Advertisement
हिंदी न्यूज़एंटरटेनमेंट

सलमान के 'भाऊ', SRK के 'हीरो'... CM फडणवीस ने उठाया कॉफिन, नानाची वाड़ी में बेटे मल्हार ने 'क्रांतिवीर' को यूं दी अंतिम विदाई

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का 8 अक्टूबर को निधन हो गया, वह 75 साल के थे. नाना के पैतृक गांव डोंजे में उनका अंतिम संस्कार किया गया.

Latest News
सलमान के 'भाऊ', SRK के 'हीरो'... CM फडणवीस ने उठाया कॉफिन, नानाची वाड़ी में बेटे मल्हार ने 'क्रांतिवीर' को यूं दी अंतिम विदाई

कई बड़े नेता, अभिनेता नाना पाटेकर को अंतिम विदाई देने पहुंचे (Image- IANS)

Add DNA as a Preferred Source

'आ गए मेरी मौत का तमाशा देखने...' 1994 में आई फिल्म क्रांतिवीर में नाना पाटेकर का ये डायलॉग सबसे यादगार डायलॉग्स में से एक बन गया. आज गुरुवार को जब वे दुनिया से विदा हुए तो उनके फैन्स और चाहने वालों को उनके कहे ये डायलॉग याद आए. देर रात को पुणे में नाना के पैतृक गांव डोंजे में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया. 

'क्रांतिवीर' को अंतिम विदाई

नाना पाटेकर को अंतिम विदाई देने के लिए लोगों को हुजूम उमड़ पड़ा. क्या नेता और क्या अभिनेता, हर किसी की आंखें नम थी और अपने चहेते सितारे को याद कर रही थीं. हर किसी ने अपने-अपने तरीके से नाना को विदाई दी. बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने नाना को याद करते हुए 'भाऊ' कहा, तो शाहरुख खान ने 'हीरो' बताया, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नाना का कॉफिन उठाया और बेटे मल्हार पाटेकर ने उनके फार्महाउस नानाची वाड़ी में उन्हें मुखाग्नि दी.  

nana patekarनाना पाटेकर के अंतिम दर्शन करते हुए उनके बेटे मल्हार पाटेकर और अन्य लोग (Image- IANS)
 

सलमान खान ने 'भाऊ' को किया याद

सलमान खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर नाना पाटेकर की एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, "नाना, आत्मा को शांति मिले भाऊ." शाहरुख खान ने नाना पाटेकर के लिए एक बेहद इमोशनल और दिल को छू लेने वाला पोस्ट शेयर किया.  

nana patekar

शाहरुख खान ने शेयर किया नाना से जुड़ा खास किस्सा

शाहरुख खान ने पोस्ट लिखा, 'जब मैं उनसे पहली बार मिला, तो घबराहट और झिझक की वजह से मैं अपने बाल ठीक करने लगा. उन्होंने मेरा हाथ झटक दिया और कहा, 'हीरो की तरह बाल मत बना. तू एक्टर है. वह चापलूसी नहीं करते थे. वह वही नहीं कहते थे जो आप सुनना चाहते थे, बल्कि वही कहते थे जो आपके लिए सुनना जरूरी था. नाना ऐसे ही थे. साफ-सुथरी बात करने वाले. थोड़े सख्त, ईमानदार और उनकी मुस्कान बहुत प्यारी थी.'  

 

'बहुत जल्दी चले गए मेरे हीरो एक्टर'

शाहरुख खान ने आगे लिखा, "नाना, आपकी आत्मा को शांति मिले और अल्लाह आप पर अपनी कृपा बनाए रखे. स्वर्ग भी धन्य हो जाएगा जब आप वहां पहुंचेंगे. एक बेहतरीन एक्टर और एक अजेय कैरम चैंपियन. आपसे बहुत प्यार करता हूं. बहुत जल्दी चले गए मेरे हीरो एक्टर.'  

nana patekar

मुख्यमंत्री फडणवीस ने उठाया कॉफिन

नाना को अंतिम विदाई देने के लिए महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस भी पहुंचे. जिनका एक भावुक वीडियो भी सामने आया. इसमें वह नाना पाटेकर के कॉफिन को उठाकर एंबुलेंस तक पहुंचाने में मदद करते नजर आए. सामने आई तस्वीरों और वीडियो में आसपास का माहौल बेहद भावुक दिखाई दिया. मुख्यमंत्री फडणवीस ने नाना पाटेकर की पत्नी और बेटे को भी ढांढस बंधाया. 

मुख्यमंत्री फडणवीस ने नाना को याद करते हुए एक्स पर लिखा, "वरिष्ठ अभिनेता और मेरे स्नेही मित्र एवं मार्गदर्शक नाना पाटेकर जी के पार्थिव शरीर को आज पुणे में अंतिम दर्शन के लिए स्वीकार किया. राज्य सरकार की ओर से उन्हें इस अवसर पर राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की गई."  

 

'श्रद्धांजलि अर्पित करते समय मन भर आया'

देवेंद्र फडणवीस ने लिखा, "उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर पुष्पचक्र अर्पित किया और भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी. इस अवसर पर उनके परिवारजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी. एक प्रतिभाशाली कलाकार को अंतिम विदाई देते हुए और श्रद्धांजलि अर्पित करते समय मन भर आया, ॐ शांति."  

 

अंतिम विदाई में पहुंचे कई बड़े नाम

दिग्गज अभिनेता को अंतिम श्रद्धांजलि देने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे भी डोंजे पहुंचे. अभिनेता जैकी श्रॉफ भी अपने साथी कलाकार को आखिरी विदाई देने गांव पहुंचे. उनके अलावा केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल भी नाना पाटेकर के अंतिम संस्कार में शामिल हुए.

 

मशहूर गायक सुरेश वाडकर भी नाना को श्रद्धांजलि देने पुणे पहुंचे. सुरेश वाडकर ने नाना पाटेकर को याद करते हुए कहा कि वह उनके लिए बड़े भाई जैसे थे और बहुत अच्छे दोस्त भी थे. उन्होंने कहा कि नाना हमेशा उनके साथ खड़े रहे और उनका समर्थन किया. 

 

'करीब एक हफ्ते पहले हुई थी आखिरी मुलाकात'

महाराष्ट्र FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने भी नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि नाना उनके बहुत करीबी दोस्त थे और दोनों अक्सर बातचीत करते थे. नाना पाटेकर से आखिरी बातचीत करीब एक हफ्ते पहले हुई थी. उस बातचीत में भी नाना हमेशा की तरह बेहद अच्छे और अपनापन रखने वाले थे. उन्होंने उनके परिवार और बच्चों के बारे में पूछा था. मुंढे ने कहा कि नाना हर किसी से प्यार करते थे और वह हमेशा उनके साथ रहेंगे.  

 

'नाना पाटेकर की जगह कोई नहीं ले सकता'

अभिनेत्री और बीजेपी सांसद हेमा मालिनी ने भी नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि देश ने एक बहुत बड़े अभिनेता को खो दिया है. बहुत से कलाकार आएंगे, लेकिन नाना पाटेकर की जगह कोई नहीं ले सकता. 

 

'हर किसी से मिलते थे बेहद अपनापन रखते हुए'

शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि यह खबर बेहद अप्रत्याशित और दर्द देने वाली है. उद्धव ठाकरे ने कहा कि नाना हर किसी से बेहद अपनापन रखते हुए मिलते थे. वह उनके पिता और उनसे भी इसी तरह मिला करते थे. उन्होंने कहा कि नाना के निधन की खबर से वह सदमे में हैं. 

 

शिवसेना (UBT) सांसद अनिल देसाई ने भी नाना के निधन को फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ पूरे महाराष्ट्र और देश के लिए बड़ा झटका बताया. उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर ने एक अभिनेता के तौर पर ही नहीं, बल्कि एक अच्छे इंसान के तौर पर भी अपनी अलग पहचान बनाई थी. वह बेहद संवेदनशील इंसान थे और उनका जाना समाज, फिल्म इंडस्ट्री और सभी के लिए बड़ा नुकसान है. 

 

अन्‍नू कपूर और ममता बनर्जी ने भी जताया दुख

अभिनेता अन्नू कपूर ने नाना पाटेकर के निधन पर कहा कि वह इस खबर से बेहद दुखी और टूटे हुए हैं. उन्होंने कहा कि नाना का जाना फिल्म और कला जगत के लिए बड़ा नुकसान है और उनके लिए यह निजी तौर पर भी बहुत बड़ी क्षति है, क्योंकि वह उन्हें जानते थे. 

 

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी नाना पाटेकर को याद किया. उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर देश के लिए बड़े सम्मान की बात थे. उन्होंने अपने काम के जरिए बहुत कुछ दिया और वह लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय रहे. उनकी रचनात्मकता, फिल्में, गाने और अभिनय हमेशा याद किए जाएंगे. 

 

विश्वनाथ पाटेकर से बने नाना पाटेकर

नाना पाटेकर का असली नाम विश्वनाथ पाटेकर था. सिनेमा की दुनिया उन्हें नाना पाटेकर के नाम से जानती थी. वह हिंदी और मराठी सिनेमा के सबसे चर्चित और दिग्गज कलाकारों में शामिल रहे. उनका जन्म 1 जनवरी 1951 को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के मुरुड-जंजीरा में हुआ था. उन्हें आखिरी बार शाहिद कपूर के साथ फिल्म ‘ओ रोमियो’ में पर्दे पर देखा गया था. 

 

नाना पाटेकर सिर्फ अभिनेता ही नहीं थे. उन्होंने फिल्म निर्माता, निर्देशक और लेखक के तौर पर भी काम किया. साल 1978 में आई फिल्म ‘गमन’ से उन्होंने हिंदी सिनेमा में कदम रखा. इसी दौर में वह मराठी फिल्मों में भी काम कर रहे थे. इसके बाद 1988 में मीरा नायर की फिल्म ‘सलाम बॉम्बे!’ और 1989 में रिलीज हुई ‘परिंदा’ ने उन्हें बड़ी पहचान दिलाई. ‘परिंदा’ में गैंगस्टर का किरदार निभाकर उन्होंने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी. इस भूमिका के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला.

नाना पाटेकर का जाना सिनेमा की दुनिया के लिए एक ऐसी कमी है, जिसे भरना आसान नहीं होगा. अभिनय का उनका अपना अलग अंदाज था और पर्दे पर उनके किरदार लंबे समय तक लोगों के जेहन में बने रहे. उनके निधन से उनके चाहने वालों, दोस्तों, साथी कलाकारों और फिल्म जगत ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया, जिसने अपनी मेहनत और अभिनय से अपनी अलग पहचान बनाई थी.
 

ये भी पढ़ें- नाना पाटेकर की फैमिली: बेटे की मौत ने बना दिया था चेन स्मोकर, पत्नी से रहते थे अलग, दाऊद का दुश्मन था ममेरा भाई

 

Advertisement
Advertisement

Advertisement