एजुकेशन
Jaya Pandey | Mar 18, 2026, 03:46 PM IST
1.इंदौर की अनन्या शर्मा की सक्सेस स्टोरी

UPSC की सिविल सेवा परीक्षा को देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक माना जाता है. इसे पास करने के लिए सिर्फ ज्ञान ही नहीं बल्कि धैर्य, अनुशासन और लगातार मेहनत की जरूरत होती है. ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी इंदौर की अनन्या शर्मा की है. शुरुआती प्रयासों में उन्हें असफलता का सामना करना पड़ा और वह दो बार प्रीलिम्स भी क्लियर नहीं कर पाईं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. आखिरकार साल 2026 में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 13वीं रैंक हासिल की और अपनी मेहनत से सफलता की नई मिसाल पेश की. इससे पहले वह यूपीएससी सीडीएस भी अच्छे रैंक के साथ पास कर चुकी थीं.
(Image Credit: OldDalians)
2.अनन्या शर्मा का एजुकेशनल बैकग्राउंड

अनन्या शर्मा एक शिक्षित परिवार से आती हैं, जहां पढ़ाई का माहौल हमेशा से बढ़िया रहा. उनके पिता स्कूल में हेडमास्टर हैं और उनकी मां इंदौर क्रिश्चियन कॉलेज में इंग्लिश की प्रोफेसर हैं. अनन्या ने अपनी स्कूली शिक्षा इंदौर के डेली कॉलेज से पूरी की और इसके बाद हिंदू कॉलेज से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन किया. यूपीएससी की तैयारी से पहले अनन्या ने 2024 में यूपीएससी CDS को 5वीं रैंक के साथ क्रैक किया था. इसके बावजूद उन्होंने सेना की ट्रेनिंग जॉइन नहीं की क्योंकि उनका लक्ष्य शुरू से ही सिविल सेवा में जाना था. वह आगे चलकर भारतीय विदेश सेवा में करियर बनाना चाहती हैं और इंटरनेशनल लेवल पर भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहती हैं.
(Image Credit: OldDalians)
3.अनन्या शर्मा की यूपीएससी की स्ट्रैटेजी

एक इंटरव्यू में अपनी तैयारी की रणनीति के बारे में बताते हुए अनन्या ने कहा कि उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती प्रारंभिक परीक्षा रही. इसे पार करने के लिए उन्होंने पिछले साल के प्रश्नपत्रों का गहराई से विश्लेषण किया, नियमित मॉक टेस्ट दिए और बार-बार रिवीजन पर ध्यान दिया. उन्होंने अपनी गलतियों को समझकर उन्हें सुधारने पर खास जोर दिया. वहीं मुख्य परीक्षा के लिए उन्होंने आंसर राइटिंग स्किल को मजबूत किया, समय सीमा के अंदर लिखने का अभ्यास किया और अपने जवाबों में उदाहरण, डेटा, डायग्राम का इस्तेमाल करके अपने आंसर को और बेहतर बनाया.
(Image Credit: OldDalians)
4.कैसा था अनन्या शर्मा का इंटरव्यू एक्सपीरियंस?

इंटरव्यू उनका पहला प्रयास था और उन्होंने इसे एक सकारात्मक अनुभव बताया. उनके अनुसार इंटरव्यू बोर्ड ने उनसे ज्यादातर सवाल उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि से पूछे. उनसे इकोनॉमी के साथ इंटरनेशनल रिलेशन और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की गई और उन्होंने आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ सभी सवालों का जवाब दिया. अनन्या का मानना है कि इस लंबी तैयारी की प्रक्रिया में आस्था, धैर्य और आत्मविश्वास सबसे जरूरी होते हैं. उन्होंने कहा कि तैयारी के दौरान कई बार निराशा होती है, लेकिन अगर आप लगातार मेहनत करते रहें तो सफलता जरूर मिलती है. जब फाइनल लिस्ट में नाम आता है तो सारी मेहनत और संघर्ष सार्थक लगने लगता है.
(Image Credit: Canva)
5.देश के युवाओं की प्रेरणास्रोत बनीं अनन्या शर्मा

आज अनन्या शर्मा की सफलता की कहानी देशभर के युवाओं, खासकर लड़कियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन गई है. यह कहानी बताती है कि असफलता अंत नहीं होती, बल्कि सफलता की दिशा में एक जरूरी कदम होती है.
(Image Credit: ZMCL)
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.