एजुकेशन
UPTET 2026 Result: अगर आप 2 जुलाई से 4 जुलाई तक हुई उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 में शामिल हुए थे तो जानें इसका रिजल्ट कब तक जारी हो सकता है....
- UPTET के नतीजों का लाखों उम्मीदवार कर रहे बेसब्री से इंतजार
- नतीजे जारी होने के बाद upessc.up.gov.in से डाउनलोड कर पाएंगे स्कोरकार्ड
- 2 से 4 जुलाई को हुए थे एग्जाम
- जुलाई के आखिर तक रिजल्ट जारी होने की है संभावना
UPTET 2026 Result: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 में शामिल हुए लाखों उम्मीदवारों के नतीजों का इंतजार जल्द ही खत्म हो सकता है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) परीक्षा के बाद की सभी प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने में जुटा है. हालांकि, आयोग ने अभी तक रिजल्ट जारी करने की कोई ऑफिशियल डेट का ऐलान नहीं किया है लेकिन आंसर की ऑब्जेक्शन और इसके बाद की मूल्यांकन प्रक्रिया में आयोग जुटा हुआ है जिससे माना जा रहा है कि जुलाई के आखिर तक नतीजों का ऐलान किया जा सकता है. उम्मीदवारों को यह सलाह दी जाती है कि वे किसी भी फर्जी अपडेट से बचने के लिए सिर्फ आयोग की ऑफिशियल वेबसाइट upessc.up.gov.in पर दी गई जानकारी पर ही भरोसा करें.
फिलहाल आयोग ने प्रोविजनल आंसर-की जारी करने के बाद उम्मीदवारों को उस पर आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया है. इसके लिए अब सिर्फ कल यानी 14 जुलाई 2026 तक का ही समय बचा है. सारी आपत्तियां मिलने के बाद सब्जेक्ट एक्सपर्ट इसे रिव्यू करेंगे और अगर किसी जवाब में कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो फाइनल आंसर की में उसे रिवाइज किया जाएगा. फिर इसके आधार पर ही OMR शीट का मूल्यांकन होगा और रिजल्ट जारी किया जाएगा.
UPTET 2026 की परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को राज्य के 60 जिलों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर पांच शिफ्ट में आयोजित की गई थी. परीक्षा के लिए करीब 19.94 लाख उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था जिसमें से 17 लाख से अधिक उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल हुए थे. परीक्षा का आयोजन भी अलग-अलग स्तरों के लिए अलग शिफ्ट में किया गया था. अपर प्राइमरी लेवल (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा 2 जुलाई की दोनों शिफ्ट और 3 जुलाई की पहली शिफ्ट में हुई थी. वहीं प्राइमरी लेवल (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा 3 जुलाई की दूसरी शिफ्ट और 4 जुलाई की पहली शिफ्ट में आयोजित की गई थी.
UPTET 2026 Result: क्या कहता है पुराने साल का ट्रेंड?
इससे पहले 23 जनवरी 2022 को UPTET की परीक्षा आयोजित की गई थी जिसके नतीजे लगभग 75 दिन के बाद 8 अप्रैल 2022 को जारी किए गए थे. पिछले वर्षों का ट्रेंड बताता है कि UPTET का रिजल्ट आमतौर पर फाइनल आंसर-की जारी होने के बाद घोषित किया जाता है इसलिए उम्मीदवारों को पहले फाइनल आंसर की जारी होने का इंतजार करना चाहिए. रिजल्ट जारी होने के बाद उम्मीदवार अपने रोल नंबर और दूसरे लॉगइन डिटेल्स की मदद से ऑफिशियल वेबसाइट से अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर पाएंगे.