एजुकेशन
Jaya Pandey | Aug 17, 2026, 04:26 PM IST
1.वह ट्रेन जो बिहार से गुजरकर भी इस राज्य में नहीं रुकती

दुनिया के सबसे बड़े रेल नेटवर्क में इंडियन रेलवे का एक अहम स्थान है. नेटवर्क के आकार के मामले में यह दुनिया में चौथे नंबर पर है. यह हर दिन देश के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ने वाली हजारों ट्रेनों का संचालन करता है. इनमें कुछ ट्रेनें कई छोटे-बड़े स्टेशनों पर रुकती हैं, जबकि कुछ लंबी दूरी की ट्रेनें सिर्फ चुनिंदा रेलवे स्टेशनों पर ही रुकती हैं. क्या आप जानते हैं कि इंडियन रेलवे की वह कौन सी ट्रेन है जो बिहार से तो गुजरती है लेकिन इस राज्य के एक भी स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं है.
(All Image Credit: Wikimedia Commons)
2.ओडिशा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस है इस ट्रेन का नाम

इस ट्रेन का नाम ओडिशा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस है. ट्रेन नंबर 12820 आनंद विहार टर्मिनल से भुवनेश्वर के बीच चलती है. इस ट्रेन का रूट राजधानी दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से शुरू होकर बिहार के कुछ हिस्सों से गुजरते हुए झारखंड और फिर ओडिशा तक जाता है. लेकिन हैरानी की बात यह है कि बिहार राज्य में इसका कोई स्टॉपेज नहीं है.
3.आनंद विहार से भुवनेश्वर तक कहां-कहां है इस ट्रेन का स्टॉपेज?

ट्रेन नंबर 12820 आनंद विहार टर्मिनल से अपनी यात्रा शुरू करती है और करीब 1,780 किलोमीटर का सफर तय करके भुवनेश्वर पहुंचती है. इसके स्टॉपेज में कानपुर सेंट्रल, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन गोमोह, टाटानगर जंक्शन, हिजली, जलेश्वर, बालासोर, सोरो, भद्रक, जाजपुर क्योंझर रोड रोड, कटक और भुवनेश्वर शामिल हैं.
4.क्यों बिहार में नहीं रुकती ओडिशा संपर्क क्रांति?

अब सवाल उठता है कि आखिर ओडिशा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस बिहार में क्यों नहीं रुकती. इसका जवाब है कि इंडियन रेलवे ने इस ट्रेन के लिए बिहार में कोई निर्धारित ठहराव तय नहीं किया है. ट्रेनों का टाइमटेबल इस तरह से बनाया जाता है कि वह अपने निर्धारित रूट पर प्रमुख स्टेशनों और जंक्शनों को जोड़ते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचे. किसी नए स्टेशन पर स्टॉपेज से सिर्फ दो या चार मिनट का एक्स्ट्रा टाइम ही नहीं जुड़ता बल्कि इससे पूरे टाइमटेबल, दूसरी ट्रेनों के संचालन और संबंधित सेक्शन की क्षमता पर भी असर पड़ता है.
5.तेज कनेक्टिविटी के मकसद से रेलवे ने चलाई थीं संपर्क क्रांति ट्रेनें

संपर्क क्रांति ट्रेनों को देश के प्रमुख शहरों के बीच तेज कनेक्टिविटी के मकसद से चलाया गया था. ओडिशा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का काम भी दिल्ली और ओडिशा के बीच लंबी दूरी की कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है. यह ट्रेन कई महत्वपूर्ण जंक्शनों पर रुकती है जिससे यात्रियों को अहम शहरों और दूसरे रेलवे रूट से कनेक्शन मिल सके.
6.बिहार के यात्रियों को इस ट्रेन को पकड़ने के लिए क्या करना होगा?

ऐसे में अगर आप बिहार के किसी स्टेशन से ओडिशा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में सफर करना चाहते हैं तो सीधे बोर्डिंग संभव नहीं है. इसके लिए आपको इस ट्रेन के निर्धारित स्टॉपेज वाले स्टेशन पर जाना होगा और वहां से इस ट्रेन को पकड़ना होगा.