एजुकेशन
जया पाण्डेय | Jan 14, 2026, 11:05 AM IST
1.दुनिया की सबसे बुजुर्ग नदी कौन सी है?

नदियां देखने में भले ही पहाड़ों जितनी पुरानी लगें, लेकिन दूसरी प्राकृतिक संरचनाओं की तरह इनका भी एक जीवन चक्र होता है. कई नदियां समय के साथ अपना रास्ता बदल लेती हैं, कुछ सूख जाती हैं और कुछ दूसरी नदियों में मिलकर खत्म हो जाती हैं. लेकिन कुछ नदियां ऐसी भी हैं जो करोड़ों सालों तक अपने अस्तित्व को बनाए रखती हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर दुनिया की सबसे बुजुर्ग नदी कौन सी है?
2.ऑस्ट्रेलिया में बहती है दुनिया की सबसे पुरानी नदी

वैज्ञानिकों के अनुसार धरती की सबसे प्राचीन नदियों में फिंके नदी (Finke River) का नाम सबसे आगे आता है. यह नदी ऑस्ट्रेलिया में स्थित है और माना जाता है कि इसका इतिहास 300 से 400 मिलियन साल पुराना है. यह समय डायनासोर के धरती पर आने से भी बहुत पहले का है. हालांकि वैज्ञानिकों में सबसे पुरानी नदी को लेकर बहस बनी रहती है, लेकिन भूवैज्ञानिक प्रमाण फिंके नदी को दुनिया की सबसे पुरानी निरंतर नदी प्रणालियों में से एक साबित करते हैं.
3.ऑस्ट्रेलिया में कहां बहती है यह नदी?

फिंके नदी का उद्गम ऑस्ट्रेलिया के मैकडोनेल पर्वतमाला से होता है जो एलिस स्प्रिंग्स के पश्चिम में स्थित है. यह नदी मध्य ऑस्ट्रेलिया से होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में बहती है और अंत में सिम्पसन रेगिस्तान की रेत में विलीन हो जाती है. यह नदी सामान्य नदियों की तरह साल भर नहीं बहती बल्कि एक मौसमी नदी है, जो मुख्य रूप से भारी बारिश के बाद ही एक्टिव होती है. लंबे समय तक सूखी रहने के बावजूद इसका भूवैज्ञानिक मार्ग करोड़ों सालों से लगभग अपरिवर्तित माना जाता है.
4.Antecedent River मानी जाती है यह नदी

फिंके नदी की खासियत यह है कि यह अत्यंत प्राचीन चट्टानों के बीच से बहती है. वैज्ञानिकों का मानना है कि जब आसपास की पहाड़ियां और भूमि का स्वरूप बदला, तब भी इस नदी ने अपना मूल मार्ग नहीं छोड़ा. यही कारण है कि इसे एक Antecedent River माना जाता है यानी ऐसी नदी जो भूगर्भीय परिवर्तनों से पहले से मौजूद थी.
5.इस नदी का सांस्कृतिक महत्व भी है गहरा

यह नदी केवल भूविज्ञान के लिहाज से ही अहम नहीं है बल्कि इसका सांस्कृतिक महत्व भी बहुत गहरा है. पश्चिमी अर्रेन्टे आदिवासी समुदाय इस नदी को स्थानीय रूप से लारापिंटा के नाम से जानते हैं. यह नदी उनकी स्वप्न कथाओं, गीतों, परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं में अहम स्थान रखती है. हजारों वर्षों से स्वदेशी समुदाय इसके जल स्रोतों पर जीवनयापन और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए निर्भर रहे हैं.
6.फिंके नदी को क्यों माना जाता है सबसे प्राचीन?

हालांकि फिंके नदी को अक्सर दुनिया की सबसे पुरानी नदी कहा जाता है लेकिन वैज्ञानिक इस तरह के दावों को पूरी तरह से सही नहीं मानते. नील नदी, सिंधु नदी और अमेरिका की न्यू नदी जैसी दूसरी नदियां भी अत्यंत प्राचीन मानी जाती हैं. फर्क यह है कि फिंके नदी के मामले में इसके मार्ग की अत्यधिक प्राचीनता के ठोस भूवैज्ञानिक प्रमाण मौजूद हैं, जो इसे दुनिया की सबसे पुरानी नदी प्रणालियों में खास स्थान देते हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.