बन जाते हैं. फिल्म की पूरी सामग्री सामने आने के बाद ही यह तय करना संभव होगा कि इन दोनों के बीच की सीमा कहां पार हुई है.
हां. फिल्म रिलीज होने का इंतजार करना जरूरी नहीं कि कानूनी विवाद भी रिलीज के बाद ही शुरू हो. ‘काला हिरण’ मामले में विवाद फिल्म की पूरी कहानी से पहले उसके टीजर और प्रचार सामग्री को लेकर सामने आया. दिल्ली हाई कोर्ट ने जुलाई 2026 में टीजर से जुड़े ऑनलाइन लिंक हटाने का निर्देश दिया था. अदालत के सामने यह भी आया कि प्रचार सामग्री सलमान खान और 1998 के काले हिरण मामले के बीच संबंध स्थापित करती हुई दिखाई देती है.
इसका मतलब यह है कि फिल्म का टीजर, पोस्टर, सोशल मीडिया पोस्ट, इंटरव्यू और दूसरी प्रचार सामग्री भी अलग कानूनी सवाल पैदा कर सकती है. खास तौर पर तब, जब प्रचार सामग्री किसी चर्चित व्यक्ति की पहचान को फिल्म के व्यावसायिक आकर्षण के तौर पर इस्तेमाल करती हुई नजर आए. यही वजह है कि फिल्मकारों के लिए केवल फिल्म की अंतिम कहानी ही नहीं, उसके प्रचार का तरीका भी महत्वपूर्ण हो जाता है.
अक्सर फिल्मों में लिखा होता है कि कहानी काल्पनिक है और किसी जीवित या मृत व्यक्ति से इसका संबंध महज संयोग है. लेकिन ऐसा डिस्क्लेमर हर विवाद का अपने आप समाधान नहीं है.
अगर फिल्म के दृश्य, किरदार, घटनाएं और प्रचार सामग्री किसी वास्तविक व्यक्ति की पहचान की ओर बहुत साफ इशारा कर रहे हों, तो सिर्फ एक लाइन का डिस्क्लेमर अदालत के सामने अंतिम बचाव नहीं बन जाता. अदालत पूरे मामले को देख सकती है- कहानी क्या दिखाती है, व्यक्ति कितना आसानी से पहचाना जा सकता है, क्या सामग्री सार्वजनिक रिकॉर्ड से ली गई है, क्या कोई निजी जानकारी जोड़ी गई है और क्या किसी की पहचान का कारोबारी फायदा उठाया गया है इसलिए डिस्क्लेमर एक सावधानी हो सकता है, लेकिन कानूनी सुरक्षा की गारंटी नहीं.
इस पूरे विषय को समझने के लिए अनिल कपूर बनाम सिम्पली लाइफ इंडिया मामला भी महत्वपूर्ण है. 2023 में दिल्ली हाई कोर्ट ने अनिल कपूर की याचिका पर उनके नाम, तस्वीर, आवाज, चेहरा, बोलने के अंदाज, हाव-भाव और उनकी पहचान से जुड़ी दूसरी खासियतों के गलत इस्तेमाल से सुरक्षा दी थी. मामला ऐसे इस्तेमाल से जुड़ा था जिसमें उनकी पहचान का कारोबारी फायदा उठाने की कोशिश का आरोप था. अदालत ने कहा था कि किसी चर्चित व्यक्ति के बारे में खबर, वास्तविक आलोचना, व्यंग्य या पैरोडी जैसी अभिव्यक्तियां अपने आप गैरकानूनी नहीं हो जातीं, लेकिन जब इस्तेमाल उस सीमा को पार कर किसी व्यक्ति की पहचान और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने लगे, तो कानूनी संरक्षण का सवाल उठ सकता है.
इस फैसले की खास बात यह है कि अदालत ने पर्सनैलिटी को सिर्फ चेहरे तक सीमित नहीं माना. किसी व्यक्ति की आवाज, पहचान, बोलने का खास अंदाज या दूसरे पहचाने जाने वाले गुण भी विवाद का हिस्सा बन सकते हैं. यही बात ‘काला हिरण’ जैसे मामले में भी महत्वपूर्ण हो जाती है, जहां सवाल केवल नाम लेने का नहीं, बल्कि पहचान योग्य संकेतों के इस्तेमाल का है.
साल 2021 के कृष्ण किशोर सिंह बनाम सरला ए सराओगी मामले में भी दिल्ली हाई कोर्ट के सामने सुशांत सिंह राजपूत की जिंदगी पर आधारित प्रस्तावित फिल्म को लेकर इसी तरह के सवाल आए थे.
इस मामले में अदालत ने यह महत्वपूर्ण बात देखी कि किसी व्यक्ति की जिंदगी से जुड़े ऐतिहासिक, जीवनी संबंधी या समाचार में आ चुके तथ्य अपने आप किसी व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं बन जाते. सार्वजनिक रूप से उपलब्ध तथ्यों और किसी व्यक्ति की पहचान या निजी अधिकारों के बीच अंतर करना जरूरी है.
इससे एक अहम सिद्धांत सामने आता है कि किसी व्यक्ति की जिंदगी की घटना और उस घटना को बताने का तरीका, दोनों हमेशा एक ही चीज नहीं होते. एक फिल्मकार किसी सार्वजनिक घटना को अपनी रचनात्मक शैली में दिखा सकता है, लेकिन इससे यह जरूरी नहीं हो जाता कि वह किसी व्यक्ति की हर निजी जानकारी, पहचान या छवि का मनमाना इस्तेमाल भी कर सकता है.

अब इस बहस का अगला और ज्यादा आधुनिक पहलू AI है. आज किसी व्यक्ति की तस्वीर, आवाज या चेहरा लेकर ऐसा वीडियो तैयार किया जा सकता है, जिसमें वह व्यक्ति कुछ ऐसा करता या कहता हुआ दिखाई दे जो उसने असल में कभी किया ही नहीं. यही डीपफेक की सबसे बड़ी चुनौती है.
भारत में अभी पर्सनैलिटी राइट्स या डीपफेक के लिए एक अकेला, व्यापक कानून नहीं है. हालांकि सरकार ने 2026 में मौजूदा IT कानूनों और नियमों के जरिए AI से बने गलत या भ्रामक कंटेंट को नियंत्रित करने और प्लेटफॉर्म की जवाबदेही बढ़ाने के लिए व्यवस्था मजबूत की है. इनमें पहचान की चोरी, किसी और बनकर धोखा देना, प्राइवेसी का उल्लंघन और गैरकानूनी ऑनलाइन सामग्री से जुड़े प्रावधान शामिल हैं.
तनुज दीक्षित, अधिवक्ता, सुप्रीम कोर्ट, के मुताबिक, AI और डीपफेक से जुड़े मामलों के लिए भारत में अभी ऐसा अलग और व्यापक कानून नहीं है जो इस पूरी समस्या को एक जगह स्पष्ट रूप से नियंत्रित करता हो. ऐसे मामलों में मौजूदा कानूनी प्रावधानों और अदालतों के फैसलों के सहारे राहत मांगी जाती है. आने वाले समय में AI के जरिए किसी व्यक्ति की आवाज, चेहरा या पहचान के इस्तेमाल के मामले बढ़ने के साथ ज्यादा स्पष्ट कानूनी ढांचे की जरूरत और बढ़ सकती है.
हाल के मामलों से भी साफ है कि अदालतें इस चुनौती को गंभीरता से ले रही हैं. 2026 में प्रीति जिंटा और श्रुति हासन समेत कई मामलों में AI से बदली या नकली सामग्री को लेकर अदालतों ने पर्सनैलिटी और प्राइवेसी से जुड़े अधिकारों पर विचार किया है.
दिलचस्प बात यह है कि 2023 के अनिल कपूर मामले में भी दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश में AI, मशीन लर्निंग, डीपफेक और फेस मॉर्फिंग के जरिए उनकी पहचान के गलत व्यावसायिक इस्तेमाल को लेकर रोक का उल्लेख किया गया था. यानी यह समस्या अचानक पैदा नहीं हुई, लेकिन AI ने इसकी रफ्तार और पहुंच बहुत बढ़ा दी है.
नहीं. यही इस पूरे कानून की सबसे महत्वपूर्ण बारीकी है. किसी सार्वजनिक व्यक्ति के जीवन से जुड़ी हर कहानी पर उसका नियंत्रण नहीं हो जाता. पत्रकारिता, समाचार, आलोचना, व्यंग्य, पैरोडी और सार्वजनिक रिकॉर्ड में मौजूद तथ्यों का इस्तेमाल अभिव्यक्ति की आजादी से जुड़ा है. अदालतों ने भी कई मामलों में यह संतुलन बनाए रखने की कोशिश की है.
लेकिन दूसरी तरफ किसी व्यक्ति की निजी जिंदगी में बिना आधार के प्रवेश करना, उसकी पहचान का गलत कारोबारी इस्तेमाल करना या ऐसी सामग्री दिखाना जिससे उसकी प्रतिष्ठा और पहचान को नुकसान पहुंच सकता है, अलग कानूनी सवाल पैदा कर सकता है. किसी व्यक्ति की जिंदगी कहानी का विषय हो सकती है, लेकिन उसकी पहचान हर तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए खुली छूट नहीं बन जाती.
‘काला हिरण’ विवाद का सबसे दिलचस्प पहलू यही है कि इसमें फिल्म बनाने की आजादी और किसी व्यक्ति के अधिकार दोनों आमने-सामने दिखाई देते हैं.
एक तरफ सार्वजनिक घटनाएं समाज की सामूहिक स्मृति का हिस्सा बन जाती हैं. उन पर खबरें लिखी जाती हैं, किताबें आती हैं, फिल्में और सीरीज बनती हैं. दूसरी तरफ किसी व्यक्ति की पहचान, निजी जिंदगी, प्रतिष्ठा और व्यावसायिक छवि भी कानून के संरक्षण से पूरी तरह बाहर नहीं हैं.
R. Rajagopal का फैसला बताता है कि सार्वजनिक रिकॉर्ड में आ चुकी जानकारी और निजी जीवन के बीच फर्क करना जरूरी है. अनिल कपूर केस दिखाता है कि किसी व्यक्ति की पहचान और उससे जुड़े खास गुणों का कारोबारी इस्तेमाल कानूनी सवाल खड़ा कर सकता है. वहीं सुशांत सिंह राजपूत से जुड़े मामले ने यह सवाल उठाया कि किसी व्यक्ति की जिंदगी की घटनाओं और उन पर किसी के विशेष अधिकार के बीच सीमा कहां खींची जाए और ‘काला हिरण’ विवाद इसी पूरी बहस को आज के समय में फिर सामने ला रहा है.
आखिरकार अदालत को यह देखना होगा कि फिल्म में क्या दिखाया गया है, वह सामग्री कहां से आई है, उसमें कितना हिस्सा सार्वजनिक रिकॉर्ड का है, क्या किसी की निजी जिंदगी में प्रवेश हुआ है और क्या किसी पहचान योग्य व्यक्ति की छवि या पहचान का इस्तेमाल फिल्म के व्यावसायिक प्रचार के लिए इस तरह किया गया है कि उसके अधिकार प्रभावित हों.
सवाल सिर्फ यह नहीं है कि “किसी की जिंदगी पर फिल्म बनाने की इजाजत है या नहीं?” असली सवाल इससे कहीं ज्यादा पेचीदा है- “किसकी कहानी, कितनी सार्वजनिक है और उस कहानी को पर्दे पर उतारते वक्त किसी व्यक्ति के अधिकारों की सीमा कहां से शुरू होती है?”