एजुकेशन
किसान की बेटी कोमल पुनिया पहले आईपीएस बनने के बाद तीसरे प्रयास में बनीं आईएएस अधिकारी, जानें IIT से यूपीएससी तक का सफर...
'जब तक लक्ष्य पूरा नहीं होगा, कदमों की गति नहीं रुकेगी'. पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की कविता की यह खूबसूरत लाइन कोमल पुनिया के लिए एकदम सटीक बैठती है. उनका सपना आईएएस अधिकारी बनने का था इसलिए आईपीएस बनने के बाद भी उन्होंने खुशी मनाने की जगह अपनी मेहनत तो विराम नहीं दिया बल्कि दोगुनी दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ तैयारी में जुटी रहीं और अब उनका सपना साकार हो चुका है.
यह भी पढ़ें- किस स्कूल-कॉलेज से पढ़े हैं UPSC 2024 में 5वीं रैंक लाने वाले आकाश गर्ग? इंटरव्यू में इस सवाल का जवाब देकर बने IAS
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की रहने वाली कोमल पुनिया ने यूपीएससी सीएसई 2024 में छठी रैंक हासिल की है. कोमल के पिता किसान हैं और उनकी मां गृहिणी हैं. इसके अलावा वह दो भाई-बहन हैं. वह पहले ही 474वीं रैंक के साथ 2023 में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चुनी जा चुकी थीं लेकिन उनका लक्ष्य हमेशा IAS अधिकारी बनना था. इसके लिए उन्होंने IPS ट्रेनिंग के फाउंडेशन कोर्स को छोड़कर 2024 में फिर से परीक्षा देने का फैसला किया. उन्होंने एक रिस्क लिया जिसका उन्हें मीठा फल मिला.
कोमल ने जवाहर नवोदय विद्यालय से स्कूली शिक्षा पूरी की है. स्कूलिंग के बाद उन्होंने आईआईटी रुड़की से इंजीनियरिंग फिजिक्स में डिग्री हासिल की. उनकी मजबूत शैक्षणिक नींव ने उनकी UPSC की तैयारी में अहम भूमिका निभाई. यूपीएससी की परीक्षा में भी उन्होंने फिजिक्स को ही अपना ऑप्शनल सब्जेक्ट भी चुना था. यूपीएससी 2024 की परीक्षा में कोमल को 2025 में से 1032 मार्क्स मिले हैं. उन्हें मेन्स की लिखित परीक्षा में 856 मार्क्स और इंटरव्यू में 176 मार्क्स मिले हैं.
यह भी पढ़ें- बच्चे की डिलिवरी के 17 दिन बाद दिया UPSC मेन्स का एग्जाम, इस रैंक के साथ हुईं पास, IPS पति इस पद पर हैं पोस्टेड
कोमल ने ग्रेजुएट होने के बाद साल 2021 से यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी थी. उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की है. कोमल ने अपना पहला अटेम्प्ट साल 2022 में दिया था. उसमें वह प्रीलिम्स परीक्षा पास करने में तो कामयाब रही थीं लेकिन मेन्स पास नहीं कर पाईं. कोमल की कहानी उन उम्मीदवारों के लिए प्रेरणादायक है जो सफलता की राह पर न केवल शैक्षणिक बल्कि भावनात्मक बाधाओं का भी सामना करते हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.