बॉलीवुड
Sukhwinder Singh ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक शानदार गानों को अपनी आवाज से सजाया है. उन्होंने अपने करियर में कई अवॉर्ड जीते हैं जिसमें ऑस्कर भी शामिल है.
जाने माने सिंगर सुखविंदर सिंह किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. उन्होंने अपनी दमदार आवाज और अनोखी गायन शैली से भारतीय सिनेमा को कई यादगार गाने दिए हैं. उनकी आवाज का जादू ना सिर्फ भारत में बल्कि दुनियाभर में छाया रहता है. सुखविंदर आज यानी 18 जुलाई को अपना 54वां जन्मदिन मना रहे है. इस खास मौके पर आपको उनकी जिंदगी से जुड़े कुछ अनकहे किस्सों के बारे में बताते हैं.
सुखविंदर सिंह का जन्म 18 जुलाई 1971 को पंजाब के अमृतसर में हुआ था. उनको बचपन से ही गाने का शौक था इसी कारण छोटी उम्र में ही उन्होंने गाना शुरू कर दिया था. महज 8 साल की उम्र में उन्होंने स्टेज पर फिल्म 'अभिनेत्री' का गाना सा रे गा मा पा गाया और दर्शकों के दिलों में पहली बार में ही जगह बना ली थी. इसके बाद 1990 के दशक में उन्होंने कई हिट गाने गाए. इसके बाद उन्होंने पंजाबी एल्बम 'मुंडा साउथहॉल दा' रिलीज किया और मशहूर संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल के साथ भी काम किया.
उनका पहला बॉलीवुड गाना 'आ जा सनम' था, जो 1991 की फिल्म 'खिलाफ' में था पर ये सॉन्ग ज्यादा फेमस नहीं हुआ. इसके बाद 1998 में मणिरत्नम की फिल्म 'दिल से' का गाना 'छैंया-छैंया' उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. इस गाने ने सुखविंदर सिंह को रातों-रात स्टार बना दिया. इसके लिए उन्हें उनका पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था.
इसके बाद सुखविंदर सिंह ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और उनके हिट गानों का सिलसिला चलता गया. उन्होंने 1947: अर्थ, बीवी नंबर 1, दिल्लगी, जानवर, और कई हिट फिल्मों में हिट गाने दिए. सुखविंदर ने शाहरुख खान, सलमान खान, अजय देवगन, अक्षय कुमार, रणबीर कपूर और अन्य बड़े सितारों के लिए भी प्लेबैक किया है. संगीतकार ए.आर. रहमान के साथ उनकी साझेदारी बेहद सफल रही.
ये भी पढ़ें: AR Rahman पर लगा ₹20000000 का जुर्माना, जानें कितनी है नेटवर्थ?
सुखविंदर ने फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' का गाना 'जय हो' गाया था. इस गीत ने उन्हें ऑस्कर, ग्रैमी और क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड दिलाए. इस फिल्म के म्यूजिक को एआर रहमान ने कंपोज किया था.
एक समय ऐसा भी आया था जब दिग्गज सिंगर से एक बार खुद एआर रहमान को माफी मांगनी पड़ी थी. दरअसल हुआ यूं कि जब एआर रहमान को 'जय हो' गाने के लिए ऑस्कर अवॉर्ड मिला था, तब वो सुखविंदर सिंह का नाम लेना भूल गए थे, जो इस गाने के गायक थे. बाद में एआर रहमान ने इस पर एक इंटरव्यू में अफसोस जताते हुए सुखविंदर सिंह से माफी मांगी थी.
इनपुट-आईएएनएस
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.