एंटरटेनमेंट
12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया फ्लाइट क्रैश हुई थी, जिसमें कई लोगों ने अपनी जान गंवाई. वहीं, अब फिल्ममेकर महेश जीरावला (mahesh jirawala) के लापता होने की भी खबर सामने आई है, जो कि घटना से 700 मीटर की दूरी पर थे.
12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया फ्लाइट क्रैश हुई थी. इस फ्लाइट में 242 लोग सवार थे, जिसमें से 241 लोगों की मौत हो गई थी. इसके अलावा यह प्लेन बॉयज मेडिकल हॉस्टल पर गिरा था, जहां पर स्टूडेंट्स खाना खा रहे थे और इन्होंने भी इस हादसे में अपनी जान गंवाई है. वहीं, इस बीच अब खबर आ रही है कि फिल्म निर्माता महेश कलावड़िया (Mahesh kalawadiya) उर्फ महेश जीरावला (mahesh jirawala)भी 12 जून को इस विमान हादसे के बाद से लापता हैं.
दरअसल, जानकारी के अनुसार उनके फोन की लोकेशन आखिरी बार एयर इंडिया विमान हादसे से सिर्फ 700 मीटर दूर पाई गई थी. जिसके बाद उनके परिवार ने भी डीएनए सैंपल जमा कराए हैं. फिल्म निर्माता की पत्नी हेतल ने बताया कि महेश उस दिन दोपहर में लॉ गार्डन इलाके में किसी से मिलने गए थे.
पीटीआई ने निर्माता की पत्नी हेतल के हवाले से बताया, '' मेरे पति ने मुझे दोपहर 1.14 बजे फोन करके बताया कि उनकी मीटिंग खत्म हो गई है और वे घर जा रहे हैं. हालांकि जब वे वापस नहीं लौटे, तो मैंने उनके फोन पर कॉल किया, लेकिन वह बंद था. पुलिस को जानकारी दिए जाने के बाद, उनके मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन से पता चला कि वे दुर्घटनास्थल से 700 मीटर दूर थे.
उन्होंने आगे कहा, '' दोपहर 1.40 बजे (विमान दुर्घटना के एक मिनट बाद) से उनका फोन बंद हो गया. उनका स्कूटर और मोबाइल फोन गायब है. यह सब अजीब है क्योंकि वह घर आने के लिए कभी उस रास्ते का इस्तेमाल नहीं करते थे. हेतल ने बताया कि, '' हमने यह पता करने के लिए डीएनए सैंपल जमा कराए हैं, कि क्या वह दुर्घटना में जमीन पर मारे गए लोगों में से एक हैं.
यह भी पढ़ें- Air India Plane Crash: अहमदाबाद प्लेन हादसे में जीवित बचने वाले का पहला वीडियो आया सामने, लंगड़ाते हुए चल रहा है युवक
बता दें कि अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 171 के उड़ान भरने के एक मिनट बाद ही क्रैश हो गई थी. इस फ्लाइट ने सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हवाई अड्डे से 1.39 पर उड़ान भरी थी और यह मेघानीनगर क्षेत्र में एक मेडिकल कॉलेज के परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस फ्लाइट में सवार 242 यात्रियों में से 241 यात्रियों समेत कुल 270 लोगों की जानें गई हैं. फ्लाइट के क्रैश होने के बाद ग्राउंड पर मौजूद, लोगों की भी जानें गई हैं. अस्पताल अधिकारियों ने रविवार को डीएनए मिलान के जरिए 47 पीड़ितों की पहचान की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने 24 शव पीड़ितों के परिवारों को सौंप दिए हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.