एजुकेशन
जया पाण्डेय | Jan 22, 2026, 11:01 AM IST
1.राजसत्ता और प्रशासन का अहम केंद्र रहे हैं भारत के प्राचीन किले

भारत में प्राचीन काल से किले रक्षा, प्रशासन और राजसत्ता के महत्वपूर्ण केंद्र रहे हैं. पहाड़ियों, मैदानों और रणनीतिक व्यापार मार्गों पर बने ये किले न केवल राज्यों को दुश्मनों के आक्रमण से बचाते थे, बल्कि उन्होंने भारतीय उपमहाद्वीप के राजनीतिक और सांस्कृतिक इतिहास को भी गहराई से प्रभावित किया. भारत में सैकड़ों ऐतिहासिक किले हैं, लेकिन क्षेत्रफल के आधार पर सबसे बड़ा किला कौन-सा है, यह सवाल अक्सर लोगों के मन में आता है.
(सभी तस्वीरें: विकिमीडिया कॉमन्स से साभार)
2.भारत का सबसे बड़ा किला कौन-सा है?

राजस्थान में स्थित चित्तौड़गढ़ किला क्षेत्रफल के हिसाब से भारत का सबसे बड़ा किला है. यह किला न केवल आकार में विशाल है, बल्कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है. चित्तौड़गढ़ किला दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में एक ऊंची पथरीली पहाड़ी पर स्थित है, जहां से बेराच नदी के मैदानों का मनोरम दृश्य दिखाई देता है. इसकी ऊंचाई और प्राकृतिक बनावट ने इसे एक मजबूत और सुरक्षित दुर्ग बनाया, जिस पर विजय पाना आक्रमणकारियों के लिए आसान नहीं था.
3.चित्तौड़गढ़ किले का निर्माण किसने करवाया था?

चित्तौड़गढ़ किले की स्थापना का इतिहास 7वीं शताब्दी से जुड़ा माना जाता है. माना जाता है कि इसकी नींव मौर्य वंश के राजा चित्रांगद मौर्य ने रखी थी. बाद में यह किला मेवाड़ के सिसोदिया राजपूतों की राजधानी बना. मेवाड़ के शासकों खासतौर से राणा कुंभा ने किले का व्यापक विस्तार और सुदृढ़ीकरण करवाया. समय-समय पर विभिन्न शासकों ने इसमें महल, मंदिर और दूसरी संरचनाएं जोड़ीं. यह किला तीन प्रसिद्ध घेराबंदियों के लिए जाना जाता है जिनमें अलाउद्दीन खिलजी और अकबर के आक्रमण प्रमुख हैं. रानी पद्मिनी, महाराणा सांगा और महाराणा प्रताप जैसे वीर व्यक्तित्वों से जुड़ी कहानियां चित्तौड़गढ़ को वीरता, बलिदान और स्वाभिमान का प्रतीक बनाती हैं.
4.चित्तौड़गढ़ किले की स्थापत्य विशेषताएं

चित्तौड़गढ़ किले की वास्तुकला राजपूत स्थापत्य शैली का उत्कृष्ट उदाहरण है. किले में कुल सात विशाल प्रवेश द्वार हैं, जिन्हें पोल कहा जाता है. इनके भीतर राजमहल, रानी पद्मिनी का महल, अनेक हिंदू और जैन मंदिर, निगरानी मीनारें और विशाल जल भंडारण प्रणालियां मौजूद हैं. किले के अंदर का विजय स्तंभ राणा कुंभा ने बनवाया गया था, जो मालवा के सुल्तान पर विजय का प्रतीक है. वहीं कीर्ति स्तंभ जैन स्थापत्य कला की सुंदरता को दर्शाता है. किले में कभी लगभग 84 जल संरचनाएं थीं, जिनमें तालाब, बावड़ियां और कुएं शामिल थे. ये जल भंडार लंबे समय तक चलने वाली घेराबंदी के दौरान किले में रहने वाले लोगों की जल आवश्यकताओं को पूरा करते थे. आज भी इनमें से कई संरचनाएं कार्यशील हैं, जो उस समय की उन्नत जल प्रबंधन तकनीक को दर्शाती हैं.
5.चित्तौड़गढ़ किले का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व

चित्तौड़गढ़ किला कई शताब्दियों तक मेवाड़ राज्य की राजधानी रहा. यह किला राजपूताना की राजनीतिक शक्ति, सांस्कृतिक विरासत और सैन्य परंपरा का प्रतीक माना जाता है. लगभग 700 एकड़ में फैला यह विशाल दुर्ग भारत का सबसे बड़ा किला परिसर है. इसके भीतर आवासीय क्षेत्र, मंदिर, महल, जल प्रणालियां और मजबूत रक्षात्मक दीवारें एक ही किलेबंद क्षेत्र में स्थित हैं. चित्तौड़गढ़ किला न केवल राजस्थान बल्कि पूरे भारत के मध्यकालीन इतिहास में एक केंद्रीय स्थान रखता है और आज यह यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल के रूप में भी मान्यता प्राप्त है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.