एजुकेशन
जया पाण्डेय | Nov 07, 2025, 02:44 PM IST
1.जेएनयू स्टूडेंट यूनियन की नई प्रेसिडेंट बनीं अदिति मिश्रा

जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन के चुनाव में अदिति मिश्रा अध्यक्ष चुनी गई हैं. उन्होंने एबीवीपी के विकास पटेल को 1,861 मतों से हराया. आज हम आपको बताएंगे कि नई JNUSU प्रेसिडेंट अदिति मिश्रा के पास कौन-कौन सी डिग्रियां हैं और उन्होंने देश के किन बड़े संस्थानों से पढ़ाई की है.
2.BHU से किया है ग्रेजुएशन

अदिति मिश्रा वाराणसी की रहने वाली हैं. न्याय के लिए अपनी अथक लड़ाई के लिए जानी जाने वाली अदिति ने बिहार में अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की और फिर बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी से इकोनॉमी में ग्रेजुएशन किया. आंदोलनों में उनकी सक्रियता 2017 में शुरू हुई जब उन्होंने बीएचयू में गर्ल्स हॉस्टल कर्फ्यू के खिलाफ एक आंदोलन का नेतृत्व किया और रात 8 बजे के बाद लड़कियों के बाहर जाने पर रोक लगाने वाले नियम हटाने के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन को मजबूर कर दिया.
3.शुरुआत से ही स्टूडेंट की आवाज उठाती रही हैं अदिति मिश्रा

बीएचयू से ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने पुडुचेरी यूनिवर्सिटी में साउथ एशियन स्टडीज में पोस्टग्रेजुएशन किया. पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने स्टूडेंट्स की आवाज को उठाने की अपनी मुहीम जारी रखी. 2018 में उन्होंने छात्रों के अधिकारों की वकालत करते हुए कुलपति कार्यालय पर एक विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया. 2019 में भी उन्होंने फीस वृद्धि का विरोध किया और सीएए-एनआरसी के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों में भी शामिल हुईं.
4.JNU से कर रहीं पीएचडी की पढ़ाई

वर्तमान में वह जेएनयू के स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज में पीएचडी कर रही हैं. यहां अदिति ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) से जुड़ी हैं, जो लेफ्ट यूनिटी का एक प्रमुख अंग है. वह द्वितीय वर्ष की पीएचडी छात्रा हैं और आंतरिक शिकायत समिति (ICC) की सदस्य हैं, जो परिसर में यौन उत्पीड़न की शिकायतों का समाधान करती है.
5.आइसा में उन्होंने सभी पृष्ठभूमि के छात्रों के प्रतिनिधित्व को किया सुनिश्चित

आइसा में उन्होंने सभी पृष्ठभूमि के छात्रों के प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करने के लिए काम किया. उनका ध्यान लैंगिक न्याय, प्रगतिशील मूल्यों और लोकतांत्रिक अधिकारों पर केंद्रित है. जेएनयू के छात्रसंघ चुनाव में उन्होंने परिसर की सुगमता, शिक्षा की गिरती गुणवत्ता और बढ़ती फीस जैसे मुद्दों को भी उठाया और इस बात पर जोर दिया कि शिक्षा सभी के लिए सुलभ होनी चाहिए.
6.एक आदर्श के रूप में उभरीं अदिति मिश्रा

अदिति मिश्रा की ABVP पर जीत ने उन्हें दुनिया भर की महिलाओं के लिए प्रेरणा बना दिया है. उनका नेतृत्व वर्षों की कड़ी मेहनत, सक्रियता और साथी छात्रों के साथ एकजुटता का परिणाम है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से