एजुकेशन
TCS Salary Hike 2025: टीसीएस एक तरफ जहां अपने करीब 12 हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की योजना बना रहा है, वहीं दूसरी ओर इसने 80 फीसदी कर्मचारियों की सैलरी में इजाफा करने का ऐलान किया है, जानें आखिर क्या है पूरा मामला
TCS Wages Hike: टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज एक तरफ जहां अपने कर्मचारियों की छंटनी की योजना बना रहा है. वहीं दूसरी तरफ इसने अपने कुछ कर्मचारियों की सैलरी में बढ़ोतरी का ऐलान किया है. टीसीएस 1 सितंबर से अपने 80% कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी करेगी. हालांकि कंपनी अपने वर्कफोर्स को नया स्वरूप देने और अपने परिचालन को भविष्य के लिए सुरक्षित बनाने के तहत इस साल 12,000 कर्मचारियों की छंटनी करने की योजना भी बना रही है.
पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर मिलिंद लक्कड़ और सीएचआरओ नामित के सुदीप ने एक इंटरनल ईमेल में सैलरी हाइक की घोषणा की. ईमेल में लिखा था, 'हमें C3A और समकक्ष ग्रेड तक के सभी पात्र सहयोगियों के लिए वेतन में संशोधन की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है.' कर्मचारियों को उनके समर्पण और कड़ी मेहनत के लिए धन्यवाद दिया गया.
हालांकि सैलरी में बढ़ोतरी की सीमा अभी भी स्पष्ट नहीं है लेकिन कंपनी के प्रवक्ता ने रिपोर्ट में संशोधन की पुष्टि करते हुए कहा- 'हम 1 सितंबर 2025 से अपने लगभग 80% कर्मचारियों को वेतन में इजाफा करेंगे.'
टीसीएस अपने ग्लोबल वर्कफोर्स के लगभग 2% यानी लगभग 12,000 कर्मचारियों की छंटनी करने जा रहा है जो मिड या सीनियर लेवल पर हैं. कंपनी का कहना है कि यह कटौती एक भविष्य के लिए तैयार संगठन बनने की दिशा में उसके प्रयासों का हिस्सा है, जिसमें एआई, बाजार विस्तार और नए बुनियादी ढांचे में बड़े निवेश शामिल हैं.
टीसीएस की जूनियर कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी और सीनियर कर्मचारियों की छंटनी की यह दोहरी नीति भारत के आईटी क्षेत्र में बदलती प्राथमिकताओं को उजागर करती है, जो वैश्विक आर्थिक चुनौतियों, अमेरिकी व्यापार नीति के दबावों और एआई व्यवधानों से जूझ रहा है.
टीसीएस, इंफोसिस और एचसीएलटेक सहित भारत की टॉप टेक कंपनियों ने वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में सिंगल डिजिट में रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज की है जो ग्लोबल मार्केट में ग्राहकों की अनिश्चितता और सौदे के फैसलों में देरी को दर्शाता है. टीसीएस में छंटनी से मार्केट में चिंता फैल गई है और यह सवाल उठने लगा है कि क्या आईटी क्षेत्र दशकों के लगातार विकास के बाद बदलाव की दिशा में आगे बढ़ रहा है?
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.