बॉलीवुड
एक्टर आदित्य रॉय कपूर(Aditya Roy Kapur) के घर में दुबई की रहने वाली एक महिला ने जबरन घुसने की कोशिश की है. जिसके बाद महिला के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है.
बीते दिनों बॉलीवुड एक्टर सलमान खान (Salman Khan) के गैलेक्सी अपार्टमेंट में एक महिला जबरन घुस आई थी. वहीं अब एक्टर आदित्य रॉय कपूर (Aditya Roy Kapur) के भी घर में एक महिला ने जबरन एंट्री ली. दरअसल, यह अनजान महिला दुबई से आई थी और एक्टर के मुंबई, बांद्रा स्थित घर में जबरन घुस गई थी. यह महिला झूठे बहाने से घर में घुसी थी. वहीं, हाउस हेल्प की शिकायत के बाद मामला भी पुलिस ने दर्ज कर लिया है.
दरअसल, पुलिस के मुताबिक महिला सोमवार शाम को करीब 6 बजे एक्टर आदित्य रॉय कपूर के बांद्रा स्थित घर पहुंच गई. इस दौरान एक्टर शूटिंग के कारण घर से बाहर थे. लेकिन घर पर एक्टर की हाउस हेल्प संगीता पवार मौजूद थी, जिसने महिला के पहुंचने पर दरवाजा खोला. जिसके बाद महिला ने हाउस हेल्प से पूछा कि क्या यह आदित्य रॉय कपूर का घर है. जैसे ही संगीता ने इसकी पुष्टि की वैसे ही महिला ने कहा कि वह एक्टर के लिए गिफ्ट लाई है, जिसके बाद संगीता ने उसे घर के अंदर आने दिया.
पुलिस ने आगे बताया, इस बीच जब महिला से हाउस हेल्प ने एक्टर संग मुलाकात के बारे में पूछा तो उसने बताया कि 6 बजे का समय तय किया है. इसके बाद एक्टर घर पहुंचे और संगीता ने महिला के बारे में आदित्य को जानकारी दी. जिसपर एक्टर ने मना किया कि वह महिला को नहीं जानते हैं. लेकिन जब महिला का झूठ सामने आ गया तो संगीत ने उसे घर से जाने के लिए कहा. हालांकि वह महिला एक्टर से मिलने की जिद करने लगी. इसके बाद हाउस हेल्प ने घर के मैनेजर को बुलाया और इस मामले के बारे में तुरंत खार पुलिस को जानकारी दी.
इस घटना के बाद हाउस हेल्प की शिकायत पर महिला के खिलाफ अतिक्रमण का केस दर्ज किया गया. महिला का नाम गजाला जकारिया सिद्दीकी बताया जा रहा है और वह लिवान दुबई की रहने वाली है.
बता दें कि इससे पहले सलमान खान के घर में भी एक महिला जबरन घुस गई थी. हालांकि उसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. वहीं, दो महीने पहले एक्टर सैफ अली खान के घर में भी एक शख्स घुस आया था, जिसने उनपर हमला कर दिया था.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.