एजुकेशन
Jaya Pandey | May 13, 2026, 03:34 PM IST
1.जब खुशियों और खबरों का सबसे बड़ा जरिया होता था डाकिया

आज भले ही मोबाइल फोन, ईमेल और इंस्टेंट मैसेजिंग के दौर में चिट्ठियों का महत्व पहले जैसा न रहा हो, लेकिन एक समय ऐसा था जब डाकिया लोगों के लिए खुशियों और खबरों का सबसे बड़ा जरिया होता था. किसी अपने की चिट्ठी का महीनों इंतजार किया जाता था और डाकघर गांवों से लेकर शहरों तक संचार की सबसे भरोसेमंद कड़ी माने जाते थे.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
2.भारत में डाक सेवा का इतिहास

भारत में डाक सेवा का इतिहास बेहद पुराना और दिलचस्प है. यह प्राचीन राजाओं से लेकर ब्रिटिश शासन और आधुनिक इंडिया पोस्ट तक फैला हुआ है. खास बात यह है कि भारत में सबसे पहले डाकघर अंग्रेजों ने साल 1727 में पश्चिम बंगाल के कलकत्ता में खोला था. इसके बाद मद्रास और बॉम्बे में भी डाकघरों की शुरुआत हुई.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
3.अंग्रेजों से बहुत पहले मौजूद थी भारत में संदेश भेजने की व्यवस्था

भारत में संदेश भेजने की व्यवस्था अंग्रेजों से बहुत पहले मौजूद थी. प्राचीन काल में राजा-महाराजा संदेश पहुंचाने के लिए दूत, घुड़सवार और कबूतरों का इस्तेमाल करते थे. माना जाता है कि मौर्य साम्राज्य के दौरान सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य ने प्रशासन को मजबूत बनाने के लिए संचार व्यवस्था विकसित की थी. सम्राट अशोक के समय भी संदेश भेजने की प्रणाली को और व्यवस्थित किया गया.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
4.भारत में डाक व्यवस्था का विकास

मध्यकाल में भी डाक व्यवस्था लगातार विकसित होती रही. 13वीं शताब्दी में अलाउद्दीन खिलजी के शासन के दौरान घोड़े और पैदल संदेशवाहकों की व्यवस्था का उल्लेख मिलता है. प्रसिद्ध यात्री इब्न बतूता ने भी तुगलक काल में तेज संचार प्रणाली का जिक्र किया था, जिसमें घुड़सवार और धावक संदेश पहुंचाते थे. बाद में शेरशाह सूरी ने भारत की संचार व्यवस्था को एक नई दिशा दी. उन्होंने 16वीं शताब्दी में ग्रैंड ट्रंक रोड का विकास कराया और रास्ते में सराय बनवाईं, जहां संदेशवाहकों के लिए घोड़े तैयार रखे जाते थे. माना जाता है कि बंगाल से सिंध तक फैले मार्ग पर डाक और प्रशासनिक संदेश तेजी से पहुंचाने के लिए विशेष घुड़सवार नियुक्त किए गए थे.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
5.भारत में आधुनिक डाक व्यवस्था की शुरुआत

भारत में आधुनिक डाक व्यवस्था की शुरुआत ब्रिटिश शासन के दौरान हुई. ईस्ट इंडिया कंपनी ने 1727 में कलकत्ता में पहला पोस्ट ऑफिस खोला. इसके बाद 1766 में रॉबर्ट क्लाइव ने एक नियमित डाक प्रणाली को व्यवस्थित रूप देना शुरू किया. 1774 में गवर्नर जनरल वॉरेन हेस्टिंग्स ने डाक सेवा को आम जनता के लिए खोला और कलकत्ता जनरल पोस्ट ऑफिस (GPO) की स्थापना की गई. शुरुआत में डाक व्यवस्था का मकसद मुख्य रूप से ईस्ट इंडिया कंपनी के व्यापार और प्रशासनिक हितों को पूरा करना था, लेकिन धीरे-धीरे यह आम लोगों तक पहुंच गई.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
6.भारतीय डाक व्यवस्था में बड़े बदलाव

19वीं शताब्दी में भारतीय डाक व्यवस्था में बड़े बदलाव हुए. 1837 के डाकघर अधिनियम ने डाक पहुंचाने का अधिकार सरकार के अधीन कर दिया. इसके बाद 1854 में लॉर्ड डलहौजी के सुधारों के तहत भारतीय डाक विभाग को एक व्यवस्थित स्वरूप मिला. इसी दौरान पूरे देश में एक समान डाक दरें लागू की गईं और आधुनिक डाक सेवा की नींव मजबूत हुई. 1852 में सिंध क्षेत्र में 'सिंध डाक' नाम से भारत का पहला डाक टिकट जारी किया गया, जबकि 1854 में पूरे भारत के लिए पहले आधिकारिक डाक टिकट जारी किए गए.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
7.कब शुरू हई पोस्टकार्ड सेवा?

धीरे-धीरे डाक सेवा सिर्फ चिट्ठियों तक सीमित नहीं रही. 1879 में पोस्टकार्ड सेवा शुरू हुई, जिसने सस्ते और आसान संचार को बढ़ावा दिया. 1882 में डाकघर बचत बैंक की शुरुआत हुई और बाद में डाक जीवन बीमा सेवा भी शुरू की गई. ब्रिटिश काल में रेलवे मेल सेवा और मनी ऑर्डर जैसी सुविधाएं भी शुरू हुईं, जिससे दूर-दराज इलाकों तक पैसे और संदेश पहुंचाना आसान हो गया.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
8.भारत में कब शुरू हुई पहली एयरमेल सेवा?

भारतीय डाक इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि 18 फरवरी 1911 को दर्ज हुई, जब दुनिया की पहली आधिकारिक एयरमेल सेवा भारत में शुरू हुई. इलाहाबाद से नैनी तक लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर डाक विमान के जरिए भेजी गई थी. यह घटना वैश्विक डाक इतिहास में भारत को एक खास पहचान दिलाने वाली मानी जाती है.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
9.स्वतंत्रता के बाद भारतीय डाक सेवा में विस्तार

स्वतंत्रता के बाद भारतीय डाक सेवा ने तेजी से विस्तार किया. 1947 में आजादी के उपलक्ष्य में विशेष डाक टिकट जारी किए गए. बाद में देश में डाक व्यवस्था को और आधुनिक बनाने के लिए कई बदलाव किए गए. 15 अगस्त 1972 को छह अंकों वाला पिन कोड सिस्टम लागू किया गया, जिसे श्रीराम भीकाजी वेलंकर ने डिजाइन किया था. इस प्रणाली का मकसद डाक वितरण को तेज और सटीक बनाना था, ताकि एक जैसे नाम वाले शहरों और इलाकों में भ्रम की स्थिति खत्म हो सके.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
10.भारत में कब शुरू हुई स्पीड पोस्ट सर्विस?

1986 में स्पीड पोस्ट सेवा शुरू की गई, जिसने तेज डिलीवरी की नई सुविधा दी. इसके बाद तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ डाक विभाग ने खुद को लगातार बदला. 2000 के दशक में मेघदूत सॉफ्टवेयर और ई-पेमेंट जैसी सेवाओं को शामिल किया गया. आज इंडिया पोस्ट सिर्फ चिट्ठियां पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि बैंकिंग, बीमा, आधार सेवाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाने का काम भी कर रहा है. करीब 1.6 लाख डाकघरों के विशाल नेटवर्क के साथ भारतीय डाक विभाग दुनिया के सबसे बड़े डाक नेटवर्क में गिना जाता है.
(Image Credit: Wikimedia Commons)
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.