एजुकेशन
Jaya Pandey | Apr 14, 2026, 03:58 PM IST
1.दूध उत्पादन में नंबर 1 राज्य कौन सा है?

भारत के लगभग हर घर में दूध का इस्तेमाल होता है. इसे कैल्शियम और कई जरूरी पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत माना जाता है. दूध न केवल हमारी हड्डियों को मजबूत बनाता है बल्कि मांसपेशियों के विकास और शरीर की पूरी सेहत के लिए भी बेहद जरूरी है. PIB के अनुसार, भारत दुनिया में दूध उत्पादन के मामले में पहले नंबर पर है और वैश्विक उत्पादन में लगभग एक चौथाई हिस्सेदारी रखता है.
(Image: AI Generated)
2.दूध उत्पादन में लगभग 16 प्रतिशत का योगदान देता है यह राज्य

अगर राज्यों की बात करें तो ताजा आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश देश में सबसे ज्यादा दूध उत्पादन करने वाला राज्य है. यूपी में पिछले कुछ वर्षों में दूध उत्पादन में तेज वृद्धि देखने को मिली है. साल 2016-17 में जहां उत्पादन लगभग 277 लाख टन था, वहीं 2024-25 तक यह बढ़कर करीब 388 लाख टन पहुंच गया है. इस तरह उत्तर प्रदेश अकेले देश के कुल दूध उत्पादन में लगभग 16 प्रतिशत का योगदान देता है, जो इसे भारत का सबसे बड़ा डेयरी राज्य बनाता है.
(Image Credit: Canva)
3.इस राज्य ने कैसे बढ़ाया दूध का उत्पादन?

इस बढ़ोतरी के पीछे राज्य सरकार की नीतियों, डेयरी इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार और ग्रामीण स्तर पर किए गए प्रयासों की अहम भूमिका रही है. खासतौर पर यूपी के ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लाखों महिलाएं डेयरी गतिविधियों से जुड़ी हैं. स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रोजाना बड़ी मात्रा में दूध का संग्रह किया जा रहा है जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है और हजारों करोड़ रुपये का कारोबार खड़ा हुआ है.
(Image Credit: Canva)
4.मिल्क प्रोडक्शन में टॉप 5 राज्य

देश के कुल दूध उत्पादन में लगभग 54 प्रतिशत योगदान सिर्फ पांच राज्यों का है. उत्तर प्रदेश के बाद राजस्थान दूसरे स्थान पर आता है, जहां भैंसों और देसी-विदेशी नस्ल की गायों से बड़े पैमाने पर दूध उत्पादन होता है. इसके बाद आंध्र प्रदेश तीसरे नंबर पर है, जहां डेयरी सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है और आधुनिक तकनीकों का उपयोग बढ़ा है. चौथे स्थान पर गुजरात आता है, जो अपनी मजबूत डेयरी सहकारी प्रणाली और अमूल मॉडल के लिए जाना जाता है.
5.करोड़ों परिवारों की आजीविका का साधन है डेयरी उद्योग

पांचवें स्थान पर पंजाब है, जहां उच्च गुणवत्ता वाले पशुपालन और बेहतर नस्लों के कारण दूध उत्पादन काफी मजबूत बना हुआ है. इस तरह भारत में डेयरी सेक्टर न सिर्फ पोषण का आधार है, बल्कि यह करोड़ों किसानों और ग्रामीण परिवारों की आजीविका का भी एक बड़ा सहारा बन चुका है.
(Image Credit: Canva)
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.