एजुकेशन
Jaya Pandey | Apr 20, 2026, 05:50 PM IST
1.एशिया की सबसे लंबी नदी

नदियां पृथ्वी पर जीवन का आधार हैं, क्योंकि ये न केवल इंसानों बल्कि वन्यजीवों और पूरे इकोसिस्टम को भी जिंदा रखने में अहम भूमिका निभाती हैं. जब हम दुनिया की बड़ी नदियों की बात करते हैं तो अफ्रीका की नील नदी, दुनिया में सबसे लंबी है. वहीं, भारत की सबसे लंबी नदी गंगा है. लेकिन एशिया की सबसे लंबी नदी कौन-सी है, क्या इसका जवाब आप जानते हैं?
(Image Credit: Wikimedia Commons)
2.कहां बहती है एशिया की सबसे लंबी नदी?

यांग्त्ज़ी नदी एशिया की सबसे लंबी नदी है. यह चीन के चिंगहाई प्रांत में स्थित तांगगुला पर्वत क्षेत्र से निकलती है. इसकी कुल लंबाई लगभग 6,300 किलोमीटर है, जो इसे दुनिया की तीसरी सबसे लंबी नदी बनाती है. इस नदी की चौड़ाई घटती-बढ़ती रहती है. ऊपरी हिस्से में यह संकरी होती है, जबकि निचले हिस्सों में खासतौर डेल्टा क्षेत्रों के पास, इसकी चौड़ाई कई किलोमीटर तक फैल जाती है.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
3.किस नाम से जानी जाती है यांग्त्ज़ी नदी?

इस नदी की सबसे खास बात यह है कि यह पूरी तरह से एक ही देश के अंदर बहती है. यह चीन के लगभग 11 प्रांतों और क्षेत्रों से गुजरती है और आखिर में शंघाई के पास पूर्वी चीन सागर में जाकर मिल जाती है. इसी कारण इसे चीन की लाइफलाइन भी कहा जाता है. स्थानीय भाषा में इसे चांग जियांग (लॉन्ग रिवर) कहा जाता है, और ऐतिहासिक रूप से इसे गोल्डन वाटरवे के नाम से भी पुकारा जाता है.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
4.चीन की जीवनरेखा है यांग्त्ज़ी नदी

यांग्त्ज़ी नदी केवल भौगोलिक रूप से ही नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से भी चीन के लिए बेहद खास है. यह कृषि सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराती है, विशाल जलविद्युत परियोजनाओं के माध्यम से बिजली उत्पादन में मदद करती है, और लाखों लोगों की आजीविका का आधार है. इसी नदी पर बने बांधों और परियोजनाओं ने चीन की ऊर्जा क्षमता को मजबूत किया है.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
5.यांग्त्ज़ी नदी की सहायक नदियां

इस नदी की कई प्रमुख सहायक नदियां भी हैं, जो इसके विशाल जल नेटवर्क को और मजबूत बनाती हैं. बाएं किनारे की प्रमुख सहायक नदियों में यालुंग, मिन, जियालिंग और हान नदियां शामिल हैं, जबकि दाएं किनारे पर वू, युआन, जियांग और गान नदियां मिलती हैं. इस विशाल नदी तंत्र के किनारे कई बड़े शहर बसे हैं, जिनमें शंघाई, वुहान और चोंगकिंग जैसे प्रमुख महानगर शामिल हैं.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.