एजुकेशन
Jaya Pandey | Jul 13, 2025, 01:35 PM IST
1.RPF को मिली पहली महिला चीफ

वरिष्ठ IPS अधिकारी सोनाली मिश्रा को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की पहली महिला महानिदेशक नियुक्त किया गया है. वह 1993 बैच की मध्य प्रदेश कैडर की भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं. कार्मिक मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने IPS मिश्रा की 31 अक्टूबर 2026 को उनकी रिटायरमेंट तक आरपीएफ के महानिदेशक के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दे दी है.
2.31 जुलाई को वर्तमान डीजी होंगे रिटायर

इस नियुक्ति के साथ ही वह आरपीएफ का नेतृत्व करने वाली पहली महिला बन गयी हैं. रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स भारत के विशाल रेलवे नेटवर्क की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार एक अहम बल है. आईपीएस मिश्रा वर्तमान डीजी मनोज यादव से कार्यभार संभालेंगी, जो 31 जुलाई, 2025 को रिटायर होने वाले हैं.
3.वर्तमान में मध्य प्रदेश पुलिस की स्पेशल डायरेक्टर जनरल हैं आईपीएस मिश्रा

IPS सोनाली मिश्रा को कानून प्रवर्तन में 30 साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह मध्य प्रदेश पुलिस की स्पेशल डायरेक्टर जनरल के पद पर कार्यरत हैं. उन्होंने अपने करियर में कई अहम पदों पर काम किया है जिसमें बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स बीएसएफ में अडिशनल डायरेक्टर जनरल के रूप में अहम कार्यकाल भी शामिल हैं.
4.अबतक इन अहम पदों पर काम कर चुकी हैं IPS सोनाली मिश्रा

IPS सोनाली मिश्रा को अपनी निष्पक्ष और कुशल कार्यशैली की वजह से जाना जाता है. उन्होंने कानून-व्यवस्था, ख़ुफ़िया विभाग, नक्सल अभियान और कई दूसरे अहम विभागों में अपनी सेवाएं दी हैं. बीएसएफ में एडीजी के रूप में उन्होंने भारत-पाक सीमा पर सुरक्षा को मज़बूत करने में भी काफी अहम भूमिका निभाई.
5.इन पुरस्कारों से सम्मानित हो चुकी हैं IPS सोनाली मिश्रा

IPS सोनाली मिश्रा को पुलिस सेवा में अपने बेहतरीन काम के लिए कई अहम पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है. उन्होंने विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक PPMDS और मेधावी सेवा के लिए पुलिस पदक PMMS जैसे पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है. आईपीएस सोनाली मिश्रा देश की उन महिलाओं और लड़कियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं जो समाज की दकियानूसी सोच को दरकिनार कर देश और खुद के लिए कुछ करना चाहती हैं.