एजुकेशन
रजित गुप्ता ने जेईई एडवांस्ड 2025 में टॉप किया है, जानें उन्होंने किस स्ट्रैटजी से पढ़ाई की थी और आगे उनका क्या प्लान है...
आईआईटी कानपुर ने जेईई एडवांस्ड परीक्षा के नतीजे जारी कर दिए हैं जिसमें रजित गुप्ता ने टॉप किया है. कोचिंग हब कोटा से आने वाले 18 साल के रजित ने 360 में से 332 मार्क्स हासिल किए हैं. रजित ने जेईई की तैयारी तभी से शुरू कर दी थी, जब वे छठी कक्षा में थे. उनके माता-पिता ने तब उन्हें एक कोचिंग इंस्टीट्यूट में जाल दिया था. मीडिया से बातचीत में रजित ने बताया कि इससे उन्हें एक मजबूत आधार बनाने में मदद मिली.
रजित ने कहा, 'शुरुआत में मेरे मम्मी-पापा को लगा कि मैं मेडिकल की पढ़ाई करूंगा और मैं भी अपने करियर को लेकर पूरी तरह से स्पष्ट नहीं था. लेकिन एक्स्ट्रा क्लासेस ने मुझे क्लियरिटी दी और जब तक मैं 9वीं कक्षा में पहुंचा, मुझे अपने लक्ष्य के बारे में पूरा भरोसा हो गया.'
जेईई टॉपर रजित एक संपन्न परिवार से आते हैं. उनकी मां डॉ. श्रुति अग्रवाल यूनिवर्सिटी टॉपर थीं और वर्तमान में जेडीबी कॉलेज में होम साइंस की प्रोफेसर हैं. उनके पिता एनआईटी इलाहाबाद से ग्रेजुएट हैं और अब बीएसएनएल में सब डिविजनल इंजीनियर के रूप में काम करते हैं. रजित ने बताया कि एक सुशिक्षित परिवार से होने के बावजूद उनपर कभी दबाव नहीं बनाया गया. उनके माता-पिता ने हमेशा उनका मार्गदर्शन किया.
रजित छोटी उम्र से ही पढ़ाई में होशियार थे और लगातार अव्वल आते रहे. उन्होंने सीबीएसई कक्षा 10 की परीक्षा में मैथ्स में 100 और साइंस में भी बढ़िया मार्क्स हासिल किए. उनका ओवरऑल परसेंटेज 96.8% रहा.
रजित ने पढ़ाई के लिए कभी भी सख्ती से शेड्यूल का पालन नहीं किया क्योंकि इससे बिना वजह दबाव पैदा होता था. वह तब ही पढ़ते थे, जब उनका मन करता था. लेकिन वह जितने समय भी पढ़ते थे, हमेशा मन लगाकर ही पढ़ाई करते थे. जिस चीज ने उनकी सबसे ज्यादा मदद की वह यह थी कि जब तक डाउट क्लियर नहीं हो जाता था, वे पढ़ाई में आगे नहीं पढ़ते थे. इसे अलावा वह अपनी तैयारी को चेक करने के लिए मॉक टेस्ट जरूर देते थे.
जेईई टॉपर ने बताया कि वह आगे आईआईटी बॉम्बे से पढ़ाई करना चाहते हैं. वह यहां से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करना चाहते हैं. रजित के नक्शेकदम पर चलते हुए उनकी 11 साल की बहन ने भी कोचिंग इंस्टीट्यूट में दाखिला ले लिया है जिससे उसका भी मजबूत आधार बन सके.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.