एजुकेशन
यूपीएससी ने उम्मीदवारों की मदद के लिए एक नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया है. जानें यह पोर्टल उम्मीदवारों की कैसे मदद करेगा...
यूपीएससी ने रजिस्ट्रेशन और ऑनलाइन एप्लीकेशन फॉर्म भरने के लिए नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया है. कमीशन की ऑफिशियल नोटिस में कहा गया, 'यूपीएससी ऑनलाइन एप्लीकेशन पोर्टल के चार भाग हैं. इनमें से तीन अकाउंट बनाने, यूनिवर्सल रजिस्ट्रेशन और कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म में ऐसी जानकारी है जो सभी परीक्षाओं के लिए सामान्य है और उम्मीदवार इसे कभी भी भर सकते हैं. चौथे भाग Examination में परीक्षा नोटिस, परीक्षा आवेदन और आवेदन की स्थिति के बारे में जानकारी मिलेगी. इस भाग में सिर्फ परीक्षा से जुड़ी जानकारी ही भरी जाएगी, जो एग्जाम नोटिफिकेशन दी गई समय अवधि के दौरान ही भरी जा सकती है.'
नोटिस में आगे कहा गया है कि नई व्यवस्था का उद्देश्य उम्मीदवारों को किसी भी समय पहले तीन भाग भरने की सुविधा देने और जरूरत के मुताबिक नोटिफिकेशन के साथ किसी भी यूपीएससी परीक्षा में आवेदन करने के लिए तैयार रहना है. इससे समय की बचत होगी और आखिरी समय में भीड़ से बचा जा सकेगा.
इस संबंध में आयोग ने सभी उम्मीदवारों से upsconline.nic.in वेबसाइट के माध्यम से नए शुरू किए गए पोर्टल पर आवेदन भरने और अपने डॉक्यूमेंट अपलोड करने को कहा है. इसमें कहा गया है कि पिछला वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) मॉड्यूल अब से लागू नहीं होगा.
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे वेरिफिकेशन के लिए यूनिवर्सल एप्लीकेशन में आईडी डॉक्यूमेंट के रूप में अपने आधार कार्ड का इस्तेमाल करें ताकि आईडी और दूसरे डिटेल्स का आसानी से वेरिफिकेशन हो सके. आयोग ने कहा कि ऐसा करना सभी परीक्षाओं के लिए एक स्थायी और सामान्य रिकॉर्ड के रूप में काम करेगा. यूपीएससी की दी गई जानकारी के अनुसार सीडीएस II और एनडीए एवं एनए II परीक्षा 2025 के लिए आवेदन नए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे. अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवारों को यूपीएससी की ऑफिशियल वेबसाइट देखने की सलाह दी जाती है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.