एजुकेशन
Jaya Pandey | Aug 17, 2026, 05:40 PM IST
1.दुनिया के किन देशों के नेशनल फ्लैग में है नारंगी, सफेद और हरा रंग?

हमारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भारत की पहचान, एकता और गौरव का प्रतीक है. इसमें सबसे ऊपर केसरिया, बीच में सफेद और सबसे नीचे हरे रंग की पट्टी होती है. सफेद पट्टी के बीच में गहरे नीले रंग का अशोक चक्र बना है जिसमें 24 तीलियां हैं. भारत के राष्ट्रीय ध्वज के मौजूदा स्वरूप को संविधान सभा ने 22 जुलाई 1947 को अपनाया था.
2.आयरलैंड, आइवरी कोस्ट और नाइजर के राष्ट्रीय ध्वज में हैं ये तीन रंग

लेकिन क्या आपको पता है कि भारत अकेला ऐसा देश नहीं है जिसके राष्ट्रीय ध्वज में केसरिया (नारंगी), सफेद और हरा रंग मौजूद है. दुनिया में तीन और देश ऐसे हैं जिनके नेशनल फ्लैग में ये तीनों रंग मौजूद हैं. आयरलैंड, आइवरी कोस्ट (कोटे डी आइवर) और नाइजर के राष्ट्रीय झंडों में भी ये तीनों नारंगी-सफेद और हरा रंग दिखाई देते हैं. लेकिन इन तीनों देशों के झंडों का डिजाइन, रंगों का क्रम और इनसे जुड़ा अर्थ भारत से अलग है.
3.भारत का राष्ट्रीय ध्वज

भारत का राष्ट्रीय ध्वज एक क्षैतिज तिरंगा है. इसमें ऊपर गहरा केसरिया, बीच में सफेद और नीचे गहरा हरा रंग है. सफेद पट्टी के बीच में नेवी ब्लू कलर का अशोक चक्र बना है. अशोक चक्र सारनाथ में अशोक के सिंह स्तंभ के अबेकस पर बने धर्मचक्र से लिया गया है. इसमें 24 तीलियां हैं. केसरिया रंग देश की शक्ति और साहस का, सफेद रंग शांति-सत्य का और हरा रंग भूमि की उर्वरता, विकास और शुभता का प्रतीक है. वहीं, अशोक चक्र जीवन में निरंतर गति का प्रतीक है. हमारे राष्ट्रीय ध्वज को पिंगली वेंकैया ने डिजाइन किया था.
4.आयरलैंड का राष्ट्रीय ध्वज

आयरलैंड का राष्ट्रीय ध्वज भी तीन रंगों वाला है लेकिन भारत के तिरंगे से इसका डिजाइन बिल्कुल अलग है. आयरलैंड के झंडे में हरा, सफेद और नारंगी रंग की तीन समान चौड़ाई वाली वर्टिकल पट्टियां हैं. झंडे के डंडे की तरफ हरा रंग होता है, बीच में सफेद और बाहर की तरफ नारंगी रंग होता है. आयरलैंड के राष्ट्रीय ध्वज को पहली बार 7 मार्च 1848 को वॉटरफोर्ड में थॉमस फ्रांसिस मेघर ने फहराया था. बाद में 1922 में इसे आयरिश फ्री स्टेट के ध्वज के रूप में अपनाया गया और 1937 के संविधान में इसे आयरलैंड के राष्ट्रीय ध्वज के रूप में औपचारिक मान्यता मिली.
5.आइवरी कोस्ट का राष्ट्रीय ध्वज

आइवरी कोस्ट का राष्ट्रीय ध्वज भी भारत, आयरलैंड और नाइजर की तरह तीन रंगों वाला है. लेकिन इस राष्ट्रीय ध्वज का रंग क्रम और दिशा अलग है. इसमें बाईं ओर नारंगी, बीच में सफेद और दाईं ओर हरे रंग की समान चौड़ाई वाली ऊर्ध्वाधर पट्टियां होती हैं. आइवरी कोस्ट ने अपने राष्ट्रीय ध्वज को 1960 में फ्रांस से स्वतंत्रता मिलने से कुछ समय पहले 3 दिसंबर 1959 को अपनाया था. यह ध्वज देश के स्वतंत्र राष्ट्र बनने की प्रक्रिया से भी जुड़ा हुआ है. आइवरी कोस्ट के ध्वज की तीनों पट्टियां समान चौड़ाई की हैं और उनका क्रम नारंगी, सफेद और हरा है.
6.नाइजर का राष्ट्रीय ध्वज

नाइजर का राष्ट्रीय ध्वज भी नारंगी, सफेद और हरे रंग से बना है. लेकिन इसका डिजाइन भारत और आइवरी कोस्ट दोनों से अलग है. इसमें तीन समान चौड़ाई वाली क्षैतिज पट्टियां हैं. सबसे ऊपर नारंगी, बीच में सफेद और सबसे नीचे हरे रंग की पट्टी होती है. सफेद पट्टी के बीच में नारंगी रंग का एक गोलाकार चक्र बना होता है. इसका ऊपरी नारंगी रंग देश के उत्तर में फैले सहारा रेगिस्तान की ओर संकेत करता है, जबकि हरा रंग दक्षिणी हिस्से की हरियाली और कृषि भूमि से जुड़ा है. बीच का सफेद रंग शांति और पवित्रता की भावना को दर्शाता है. सफेद पट्टी के बीच बना नारंगी गोला सूर्य का प्रतीक माना जाता है.