एजुकेशन
Jaya Pandey | May 15, 2026, 04:16 PM IST
1.तीन तरफ से बांग्लादेश से घिरा हुआ है यह राज्य

भारत के पूर्वोत्तर राज्य बांग्लादेश, चीन, म्यांमार, भूटान और नेपाल जैसे देशों से जुड़े हुए हैं. इन राज्यों में से एक राज्य अपनी बांग्लादेश के साथ अपनी भौगोलिक स्थिति की वजह से खास पहचान रखता है. यह राज्य तीन तरफ से बांग्लादेश से घिरा हुआ है. उत्तर, पश्चिम और दक्षिण दिशा में इसकी सीमा हमारे पड़ोसी देश बांग्लादेश से लगती है.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
2.बांग्लादेश की राजधानी ढाका से काफी करीब है यह राज्य

यह राज्य है त्रिपुरा. त्रिपुरा तीन दिशाओं से बांग्लादेश से घिरा हुआ है जबकि पूरब दिशा में यह असम और मिजोरम से जुड़ता है. त्रिपुरा उत्तर-पूर्व भारत का छोटा लेकिन रणनीतिक रूप से अहम राज्य है. इसका कुल क्षेत्रफल लगभग 10,491 वर्ग किलोमीटर है. इस राज्य की राजधानी अगरतला है, जो बांग्लादेश की सीमा के काफी करीब है. दिलचस्प बात यह है कि अगरतला, कोलकाता की तुलना में बांग्लादेश की राजधानी ढाका से ज्यादा नजदीक पड़ती है.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
3.कितने किलोमीटर तक लगती है बांग्लादेश की सीमा?

त्रिपुरा की करीब 856 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा बांग्लादेश से लगती है. भारत के विभाजन से पहले त्रिपुरा एक रियासत था और पूर्वी बंगाल से इसका गहरा संपर्क था. साल 1947 में भारत के विभाजन के बाद पूर्वी बंगाल पहले पूर्वी पाकिस्तान बना और बाद में 1971 में बांग्लादेश के रूप में अस्तित्व में आया. इसके बाद त्रिपुरा की सीमाएं तीन तरफ से दूसरे देश से घिर गईं.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
4.त्रिपुरा की अहम नदियां

भौगोलिक रूप से त्रिपुरा पहाड़ियों, घने जंगलों, नदी घाटियों और उपजाऊ मैदानों वाला राज्य है. यहां की प्रमुख नदियां गोमती, मनु, खोवाई और हावड़ा नदी हैं. इस राज्य की जलवायु और हरियाली इसे प्राकृतिक रूप से समृद्ध बनाती है. इसके अलावा त्रिपुरा अपनी जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक कला, बांस और हस्तशिल्प उत्पादों के लिए भी जाना जाता है.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
5.पूर्वोत्तर भारत को दक्षिण एशिया से जोड़ता है यह राज्य

तीन तरफ से बांग्लादेश से घिरा होने के बावजूद त्रिपुरा भारत के लिए रणनीतिक और आर्थिक रूप से बेहद अहम है. यह राज्य पूर्वोत्तर भारत को दक्षिण एशिया से जोड़ता है. अगरतला-अखौरा रेल लिंक और सीमा व्यापार मार्गों जैसे प्रोजेक्ट इस राज्य की कनेक्टिविटी को मजबूत कर रहे हैं. इससे व्यापार, परिवहन और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने में मदद मिल रही है.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
6.सांस्कृतिक रूप से काफी विविधता वाला राज्य है त्रिपुरा

सांस्कृतिक रूप से भी त्रिपुरा काफी विविधता वाला राज्य है. यहां बंगाली और जनजातीय संस्कृतियों का मिश्रण देखने को मिलता है. बांग्लादेश से नजदीकी के कारण भाषा, खानपान, संगीत और परंपराओं में भी कुछ समानताएं दिखाई देती हैं. लेकिन अपनी अलग ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के कारण त्रिपुरा पूर्वोत्तर भारत में एक खास जगह रखता है.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.