एजुकेशन
राजा राम | Jul 13, 2025, 11:38 PM IST
1.आज भी विज्ञान के लिए कई सवाल

रूस के उराल पर्वतों के पास स्थित मोल्योब्का गांव एक ऐसी जगह है, जहां आज भी विज्ञान के लिए कई सवाल बाकी हैं. इस गांव को ‘एम-ट्राएंगल’ या ‘पर्म जोन’ के नाम से भी जाना जाता है, जो मॉस्को से लगभग 600 मील दूर स्थित है. इस क्षेत्र का आकार 70 वर्ग मील है, और यहां होने वाली घटनाएं लोगों के लिए एक बड़े रहस्य का कारण बन चुकी हैं. 1980 के दशक में जब इस क्षेत्र से अजीब आवाजों की रिपोर्ट्स आईं, तब वैज्ञानिकों और रहस्य प्रेमियों की नजर इस गांव पर पड़ी.
2.सुनाई देती हैं अजीब आवाजें

यहां के निवासियों का कहना है कि वे एक अजीब तरह की ट्रैफिक की आवाजें सुनते हैं, जो किसी गाड़ी के गुजरने की आवाज होती हैं, जबकि यहां से नजदीकी सड़क 40 किलोमीटर दूर है. इन आवाजों के बारे में अभी तक कोई ठोस वैज्ञानिक व्याख्या नहीं दी जा सकी है. यह केवल शुरुआत थी, क्योंकि इस क्षेत्र में और भी रहस्यमयी घटनाएं घटती हैं.
3.अजीब घटनाएं और रहस्यमयी आकृतियां

मोल्योब्का गांव में कभी-कभी बादलों से तेज रोशनी की किरण गिरती है, तो कभी घने जंगलों में पारदर्शी आकृतियां घूमती हुई दिखाई देती हैं. कुछ लोगों ने यहां यूएफओ (UFO) भी देखने का दावा किया है. यह घटनाएं अक्सर लोगों को हैरान करती हैं और उन्हें यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि क्या यह सब वास्तव में कोई प्राकृतिक घटना है या फिर कुछ और?
4.यह सवाल आज भी अनसुलझा है

यहां के बारे में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मंदबुद्धि व्यक्ति, जो यहां कुछ समय बिता कर जाते हैं, वे अचानक तेज दिमाग वाले बन जाते हैं. यह सिर्फ इतना ही नहीं, गंभीर रूप से बीमार लोग भी यहां आकर ठीक हो जाते हैं. कुछ लोग तो यहां की ताकत को अदृश्य शक्ति से जोड़ते हैं. क्या यह एक रहस्यमयी ऊर्जा का प्रभाव है? यह सवाल आज भी अनसुलझा है.
5.कॉल बॉक्स टीला और उसका रहस्य

एम-ट्राएंगल में एक जगह है, जिसे ‘कॉल बॉक्स टीला’ कहा जाता है. यहां पर मोबाइल नेटवर्क तो है, लेकिन फोन काम नहीं करते. खास बात यह है कि जैसे ही आप इस मिट्टी के टीले पर चढ़ते हैं, आप दुनिया में कहीं भी कॉल कर सकते हैं. लेकिन जैसे ही आप टीले से उतरते हैं, कॉल अपने आप कट जाती है. यह एक अजीब किस्म का घटनाक्रम है, जो लोगों के दिमाग में और अधिक सवाल छोड़ जाता है.
6.आज भी बने हैं सवाल

आज भी मोल्योब्का गांव एक रहस्य बना हुआ है. क्या यह चमत्कार है या किसी और दुनिया का गेटवे? वैज्ञानिक इस पर लगातार अध्ययन कर रहे हैं, लेकिन इस रहस्यमयी क्षेत्र के बारे में आज तक कोई ठोस जवाब नहीं मिला है. इस गांव में जो लोग गए हैं, उनका मानना है कि यह जगह उनकी जिंदगी को बदल कर रख देती है.