एंटरटेनमेंट
Kishore Kumar death anniversary: 13 अक्टूबर 1987 को किशोर कुमार के निधन से महज़ 18 घंटे पहले महबूब स्टूडियो में क्या हुआ था? आज उनकी पुण्यतिथि पर जानिए बप्पी लहरी की जुबानी किशोर दा की आखिरी रिकॉर्डिंग और उनके वो शब्द, जो आज भी सबको सन्न कर देते हैं.
Kishore Kumar death anniversary: भारतीय सिनेमा और संगीत के इतिहास में कुछ तारीखें ऐसी होती हैं, जो समय के साथ धुंधली नहीं पड़तीं, बल्कि और भी गहरी हो जाती हैं. 13 अक्टूबर का दिन भी एक ऐसी ही तारीख है. आज ही के दिन संगीत की दुनिया का वो नायाब हीरा, जिनकी आवाज में दर्द, खुशी, मोहब्बत और पागलपन सब कुछ एक साथ बहता था यानि के किशोर कुमार दुनिया को अलविदा कह गए थे. आज उनकी पुण्यतिथि पर हर संगीत प्रेमी उन्हें नम आंखों से याद कर रहा है.
12 अक्टूबर 1987 की वो शाम, यानी उनके निधन से महज़ 18 घंटे पहले, मुंबई का मशहूर महबूब स्टूडियो हमेशा की तरह गुलजार था. लाइटें चमक रही थीं, रिकॉर्डिंग कंसोल के पास टेकनीशियन्स अपनी धुन में व्यस्त थे और हवा में संगीत की मिठास घुली हुई थी. उस शाम स्टूडियो के अंदर जो कुछ हुआ, वह महज़ एक गाने की रिकॉर्डिंग नहीं थी, बल्कि भारतीय संगीत जगत के एक महान युग का वह आखिरी अध्याय था, जिसके अंत की भनक खुद उस फनकार को हो चुकी थी.
यह कहानी है सदी के महान गायक, अभिनेता, कंपोजर और एक जिंदादिल इंसान किशोर कुमार की और उनके उस आखिरी किस्से की, जिसे उनके भांजे और दिग्गज संगीतकार बप्पी लहरी ने नम आंखों से दुनिया के साथ साझा किया था.
12 अक्टूबर 1987 को मुंबई के महबूब स्टूडियो में फिल्म 'वक़्त की आवाज़' के एक बेहद एनर्जेटिक गाने की रिकॉर्डिंग चल रही थी. गाने के बोल थे "गुरु ओ गुरु... आ जाओ गुरु". इस गाने को सदाबहार गायक किशोर कुमार और मशहूर गायिका आशा भोसले अपनी आवाज से सजा रहे थे, जबकि इसके संगीतकार बप्पी लहरी थे.
बप्पी लहरी ने अपने एक साक्षात्कार में उस शाम को याद करते हुए बताया था कि किशोर दा जब भी स्टूडियो में आते थे, वहां का माहौल अपने आप खुशनुमा हो जाता था. उस दिन भी कुछ ऐसा ही था. रिकॉर्डिंग शुरू होने से पहले और बीच के ब्रेक्स में किशोर कुमार अपने अनोखे और बिंदास अंदाज में नजर आए. उन्होंने स्टूडियो में मौजूद हर एक शख्स,म्यूज़िशियंस, साउंड इंजीनियर और खुद बप्पी दा को अपने चुटकुलों और बेबाक हरकतों से इतना हंसाया कि लोग हंसते-हंसते लोटपोट हो गए.
किसी के भी वहम-ओ-गुमान में दूर-दूर तक यह खयाल नहीं था कि जिस शख्स की हंसी और आवाज से पूरा स्टूडियो गूंज रहा है, वह महज़ कुछ ही घंटों का मेहमान है और यह इस महान फनकार की जिंदगी की आखिरी रिकॉर्डिंग साबित होने वाली है.
शाम ढल चुकी थी और रिकॉर्डिंग का काम सफलतापूर्वक पूरा हो चुका था. सभी लोग अपने-अपने घर जाने की तैयारी कर रहे थे. किशोर कुमार ने अपना सामान समेटा और स्टूडियो के दरवाजे की तरफ बढ़ने लगे. तभी उन्होंने पीछे मुड़कर अपने भांजे और संगीतकार बप्पी लहरी को देखा.
बप्पी दा के मुताबिक, किशोर दा ने उन्हें अपने पास बुलाया. उनका चेहरा उस वक्त काफी शांत और गंभीर था. किशोर कुमार ने आगे बढ़कर बप्पी लहरी के कंधे पर हाथ रखा, उनके बेहद करीब आए और उनके कान में फुसफुसाते हुए एक ऐसी बात कही, जिसे याद करके आज भी संगीत प्रेमियों की रूह कांप जाती है.
किशोर दा ने बप्पी दा से कहा था: "बप्पी, आज तो मैंने सबको बहुत हंसाया है... लेकिन देखना, जब मैं नहीं रहूंगा ना, तब तुम अपने इस किशोर मामा को बहुत याद करोगे"
शुरुआत में बप्पी लहरी को लगा कि यह हमेशा की तरह किशोर दा का कोई नया मजाक या कोई नाटकीय ड्रामेटिक अंदाज है. किशोर कुमार अपनी जिंदादिली और सनकी अंदाज के लिए जाने जाते थे, वे अक्सर ऐसी बातें बोलकर लोगों को चौंका देते थे. यही सोचकर बप्पी लहरी ने भी इस बात को गंभीरता से नहीं लिया, मुस्कुराए और किशोर दा को अलविदा कह दिया. कौन जानता था कि वह हल्की सी मुस्कान और वह वाक्य कोई मज़ाक नहीं, बल्कि कुदरत का लिखा हुआ एक अटल सच था.
अगला दिन यानी 13 अक्टूबर 1987... सूरज हमेशा की तरह निकला, लेकिन मुंबई के जुहू स्थित किशोर कुमार के बंगले पर कुछ ही घंटों में मातम पसरने वाला था. दोपहर के करीब 4:30 बज रहे थे, अचानक देश भर में यह खबर जंगल की आग की तरह फैल गई कि भारत के महान गायक किशोर कुमार का दिल का दौरा पड़ने से आकस्मिक निधन हो गया है. इस खबर ने पूरे देश को सन्न कर दिया. किसी को यकीन ही नहीं हो रहा था कि जिस शख्स ने कल ही अपनी आवाज से महबूब स्टूडियो को जीवंत कर दिया था, वह इतनी जल्दी इस दुनिया को अलविदा कह देगा.
जब ये दुखद समाचार बप्पी लहरी तक पहुंचा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. वे सुन्न होकर एक जगह खड़े रह गए. उनकी आंखों से आंसुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. ठीक एक रात पहले महबूब स्टूडियो में किशोर दा कही गई वे बातें..."जब मैं नहीं रहूंगा, तब याद करोगे" एक बिजली की तरह बप्पी दा के दिमाग में कौंध गईं. उन्हें अहसास हुआ कि उनके मामा कोई आम मज़ाक नहीं कर रहे थे, बल्कि उन्हें अपनी विदाई का पूर्वाभास हो चुका था.
4 अगस्त 1929 को मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में जन्मे आभास कुमार गांगुली (किशोर कुमार) का संगीत का सफर किसी चमत्कार से कम नहीं था. उनके बड़े भाई अशोक कुमार उस दौर में बॉलीवुड के बहुत बड़े स्टार थे.भाई की वजह से किशोर दा का मुंबई आना तो हो गया, लेकिन वे कभी भी बंधे-बंधाए ढर्रे पर नहीं चले.
कमाल की बात है कि किशोर कुमार ने कभी संगीत की कोई औपचारिक या शास्त्रीय शिक्षा नहीं ली थी. फिर भी, ऑस्ट्रियाई लोक संगीत 'योडलिंग' (Yodeling) को हिंदी सिनेमा में लाकर लोकप्रिय बनाने का श्रेय उन्हीं को जाता है. "ज़िंदगी एक सफ़र है सुहाना" से लेकर "चला जाता हूँ किसी की धुन में" तक, उनकी योडलिंग ने भारतीय संगीत को एक नया आयाम दिया.
वे जितने बड़े गायक थे, उतने ही बेहतरीन अभिनेता, निर्देशक, पटकथा लेखक और निर्माता भी थे. फिल्म 'दूर गगन की छांव में' और 'चलती का नाम गाड़ी' जैसी फिल्मों ने यह साबित कर दिया कि किशोर कुमार सिर्फ गानों के नहीं, बल्कि सिनेमा के हर पहलू के उस्ताद थे.
मुंबई की चकाचौंध और अपार शोहरत मिलने के बावजूद किशोर कुमार का दिल हमेशा अपनी जन्मभूमि खंडवा में ही बसता था. वे अक्सर कहा करते थे "दूध-जलेबी खाएंगे, खंडवा में बस जाएंगे" वे मुंबई के ग्लैमरस जीवन से दूर खंडवा लौटकर खेती करना चाहते थे और वहां सुकून से अपनी बाकी जिंदगी बिताना चाहते थे लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था.
किशोर कुमार का जाना भारतीय संगीत उद्योग के लिए एक ऐसा शून्य छोड़ गया, जिसे आज तक कोई नहीं भर पाया. वे जितने चंचल पर्दे पर नजर आते थे, असल जिंदगी में उतने ही अंतर्मुखी और अपने उसूलों के पक्के थे.
13 अक्टूबर 1987 को भले ही किशोर कुमार ने इस भौतिक दुनिया को अलविदा कह दिया हो, लेकिन उनकी आखिरी रात का वह किस्सा और बप्पी लहरी के कान में कही गई वे बातें आज भी इस बात की गवाही देती हैं कि एक महान कलाकार अपनी अंतिम घड़ी की आहट को कितनी गहराई से महसूस कर सकता था. आज उनकी पुण्यतिथि पर जब-जब उनके सदाबहार गाने रेडियो या फोन पर बजते हैं, तो हर संगीत प्रेमी अनजाने ही कह उठता है. "किशोर दा, हम आपको सचमुच बहुत याद करते हैं!"