एजुकेशन
कुलदीप पंवार | Jun 06, 2025, 03:51 PM IST
1.पहले ही प्रयास में IPS बनी थीं सिमाला प्रसाद

हम बात कर रहे हैं IPS Simala Prasad की, जो IPS अफसर होने के साथ ही बॉलीवुड एक्ट्रेस भी रह चुकी हैं. UPSC 2010 बैच की IPS अफसर सिमाला प्रसाद ने अपने पहले ही प्रयास में UPSC Exam क्लियर करके ऑल इंडिया 51वीं रैंक हासिल की थी. समाज से जुर्म को मिटाने के पैशन ने उन्हें IAS बनने के बजाय IPS बनने की प्रेरणा दी.
2.पिता भी रहे हैं IAS अफसर, बाद में बने सांसद

सिमाला प्रसाद का जन्म 8 अक्टूबर, 1980 को मध्य प्रदेश के भोपाल में हुआ था. उनके पिता डॉ. भगीरथ प्रसाद (Dr. Bhagirath Prasad) 1975 बैच के IAS अफसर थे. बाद में वे 2014 से 2019 तक भिंड लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के सांसद भी रहे हैं. सिमाला प्रसाद की मां मेहरुन्निसा परवेज भी मशहूर साहित्यकार हैं और पद्मश्री से नवाजी जा चुकी हैं.
3.पोस्ट ग्रेजुएशन में हासिल किया गोल्ड मेडल

सिमाला प्रसाद की प्रारंभिक शिक्षा भोपाल के सेंट जोसेफ को-एड स्कूल से हुई थी. बाद में उन्होंने इंस्टीट्यूट ऑफ एक्सीलेंस से B.Com की डिग्री हासिल की. बरकतउल्लाह यूनिवर्सिटी (Barkatullah University) से सिमाला प्रसाद ने गोल्ड मेडल के साथ सोशियोलॉजी में पीजी डिग्री हासिल की है.
4.UPSC से पहले MPSC में दिखाया कमाल

सिमाला प्रसाद ने मध्य प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन (MPSC) का एग्जाम पास किया और वे मध्य प्रदेश पुलिस (Madhya Pradesh Police) में DSP बन गईं.
5.बिना कोचिंग के ही पहले प्रयास में क्रैक किया UPSC EXam

DSP बनने के बाद फील्ड में बहुत सारी जिम्मेदारी होने पर भी सिमाला प्रसाद ने UPSC की तैयारी नहीं छोड़ी. उन्होंने बिना किसी कोचिंग के सेल्फ स्टडी का सहारा लिया और यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी. साल 2010 में उन्होंने पहली बार UPSC-CSE Exam दिया और उसमें ऑल इंडिया 51वीं रैंक के साथ बाजी मार दी. फिलहाल सिमाला प्रसाद मध्य प्रदेश के बैतूल जिले की पुलिस अधीक्षक के तौर पर तैनात हैं.
6.बचपन से ही था डांस और एक्टिंग का शौक

सिमाला प्रसाद को बचपन से ही डांस, म्यूजिक और एक्टिंग का शौक था. वे स्कूल-कॉलेज में भी विभिन्न कल्चरल इवेंट्स में भाग लेती रहती थीं. इसके चलते ही उन्हें बॉलीवुड फिल्म में एक्टिंग करने का ऑफर फिल्म निर्देशक जैगाम इमाम ने दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया और बॉलीवुड एक्ट्रेस बन गई.
7.साल 2017 में आई थी पहली फिल्म 'अलिफ'

सिमाला प्रसाद की पहली फिल्म अलिफ (Alif) फरवरी, 2017 में रिलीज हुई थी, जिसमें उन्होंने जैगाम इमाम और अली की बहन शम्मी का रोल निभाया था. यह फिल्म मदरसे से स्कूल तक की तालीम की अहमियत बताते हुए समाज को एक संदेश देती है. रिलीज होने से पहले यह फिल्म नवंबर, 2016 में ऑस्ट्रेलिया में इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ क्वींसलैंड में भी पेश की गई थी, जहां इसे सभी ने सराहा था. उनकी दूसरी फिल्म 'नक्काश (Nakkash)' साल 2019 में रिलीज हुई थी.
8.कविताएं भी लिखती हैं सिमाला

सिमाला को अपनी मां की तरह ही लिखने का भी शौक हैं. वे खासतौर पर कविताएं लिखती हैं. कोरोना लॉकडाउन के दौरान उन्होंने रात-दिन जान हथेली पर रखकर जूझ रहे पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाने के लिए 'मैं खाकी हूं' कविता लिखी थी, जिसे बेहद सराहना मिली थी और इसे लोगों ने बहुत ज्यादा शेयर किया था.