एजुकेशन
जया पाण्डेय | Jan 14, 2026, 02:34 PM IST
1.IAS कृतिका मिश्रा और IAS अंकुर त्रिपाठी की खूबसूरत लव स्टोरी

भारत में माना जाता है कि यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा क्रैक करके जिंदगी बन जाती है. इस परीक्षा को पास करने पर न सिर्फ प्रतिष्ठित सरकारी पद मिलते हैं बल्कि कई बार यहीं से जीवन की नई शुरुआत भी हो जाती है. आज हम आपको ऐसे ही एक प्रेरक कपल से मिलवा रहे हैं जिन्होंने यूपीएससी परीक्षा पास कर न केवल प्रशासनिक सेवा में जगह बनाई बल्कि एक-दूसरे को अपना जीवनसाथी भी चुना.
2.यूपीएससी में 66वीं रैंक लाकर आईएएस बनी थीं कृतिका मिश्रा

उत्तर प्रदेश के कानपुर की रहने वाली कृतिका मिश्रा एक मध्यमवर्गीय परिवार से आती हैं. उन्होंने कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ दूसरे प्रयास में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास की. यूपीएससी 2022 में उन्होंने ऑल इंडिया 66वीं रैंक हासिल की और हिंदी माध्यम की टॉपर बनकर उभरीं. कृतिका की सफलता केवल परीक्षा पास करने की नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और स्पष्ट लक्ष्य की कहानी है.
3.कृतिका मिश्रा का एजुकेशनल बैकग्राउंड

कृतिका ने अपनी प्रारंभिक स्कूली शिक्षा कानपुर से ही पूरी की. इसके बाद उन्होंने कानपुर यूनिवर्सिटी से संबद्ध पंडित पृथ्वी नाथ महाविद्यालय से हिंदी साहित्य में स्नातक की पढ़ाई की. उनके पिता दिवाकर मिश्रा कानपुर के चुन्नीगंज स्थित बिशंबर नाथ सनातन धर्म इंटर कॉलेज में लेक्चरर हैं. वहीं उनकी छोटी बहन मुदिता मिश्रा हिंदी साहित्य में पीएचडी कर रही हैं. शिक्षा का यह माहौल कृतिका के व्यक्तित्व और सोच को गहराई से प्रभावित करता रहा.
4.कृतिका मिश्रा का यूपीएससी का सफर

जब कृतिका ने यूपीएससी की तैयारी शुरू की तो उन्हें कई लोगों ने अंग्रेजी माध्यम अपनाने की सलाह दी. लेकिन हिंदी भाषा के प्रति उनका विश्वास अडिग रहा. उन्होंने अपनी भाषाई जड़ों को न छोड़ते हुए हिंदी माध्यम से ही परीक्षा देने का फैसला किया. पहले प्रयास में उन्हें सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हार मानने के बजाय अपनी कमियों का विश्लेषण किया. उन्होंने खासतौर से आंसर राइटिंग की प्रैक्टिस पर फोकस किया और हिंदी साहित्य को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना.
5.हिंदी माध्यम से बनी थीं यूपीएससी की टॉपर

एक कॉलेज लेक्चरर की बेटी होने के कारण कृतिका का पालन-पोषण एक शैक्षणिक माहौल में हुआ. इसके बावजूद अंग्रेजी माध्यम के उम्मीदवारों के दबदबे वाली परीक्षा में खुद को साबित करना आसान नहीं था. उनकी सफलता के पीछे सुनियोजित रणनीति, निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और परिवार का मजबूत सहयोग रहा. यूपीएससी 2022 में 66वीं रैंक के साथ उन्होंने यह साबित कर दिया कि हिंदी माध्यम के उम्मीदवार भी टॉप रैंक हासिल कर सकते हैं.
6.अपनी लव लाइफ को लेकर चर्चा में हैं कृतिका मिश्रा

अपनी प्रोफेशनल उपलब्धियों के साथ-साथ कृतिका मिश्रा अपनी लव लाइफ को लेकर भी चर्चा में रही हैं. वह आईएएस अंकुर त्रिपाठी के साथ अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियों में हैं. कृतिका मिश्रा और अंकुर त्रिपाठी की पहली मुलाकात प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के दौरान हुई थी. हालांकि इससे पहले दोनों की पहचान मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में फाउंडेशन कोर्स के दौरान भी हो चुकी थी.
7.50वीं रैंक लाकर IAS बने थे अंकुर त्रिपाठी

यूपीएससी 2022 परीक्षा पास करने के बाद अमेठी निवासी अंकुर त्रिपाठी का चयन भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए हुआ. फाउंडेशन कोर्स के दौरान दोनों ने एक साथ प्रशिक्षण लिया, जहां उनकी दोस्ती धीरे-धीरे मजबूत होती चली गई. इसके बाद अंकुर त्रिपाठी ने यूपीएससी 2024 परीक्षा पास की और ऑल इंडिया 50वीं रैंक के साथ आईएएस अधिकारी बने.
8.इंगेजमेंट के बाद जल्द शादी के बंधन में बंधने वाले हैं कृतिका और अंकुर

हाल ही में कृतिका मिश्रा और अंकुर त्रिपाठी ने इंगेजमेंट की है और जल्द ही दोनों शादी के बंधन में बंधने वाले हैं. यह कहानी न केवल यूपीएससी की सफलता की है, बल्कि यह भरोसे, धैर्य और साझे सपनों के साथ आगे बढ़ने की एक प्रेरक मिसाल भी है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.