एजुकेशन
Jaya Pandey | Jun 11, 2026, 03:13 PM IST
1.जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में कौन-सी नदियां बहती हैं?

आज जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क भारत के सबसे प्रसिद्ध वन्यजीव अभयारण्यों में से एक है. लेकिन देश के इस पहले नेशनल पार्क की पहचान सिर्फ बाघों और घने जंगलों तक सीमित नहीं है बल्कि इस नेशनल पार्क की असली ताकत इसकी नदियां हैं. इन नदियों ने सदियों से यहां की घाटियों, जंगलों और जीवों को जिंदगी दी है.
(All Image Credit: Wikimedia Commons)
2.इस नदी को कहते हैं जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क की धड़कन

जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के बीचोंबीच रामगंगा नदी बहती है इसलिए लोग इसे यहां की धड़कन मानते हैं. यह पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है. इसे जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क की जीवनरेखा कहा जाता है. इस नदी के नाम पर साल 1954 से 1955 के बीच इसका नाम रामगंगा नेशनल पार्क भी रखा गया था लेकिन बाद में इसे जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क नाम दिया गया.
3.कहां से निकलती है रामगंगा नदी?

रामगंगा नदी का उद्गम उत्तराखंड के गढ़वाल इलाके में स्थित दूधातोली पर्वतमाला के पास लघु हिमालयी क्षेत्र से माना जाता है. पानी के लिए यह नदी बारिश और पहाड़ी जलस्रोतो पर निर्भरत करती है. पहाड़ों से निकलने के बाद यह नदी मार्चुला इलाके के पास जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में एंटर होती है. पार्क के अंदर यह लगभग 40 किलोमीटर तक बहती हुई जंगलों, घास के मैदानों, नदी तटीय इलाकों और वन्यजीव आवासों को सींचती है. इसके बाद यह कालागढ़ इलाके से आगे बढ़कर उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों की ओर चली जाती है.
4.इन वन्यजीवों को आवास देती है रामगंगा

जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के अंदर रामगंगा नदी कई जगहों पर चौड़े बाढ़ क्षेत्र, छोटे द्वीप और उथले जलाशय बनाती है. ये इलाका हाथियों, चीतलों, सांभरों, जंगली सूअरों, ऊदबिलावों, मगरमच्छों और घड़ियालों जैसे दूसरे वन्यजीवों को आवास देता है. इसके किनारे सैकड़ों प्रजातियों के पक्षी भी देखे जा सकते हैं. गर्मियों के मौसम में जब छोटी जलधाराएं सूखने लगती हैं, तब बड़ी तादाद में जानवर पानी की तलाश में रामगंगा के किनारों पर पहुंचते हैं.
5.कहां पहुंचकर गंगा नदी में मिलती है रामगंगा?

रामगंगा नदी पर कालागढ़ बांध बनाया गया है जिसकी वजह से विशाल रामगंगा जलाशय बन गया है. यह जलाशय प्रवासी पक्षियों को आकर्षित करता है और जलीय जीवों को सुरक्षित आवास देता है. यहां से निकलकर रामगंगा नदी उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद और कन्नौज क्षेत्र के पास गंगा नदी में मिल जाती है.
6.रामगंगा के अलावा जिम कॉर्बट नेशनल पार्क से जुड़ी 4 नदियां

रामगंगा ही नहीं बल्कि कुछ और नदियां भी जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क की जैव विविधता को और समृद्ध करती हैं. कोसी नदी इस नेशनल पार्क के पूर्व में बहती है. सोननदी, रामगंगा की प्रमुख सहायक नदियों में से एक है और इसके नाम पर सोननदी वन्यजीव अभयारण्य का नाम रखा गया है. यह कॉर्बेट टाइगर रिजर्व का हिस्सा है. इसके अलावा मंडल नदी और पालैन नदी जैसी छोटी सहायक नदियां भी इस इलाके के प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने में योगदान देती हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.