एंटरटेनमेंट
Son Of Sardaar 2 Trailer: सन ऑफ सरदार 2 का ट्रेलर अब सामने आ चुका है और इसने दर्शकों के बीच काफी हलचल मचा दी है. पंजाब और स्कॉटलैंड की खूबसूरत लोकेशनों पर आधारित इस फिल्म में कॉमेडी और ड्रामा का अनोखा मेल देखने को मिलेगा. अजय देवगन एक बार फिर अपनी चिर-परिचित पंजाबी मस्ती और एक्शन के साथ लौटे हैं.
Son Of Sardaar 2 Trailer Release: 11 जुलाई को ‘सन ऑफ सरदार 2’ का ट्रेलर रिलीज़ हुआ, जिसने अजय देवगन के फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है. यह फिल्म अजय देवगन की लोकप्रिय ‘सन ऑफ सरदार’ फ्रैंचाइज़ी की दूसरी किस्त है और ट्रेलर से साफ है कि इसमें एक बार फिर हास्य, ड्रामा और एक्शन का तड़का लगने वाला है.
इस बार फिल्म की फीमेल लीड के रूप में मृणाल ठाकुर को पेश किया गया है. अजय और मृणाल की केमिस्ट्री ट्रेलर में अलग ही छाप छोड़ती है. दो मिनट 59 सेकंड लंबे इस ट्रेलर की शुरुआत होती है एक मज़ेदार सवाल से "क्या वह स्कॉटलैंड में टिक पाएगा?" इसके साथ ही पिछली फिल्म की याद दिलाने वाले वन-लाइनर्स जैसे "जस्ट जोकिंग" और "कदी हस भी लिया करो" भी दर्शकों को खूब भा रहे हैं.
फिल्म की कहानी पंजाब और स्कॉटलैंड की खूबसूरत पृष्ठभूमि में बुनी गई है. कलाकारों की फेहरिस्त भी दमदार है. मुकुल देव, विंदू दारा सिंह, रवि किशन, कुब्रा सैत, नीरू बाजवा, संजय मिश्रा, और चंकी पांडे जैसे सितारों की मौजूदगी फिल्म में विविधता और मज़ा दोनों जोड़ती है. दिवंगत मुकुल देव की यह आखिरी फिल्म है, जिससे यह और भी भावनात्मक हो जाती है.
ट्रेलर रिलीज़ होते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. किसी ने कहा "सर्कस 2.0 शुरू हो गया है," तो किसी ने लिखा, "सन ऑफ सरदार जैसा वाइब इसमें नहीं है." वहीं कुछ दर्शकों ने लिखा, "मुकुल देव जी को श्रद्धांजलि देने वाली यह आखिरी फिल्म दिल को छू गई." हालांकि, कुछ यूज़र्स ने फिल्म की कॉमेडी को ज़बरदस्ती बताया और बॉलीवुड से बेहतर कंटेंट की मांग की.
फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं विजय कुमार अरोड़ा, और इसे अजय देवगन और ज्योति देशपांडे ने प्रोड्यूस किया है. 25 जुलाई को यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है और ट्रेलर देखकर कहा जा सकता है कि यह दर्शकों को हंसी और भावनाओं से भरपूर सफर पर ले जाने के लिए तैयार है.