एंटरटेनमेंट
पंचायत एक्टर Aasif Khan को लेकर खबर आई थी कि उन्हें हार्ट अटैक आया है. अब एक्टर ने खुद बता दिया है कि किस बीमारी के कारण वो अस्पताल में भर्ती हुए थे.
पंचायत एक्टर आसिफ खान बीते दिनों अपनी हेल्थ को लेकर चर्चा में थे. खबरों में कहा गया कि उन्हें हाल ही में दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस खबर ने फैंस को चिंता में डाल दिया था. अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और उनकी हालत में सुधार हो रहा है. वहीं एक्टर ने फैंस को खुद बताया है कि उनकी हालत उतनी गंभीर नहीं है जितनी शुरुआत में बताई गई थी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें दिल का दौरा नहीं पड़ा.
34 साल के एक्टर आसिफ खान ने हाल ही में बताया कि उनके लक्षण दिल के दौरे जैसे ही थे, लेकिन वास्तव में पाचन संबंधी समस्या के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था. टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत के दौरान, आसिफ ने बताया कि उन्हें गैस्ट्रोइसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज (जीईआरडी) का पता चला है. उन्होंने कहा कि अब वो काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं और ठीक होने की राह पर हैं.
आसिफ ने कहा 'सबसे पहले, मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि यह दिल का दौरा नहीं था. यह गैस्ट्रोइसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज थी. लक्षण दिल के दौरे जैसे लग रहे थे, लेकिन मैं पूरी तरह से स्वस्थ हूं.'
ये भी पढ़ें: जब Panchayat के इस एक्टर ने धोए थे Kareena और Saif की शादी में बर्तन, रुला देगी स्ट्रगल की कहानी
अस्पताल में भर्ती होने के बाद आसिफ ने खुद सोशल मीडिया पर अपनी हेल्थ अपडेट शेयर की थी. उन्होंने इंस्टाग्राम पर अस्पताल से एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा 'पिछले 36 घंटे ने मुझे जिंदगी की अहमियत समझा दी है. हम अक्सर जीवन को हल्के में ले लेते हैं, लेकिन एक पल में ही सबकुछ बदल सकता है. इसीलिए जो भी हमारे पास है, उसके लिए हमें आभार जताना चाहिए.'
आसिफ कई फिल्मों और सीरीज में नजर आ चुके हैं. उन्हें ज्यादा पॉपुलैरिटी अमेजन प्राइम वीडियो की सीरीज पंचायत के बाद मिली थी. वो सीरीज में फुलेरा गांव के दामाद के किरदार में नजर आए थे जिसे लोगों ने काफी पसंद किया.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.