बॉलीवुड
The Family Man Season 3 की पहली झलक आखिरकार सामने आ गई है. खास बात ये है कि शो में इस बार मनोज बाजपेयी के साथ आपको जयदीप अहलावत भी नजर आएंगे.
राज एंड डीके की वेब सीरीज 'द फैमिली मैन 3' का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. प्राइम वीडियो पर रिलीज हुए इसके पहले दोनों सीजन को काफी पसंद किया गया. शो की रेटिंग भी काफी शानदार है, ऐसे में इसके तीसरे सीजन की झलक पाने के लिए लोग बेताब थे. आज यानी शुक्रवार को मेकर्स ने इसका फर्स्ट लुक जारी कर दिया है. खास बात ये है कि इस बार मनोज बाजपेयी तो दिखेंगे पर मेकर्स ने जयदीप अहलावत और निमरत कौर की कास्ट में धांसू एंट्री कर दी है.
प्राइम वीडियो ने आज अपनी मोस्ट लव्ड सीरीज द फैमिली मैन के नए सीजन का टीजर रिलीज कर दिया है. इस वीडियो में फैंस को अगले सीजन की झलक मिली है. राज और डीके की जोड़ी ने इसे अपने बैनर D2R फिल्म्स के तहत बनाया है और एक बार फिर मनोज बाजपेयी श्रीकांत तिवारी के रोल में नजर आने वाले हैं, जो एक तरफ देश के लिए एक अंडरकवर जासूस की जिम्मेदारियां निभाते हैं और दूसरी तरफ एक मिडिल क्लास फैमिली में पिता और पति के रोल में तालमेल बैठाते हैं.
द फैमिली मैन के इस नए सीजन को राज, डीके और सुमन कुमार ने मिलकर लिखा है, जबकि डायलॉग्स सुमित अरोड़ा ने दिए हैं. सीरीज का निर्देशन राज और डीके कर रहे हैं और इस बार उनके साथ सुमन कुमार और तुषार सेठ भी डायरेक्शन में जुड़े हैं. इस साल आने वाला सीजन 3 और भी बड़ा होने वाला है, क्योंकि श्रीकांत तिवारी का सामना इस बार दो नए खतरनाक दुश्मनों जायदीप अहलावत और निमरत कौर से होगा.
इस सीजन में कहानी देश की सीमाओं के भीतर और बाहर दोनों ओर से आ रहे खतरों के बीच श्रीकांत के संघर्ष को दिखाएगी. शो में फिर से प्रियामणि (सुचित्रा तिवारी), शारिब हाशमी (जेके तलपड़े), अलेशा ठाकुर (धृति तिवारी) और वेदांत सिन्हा (अथर्व तिवारी) अपने किरदारों में नजर आएंगे.
सीजन 3 में श्रीकांत और उसकी टीम को ऐसे खतरनाक हालातों से गुजरना पड़ेगा जहां उनकी सीमाएं, रिश्ते और भरोसे सब कुछ कसौटी पर होंगे. साथ ही श्रीकांत को इस बार एक बदले हुए पारिवारिक माहौल से भी जूझना पड़ेगा. इस बार श्रीकांत और उनकी टीम का सामना कुछ बेहद ताकतवर और खतरनाक नए दुश्मनों से होगा. शो में जयदीप अहलावत और निमरत कौर नए विलेन के रूप में शामिल हो रहे हैं.
यहां देखें टीजर: