एजुकेशन
Jaya Pandey | Aug 03, 2025, 09:48 AM IST
1.रवींद्र कुमार मांदड़ बने गाजियाबाद के नए डीएम

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौकरशाही में हुए ताजा फेरबदल में एक बार फिर 2013 बैच के यूपी कैडर के आईएएस अधिकारी रवींद्र कुमार मांदड़ पर भरोसा जताया है. रवींद्र कुमार मांदड़ अपने प्रशासनिक कौशल के लिए जाने जाते हैं. उन्हें गाजियाबाद जिले की कमान दी गई है.
2.क्या होंगी गाजियाबाद के नए डीएम की प्राथमिकताएं?

गाजियाबाद के नवनियुक्त डीएम रवींद्र कुमार मांदड़ ने अपनी पोस्टिंग के बाद कहा कि जनता की शिकायतों का निपटारा करना, नवाचार के माध्यम से जिले का विकास करना और सर्वांगीण विकास के लिए इसे स्वच्छ, हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा.
3.मां ने दी अफसर बनने की सीख

रविंद्र कुमार मांदड़ राजस्थान के दौसा जिले के लालसोट के रहने वाले हैं. बचपन से ही उन्हें क्रिकेट खेलने का शौक था और वह क्रिकेटर बनना चाहते थे. लेकिन उनकी मां उन्हें बड़ा अफसर बनते देखना चाहती थीं इसलिए खुद ज्यादा पढ़ी-लिखी न होने के बावजूद भी उन्हें घंटों बिठाकर पढ़ाती रहती थीं. मां की बात मानकर उन्होंने तैयारी की और कलेक्टर बन गए.
4.बहनें भी कर रहीं सरकारी नौकरी

उनकी दो बहनें भी हैं जो परिवार में पढ़ाई को मिलने वाली अहमियत की वजह से सरकारी नौकरी कर रही हैं. मां ने अपने बच्चों को हमेशा ईमानदारी से गांव और गरीब लोगों की सेवा करने की नसीहत दी और उनके बच्चे भी पूरी तरह से इसका पालन कर रहे हैं.
5.अब तक किन अहम पदों पर रहे रविंद्र कुमार मांदड़?

गाजियाबाद के जिला मजिस्ट्रेट के रूप में कार्यभार संभालने से पहले रविंद्र कुमार मांदड़ फिरोजाबाद, आगरा, मथुरा, रामपुर, जौनपुर और प्रयागराज में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं. प्रयागराज के जिला मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात रहते हुए उन्होंने महाकुंभ मेला 2025 को सफल बनाने में भी अहम भूमिका निभाई थी.
6.अपने इन कामों से खूब लूटी वाहवाही

रामपुर में ज़िला मजिस्ट्रेट के रूप में अपनी तैनाती के दौरान उन्होंने 61 दिव्यांग बच्चों की सर्जरी कराने की पहल की. इसके अलावा उन्होंने अमृत सरोवर योजना के तहत बड़े पैमाने पर तालाबों के जीर्णोद्धार की पहल का भी नेतृत्व किया. उनके इन कामों की आज भी सराहना होती है.
7.पीएम मोदी भी कर चुके हैं सम्मानित

रविंद्र कुमार मांदड़ की गिनती योगी सरकार के सबसे तेजतर्रार अधिकारियों में होती है. उन्होंने सपा नेता आजम खान के रामपुर का मजबूत किला ढहाने में अहम भूमिका निभाई थी. सीएम योगी ही नहीं बल्कि पीएम मोदी भी उनके कामों के मुरीद हैं और कई बार उन्हें सम्मानित कर चुके हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.