एजुकेशन
CLAT 2025 अंडरग्रेजुएट एडमिशन के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, यहां जानें काउंसलिंग और सीट अलॉटमेंट से जुड़ी सारी डिटेल्स...
CLAT Counselling 2025: कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज (NLUs) ने CLAT 2025 अंडरग्रेजुएट एडमिशन काउंसलिंग के लिए आधिकारिक तौर पर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है. जिन उम्मीदवारों ने सफलतापूर्वक क्लैट की परीक्षा पास की है और उन्हें काउंसलिंग के लिए आमंत्रित किया गया है, वे अब आधिकारिक वेबसाइट consortiumofnlus.ac.in पर एडमिशन काउंसलिंग प्रक्रिया के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. रजिस्ट्रेशन विंडो 17 मई 2025 को शाम 4:00 बजे से खुल चुकी है और यह 21 मई को शाम 5 बजे तक खुली रहेगी. काउंसलिंग की पहली अलॉटमेंट लिस्ट 26 मई 2025 को सुबह 10 बजे जारी की जाएगी और सीट आवंटन तीन काउंसलिंग राउंड के माध्यम से आगे बढ़ेगा.
पढ़ें पूरी खबर- CLAT UG 2025: क्लैट यूजी का रिवाइज्ड रिजल्ट और फाइनल आंसर की जारी, यहां चेक करें काउंसलिंग का शेड्यूल
केवल वे उम्मीदवार ही काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेने के पात्र हैं जिन्हें ईमेल, एसएमएस और CLAT 2025 पोर्टल के माध्यम से आमंत्रण प्राप्त हुआ है. इन उम्मीदवारों को अपनी पात्रता की पुष्टि करने के लिए अपने CLAT अकाउंट में लॉग इन करना होगा और टू स्टेप रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी जिसमें NLU वरीयताएं अपडेट करना और काउंसलिंग रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान करना शामिल होगा.
जिन उम्मीदवारों ने पहले ही रजिस्ट्रेशन करा लिया था और फीस सबमिट कर दिया था, उन्हें फिर से रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं है. वे वे समय सीमा से पहले अपनी एनएलयू वरीयताओं को अपडेट कर सकते हैं. वहीं जिन अभ्यर्थियों ने भुगतान किया था लेकिन अपडेट किए गए परिणामों के आधार पर अयोग्य पाए गए, उनके लिए काउंसलिंग शुल्क की पूरी वापसी की जाएगी. जनरल कैटिगरी के लिए रजिस्ट्रेशन फीस 30 हजार रुपये और एसटी/एससी/ओबीसी/बीसी/ईडब्ल्यूएस/पीडब्ल्यूडी कैटिगरी के लिए यह फीस 20,000 रुपये है. कंसोर्टियम द्वारा निर्धारित कुछ शर्तों के तहत शुल्क वापस किया जा सकता है.
स्टेप 1: आधिकारिक वेबसाइट consortiumofnlus.ac.in पर जाएं.
स्टेप 2: अपने CLAT 2025 क्रेडेंशियल का इस्तेमाल करके लॉग इन करें.
स्टेप 3: काउंसलिंग इन्विटेशन को चेक करें.
स्टेप 4: Update NLU Preferences पर क्लिक करें और कम से कम 15 एनएलयू का चयन करें.
स्टेप 5: अपनी प्राथमिकताएं सबमिट करें और समीक्षा करें (21 मई तक कई बार अपडेट किया जा सकता है.)
स्टेप 6: काउंसलिंग रजिस्ट्रेशन फीस के लिए Make Payment पर क्लिक करें.
स्टेप 7: यह सुनिश्चित करें कि पेमेंट स्टेटस Payment Successful दिखाए.
रजिस्ट्रेशन: 17 मई से 21 मई, 2025 तक
पहली अलॉटमेंट लिस्ट: 26 मई, 2025
दूसरी अलॉटमेंट लिस्ट: 4 जून, 2025
फाइनल अलॉटमेंट लिस्ट: 20 जून, 2025
फीस पेमेंट की आखिरी तारीख: 14 जून और 27 जून 2025
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक पोर्टल पर नियमित रूप से नजर रखें और प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से चलाने के लिए समय-सीमा का सख्ती से पालन करें.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.