Advertisement
हिंदी न्यूज़एंटरटेनमेंट

'मेरी जिंदगी को जहन्नुम बना दिया', तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर को बताया शैतान, कहा- कोई मर जाए तो क्या उसके कांड भूल जाएं

साल 2018 में भारत में  #MeToo आंदोलन के दौरान तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर पर गंभीर आरोप लगाए थे. नाना के निधन पर तनुश्री ने कहा कि एक शैतान मर गया.

Latest News
'मेरी जिंदगी को जहन्नुम बना दिया', तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर को बताया शैतान, कहा- कोई मर जाए तो क्या उसके कांड भूल जाएं

तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर के निधन के बाद इंस्टा पर वीडियो जारी किया है (फोटो-IANS+Insta)

Add DNA as a Preferred Source
  • नाना पाटेकर और तनुश्री दत्ता के बीच पुराना विवाद
  • तनुश्री ने #MeToo मूवमेंट के दौरान भी नाना पर लगाए थे गंभीर आरोप
  • एक्ट्रेस ने नाना के निधन पर कहा कि मेरे लिए तो एक बुराई खत्म हुई

नाना पाटेकर के निधन पर 'ईविल डेड' कॉमेंट करने वाली एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता ने सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बीच प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर कहा कि कोई इंसान मर गया है, इसका मतलब ये नहीं है कि उसने जो कांड किए हैं, वो भूल जाएं.

तनुश्री दत्ता और नाना पाटेकर के बीच बरसों पुराना विवाद है. उन्होंने 'हॉर्न ओके प्लीज' के गाने की शूटिंग के दौरान सेट पर ही नाना पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था. 2018 में हुए #MeToo मूवमेंट के दौरान भी दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था. हालांकि पाटेकर ने इन आरोपों से इनकार किया है.  

तनुश्री दत्ता ने जारी किया वीडियो

तनुश्री दत्ता ने वीडियो में कहा, 'वैसे इतनी रात को लाइव आने की जरूरत तो नहीं थी, लेकिन इस वक्‍त मुझे जो निगेटिविटी मिल रही है ना, मतलब इसके बारे में मैं सोच भी नहीं सकती. लोग इतने बेवकूफ कैसे हो सकते हैं. दुनिया में इतने लोग हैं किसी के साथ हर इंसान का अलग अनुभव हो सकता है. किसी इंसान के साथ मेरे अनुभव मुझे पता हैं न. मैं तो गड़े मुर्दे उखाड़ना भी नहीं चाहती थी, मैंने अपना रिएक्शन भी दबाकर रखा है. अगर कोई इंसान मर गया है तो इसका मतलब ये नहीं है कि उसने जो कांड किया है, उसे भूल जाएं.'

बिना पश्चाताप के भगवान भी माफ नहीं करता: एक्ट्रेस

एक्ट्रेस ने कहा, 'उसने जितने लोगों को परेशान किया है, वो क्या खाता बंद हो जाता है. लोग कह रहे हैं कि उसे माफ कर दो. अरे भाई, बिना माफी मांगे भगवान भी माफ नहीं करता है. भगवान से भी माफी की कोई अपेक्षा रखता है तो उस इंसान को पश्चाताप करना पड़ता है. अपने गुनाह को कुबूलना पड़ता है कि हां मैंने ये गुनाह किया है. हां मैंने किसी की जिंदगी बर्बाद की. हां मैंने किसी के साथ बहुत गलत किया. झुंड बनाकर, ग्रुप बनाकर हम एक इंसान के पीछे हाथ धोकर पड़ गए. उसका जीना हराम कर दिया.'

मेरी गाड़ी के ब्रेक काट दिए थे: तनुश्री

उन्होंने कहा, 'जो लड़की बिंदास होकर बिना डरे, हर जगह घूमती-फितरी थी. यहां तक कि जब मैं मिस इंडिया थी, मॉडल थी, तब भी मुझे सिक्योरिटी इश्यू नहीं हुए. #MeToo के बाद ऐसी ऐसी घटनाएं घटी हैं. आप शरीफों का शर्म से चेहरा पानी-पानी हो जाए. आप लोगों को पता नहीं है मेरे साथ क्या क्या हुआ. मेरी गाड़ी के ब्रेक काट दिए. गुंडे मुझे फॉलो करते थे.'

मैं काली मंदिर में जाकर रोती थी: दत्ता

तनुश्री ने वीडियो में कहा, 'जब मैंने कहा कि ईवल मर चुका है, मैं सच कह रही हूं. मतलब ये साला मरते-मरते भी मुझे परेशान कर गया. कुछ सोशल मीडिया यूजर्स और यूट्यूबर अपने लाइक बढ़ाने के लिए मुझ पर टिप्पणी कर रहे हैं. अरे तुम अपने आपको मेरी परिस्थिति में रखकर देखो, तुम चार दिन नहीं झेल पाओगे. 2020 के बाद मुझ पर जानलेवा हमले हुए. कितनी ही घटनाएं हैं. मैंने तो इंटरव्यू में कुछ ही बताई हैं. इस आदमी की वजह से मेरा हर दिन कठिनाई से बीता. शैतान मरा है. मेरा जीवन का सबसे बड़ा असुर था, जिसने मेरा जीना हराम कर रखा था. कुछ दिनों पहले तक मैं काली मंदिर में जाकर रोया करती थी. ये बॉलीवुड माफिया का एक हिस्सा था.' 

मेरे लिए तो बुराई खत्म हुई: तनुश्री

एक्‍ट्रेस ने कहा, 'मेरे लिए तो बुराई खत्म हो गई है. पिछले 5 साल में मैं जिस दौर से गुजरी हूं, मैं बहुत परेशान हुई हूं. आप मेरे नजरिए से देखें. जो पीड़ित रहा है, जो केस चल रहा है, मुझ पर केस वापस लेने के लिए कितना दबाव डाला गया. मुझे लालच दिया गया, मैंने केस वापस नहीं लिया.'

तनुश्री ने नाना पाटेकर के निधन पर क्या कहा था?

तनुश्री दत्ता ने गुरुवार को इंस्टा स्टोरी शेयर की थी, जिसमें उन्होंने नाना पाटेकर को 'ईविल डेड' बताया था. उन्होंने कहा, 'मैं लखनऊ में एक बहुत बड़ा इवेंट कर रही हूं और मैंने अपने पूरे दिन की योजना बना रखी थी. मैं लाइव सेशन करना चाहती थी, कंटेंट पोस्ट करना चाहती थी और अब मुझे चिंता है कि शाम को सारा मीडिया ईविल डेड में दिलचस्पी लेगा. इसलिए, जब मुझे समझ आ जाएगा कि मुझे कैसी प्रतिक्रिया देनी चाहिए तब मैं अपनी प्रतिक्रिया दूंगी. परिवार के प्रति निश्चित रूप से संवेदनाएं हैं.'

नाना पाटेकर का कार्डियक अरेस्ट से निधन

नाना पाटेकर गोवा के डोना पाउला में अपने अपार्टमेंट में रुके हुए थे. रात में उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद वह बेहोश हो गए थे. उन्हें नजदीकी मणिलाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जोकि घर से सिर्फ पांच मिनट की दूरी पर था. डॉक्टर्स ने उन्हें करीब 45 मिनट तक सीपीआर दिया और उसके बाद 8 अक्टूबर की सुबह 5.20 बजे मृत घोषित कर दिया गया. उन्हें राजकीय सम्मान के साथ आखिरी विदाई दी गई. सीएम फडणवीस भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए थे. नाना ने तीन नेशनल फिल्म अवॉर्ड जीते और साल 2013 में देश के चौथे सबसे बड़े पुरस्कार पद्मश्री से सम्मानित किया गया. 

ये भी पढ़ें- मौत सुबह, अंतिम विदाई रात को! क्यों रात में करना पड़ा नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार? बेटे मल्हार ने बताई वजह

Advertisement
Advertisement

Advertisement