एजुकेशन
कृशांगी मेश्राम ने 21 साल की उम्र में ब्रिटेन की सबसे कम उम्र की सॉलिसिटर बनकर इतिहास रच दिया है, जानें उनकी सफलता की कहानी...
भारतीय मूल की एक लड़की ने इंग्लैंड और वेल्स के हालिया इतिहास में सबसे कम उम्र की सॉलिसिटर बनने की खास उपलब्धि हासिल की है. कृशांगी मेश्राम 21 साल की उम्र में ब्रिटेन की सबसे कम उम्र की सॉलिसिटर हैं. हालांकि वह वर्तमान में संयुक्त अरब अमीरात में रह रही हैं. इंग्लैंड के मिल्टन कीन्स की ओपन यूनिवर्सिटी ने अपनी वेबसाइट पर उनपर एक लेख छापा जिसका शीर्षक 'लॉ ग्रेजुएट कृषांगी ने एक बार फिर इतिहास रचा' था.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कृशांगी मेश्राम का जन्म पश्चिम बंगाल में हुआ था और उनका पालन-पोषण उनके परिवार ने नहीं बल्कि इस्कॉन मायापुर समुदाय ने किया था. रिपोर्टों से यह भी पता चलता है कि उन्होंने कुछ साल पहले कानून की पढ़ाई के लिए द ओपन यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया था. वह इतनी मेधावी थी कि उन्होंने मात्र 18 साल की उम्र में इस्कॉन मायापुर यूनिवर्सिटी से फर्स्ट क्लास में ग्रेजुएशन की उपाधि हासिल की.
एक इंटरव्यू में कृशांगी ने बताया कि उन्होंने 15 की उम्र में अपनी स्कूली शिक्षा पूरी कर ली थी. फिर उन्होंने यूके की लॉ यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री के साथ-साथ एलपीसी भी शुरू किया. 20 साल की उम्र में कृशांगी ने एलपीसी की पढ़ाई डिस्टिंक्शन के साथ पूरी की और बिज़नेस, लॉ और मैनेजमेंट में एमएससी की डिग्री डिस्टिंक्शन के साथ हासिल की. मास्टर डिग्री के तुरंत बाद उन्हें 2022 में एक इंटरनेशनल लॉ फर्म में नौकरी का पहला मौका मिला.
ओपन यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर उनके हवाले से लिखा गया है, 'मैंने क़ानून की पढ़ाई इसलिए चुनी क्योंकि मैं एक ऐसी डिग्री चाहती थी जिससे मुझे व्यापक ज्ञान मिल सके. मुझे अंदाज़ा नहीं था कि मैं उन मूल्यवान कौशलों को हासिल कर पाऊंगी जो ओयू ने मुझे आत्म-अनुशासन से लेकर संगठन तक सिखाए हैं. ओयू से डिग्री हासिल करने से मुझे सिंगापुर में रिमोट जॉब हासिल करने में मदद मिली.'
इस साल अप्रैल 2025 में वह इंग्लैंड और वेल्स में सॉलिसिटर बन गईं. गौरतलब है कि कृशांगी मेश्राम हाल के इतिहास में सबसे कम उम्र की सॉलिसिटर बनी हैं. उन्होंने अपने इंटरव्यू में कहा कि वह यूके और यूएई की प्रमुख फर्मों के लिए काम करना चाहती हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.