एजुकेशन
Jaya Pandey | Jun 11, 2026, 01:16 PM IST
1.भूटान के पास कौन-सा रेलवे स्टेशन है?

भारतीय रेलवे दुनिया के सबसे बड़े रेल नेटवर्क में से एक है और हर दिन करोड़ों यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने का काम करता है. देश में कई ऐसे रेलवे स्टेशन हैं जो इंटरनेशनल बॉर्डर के बेहद करीब हैं. क्या आप जानते हैं कि भूटान की सीमा के सबसे नजदीक भारत का कौन-सा रेलवे स्टेशन है?
(All Image Credit: indiarailinfo)
2.भारत-भूटान सीमा से कितनी है हासिमारा रेलवे स्टेशन की दूरी?

भूटान बॉर्डर के नजदीक का स्टेशन पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में स्थित हासिमारा रेलवे स्टेशन है. इसका स्टेशन कोड HSA है. यह स्टेशन भूटान के गेटवे फुंटशोलिंग के सबसे नजदीक है. इस स्टेशन से भारत-भूटान सीमा लगभग 15 से 18 किलोमीटर दूर है. वहीं, रोड से फुंटशोलिंग 30 मिनट में पहुंचा जा सकता है. इस वजह से यह स्टेशन भूटान जाने वाले पर्यटकों, व्यापारियों और स्थानीय यात्रियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.
3.चाय बागानों के बीच है यह खूबसूरत रेलवे स्टेशन

पश्चिम बंगाल के जयगांव शहर से होकर बड़ी संख्या में लोग भूटान जाते हैं और हासिमारा इस पूरे इलाके का प्रमुख रेल संपर्क केंद्र है. यह रेलवे स्टेशन न्यू जलपाईगुड़ी (NJP)-अलीपुरद्वार रेल मार्ग पर स्थित है और नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के अलीपुरद्वार मंडल में आता है और यह घने जंगलों और चाय बागानों के बीच बना हुआ है.
4.इस स्टेशन पर क्यों धीमी रखनी पड़ती है ट्रेनों की स्पीड?

हासिमारा रेलवे स्टेशन के आसपास इलाका अपनी प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों के लिए भी जाना जाता है. खास बात यह है कि स्टेशन के आसपास का रेल मार्ग एक एक्टिव एलिफेंट कॉरिडोर से होकर गुजरता है. इस वजह से यहां ट्रेनों की स्पीड नियंत्रित रखनी पड़ती है ताकि हाथियों को कोई खतरा न हो.
5.हासिमारा स्टेशन का इतिहास

हासिमारा स्टेशन का इतिहास भी काफी रोचक है. बीसवीं सदी की शुरुआत में इस इलाके में रेल लाइन का निर्माण तत्कालीन पूर्वी बंगाल रेलवे ने मीटर गेज ट्रैक के रूप में किया गया था. भारत की आजादी के बाद यह मार्ग असम रेल लिंक परियोजना का हिस्सा बना, जिसका उद्देश्य पूर्वोत्तर भारत को देश के बाकी हिस्सों से सीधे जोड़ना था. बाद में इसका आधुनिकीकरण भी किया गया.
6.हासिमारा रेलवे स्टेशन का रणनीतिक महत्व

हासिमारा रेलवे स्टेशन का रणनीतिक दृष्टि से भी महत्व काफी ज्यादा है. यह स्टेशन भारत-भूटान व्यापार और सीमा पार आवागमन में अहम भूमिका निभाता है. इसके अलावा यह पूरा इलाका भारतीय सेना और सीमा सुरक्षा से जुड़े लॉजिस्टिक ऑपरेशन्स के लिए भी बेहद जरूरी है. भूटान के साथ व्यापारिक गतिविधियों और पर्यटन को बढ़ावा देने में भी इस स्टेशन की बड़ी भूमिका है.
7.हासिमारा रेलवे स्टेशन से कहां के लिए मिलती हैं ट्रेनें?

अगर कनेक्टिविटी की बात करें तो हासिमारा रेलवे स्टेशन देश के कई बड़े शहरों से जुड़ा हुआ है. यहां से कंचनकन्या एक्सप्रेस, कामरूप एक्सप्रेस, सराईघाट एक्सप्रेस और कई दूसरी ट्रेनें गुजरती हैं, जो यात्रियों को पश्चिम बंगाल, असम और पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों से जोड़ती हैं. भूटान जाने वाले पर्यटकों के लिए भी यह स्टेशन सबसे सुविधाजनक रेलवे स्टेशनों में से एक माना जाता है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.