एंटरटेनमेंट
Guru Randhawa Gym Firing: सिंगर गुरु रंधावा के जिम पर हुई फायरिंग के मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बड़ा दावा सामने आया है. क्या सलमान खान से कनेक्शन ही इस हमले की वजह है? जानें पूरी सच्चाई और लेटेस्ट अपडेट.
Guru Randhawa Gym Firing: राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. मशहूर पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा के नाम से जुड़ी एक फिटनेस जिम पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की है. इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस हमले की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है, जिसने इसे केवल एक 'ट्रेलर' करार दिया है.
पुलिस के अनुसार, तड़के सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने फिटनेस जिम को निशाना बनाया. चश्मदीदों के मुताबिक, बदमाशों ने अपने चेहरे ढके हुए थे और जिम के कांच के दरवाजों पर दनादन कई राउंड गोलियां बरसा दीं. गनीमत रही कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, क्योंकि उस समय जिम के अंदर स्टाफ या सदस्य नहीं थे. लेकिन, इस घटना ने दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
हमले के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर सनसनी फैल गई. लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर अनिल पंडित के नाम से एक सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो क्लिप वायरल हो रही है. गैंगस्टर ने दावा किया है कि गुरु रंधावा के बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के साथ करीबी संबंध हैं, और यह हमला इसी का नतीजा है. सोशल मीडिया पर जारी धमकी में साफ तौर पर कहा गया है कि यह फायरिंग सिर्फ एक 'ट्रेलर' है. इस दावे ने मनोरंजन जगत और फैंस के बीच चिंता की लहर पैदा कर दी है.
घटना के बाद से सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह जिम सीधे तौर पर गुरु रंधावा का है? पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, यह जिम सिंगर के मालिकाना हक का नहीं है, बल्कि उनके ब्रांड की एक 'फ्रेंचाइजी' है. जांच एजेंसियां अब इस पहलू पर भी काम कर रही हैं कि क्या वाकई यह हमला बिश्नोई गैंग ने किया है या फिर किसी ने गैंग का नाम इस्तेमाल कर जबरन वसूली या दहशत फैलाने की कोशिश की है.
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम और स्पेशल सेल घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने जिम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज सुरक्षित कर लिए हैं और वायरल हो रहे धमकी भरे संदेशों की तकनीकी जांच शुरू कर दी है. दिल्ली पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल, इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और एहतियातन गश्त तेज कर दी गई है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से