एजुकेशन
अमित मालवीय की जगह अब दीपक म्हस्के बीजेपी के डिजिटल और सोशल मीडिया अभियान की कमान संभालेंगे. जानें वह कितने एजुकेटेड हैं और उनका अबतक का सफर कैसा रहा है...
बीजेपी ने दीपक म्हस्के को पार्टी के नए आईटी सेल चीफ की जिम्मेदारी सौंपी है. अमित मालवीय की जगह अब वह बीजेपी के डिजिटल और सोशल मीडिया अभियान की कमान संभालेंगे. उनका प्रोफाइल बीजेपी के सामान्य सोशल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट से काफी अलग नजर आता है. वह लंबे समय से छत्तीसगढ़ बीजेपी के संगठन और आईटी-सोशल मीडिया से जुड़े रहे हैं. चुनावी अभियानों से लेकर पार्टी के डिजिटल नेटवर्क को मजबूत करने तक, उन्होंने राज्य स्तर पर लंबे समय तक काम किया है.
छत्तीसगढ़ में बीजेपी के सोशल मीडिया संगठन को मजबूत करने में भी दीपक म्हस्के की भूमिका रही है. 2018 में वह बीजेपी के स्टेट सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर के तौर पर पार्टी के सोशल मीडिया वॉलंटियर्स कार्यक्रम से जुड़े थे. इस कार्यक्रम के तहत पार्टी समर्थकों को सोशल मीडिया के जरिए बीजेपी के संदेश और विचार लोगों तक पहुंचाने के लिए जोड़ा जा रहा था. उन्होंने अपने करियर में केमेस्ट्री प्रोफेसर, एग्रीकल्चर और हॉर्टिकल्चर में काम, इलेक्टोरल डेटा एनालिसिस, पब्लिक सेक्टर कंपनी में बोर्ड पोजीशन और छत्तीसगढ़ सरकार में भी वरिष्ठ पदों पर काम किया है.
साल 1968 में जन्मे दीपक म्हस्के के पास केमेस्ट्री में एमएससी की डिग्री है. इसके अलावा उनके पास सीमेंट टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा और कंप्यूटर प्रोग्रामिंग में एक सर्टिफिकेट कोर्स भी है. इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड में उनकी प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने अपना करियर एक कॉलेज में केमेस्ट्री प्रोफेसर के तौर पर शुरू किया था. इसके बाद उन्होंने एग्रीकल्चर की ओर रुख किया. उनके पास हॉर्टिकल्चर और ऑर्गेनिक फार्मिंग का तीन दशक का अनुभव है. इसके अलावा उन्होंने कुछ समय तक रोड कंस्ट्रक्शन में भी काम किया है.
बाद में उनके करियर में राजनीतिक और डेटा से जुड़े काम भी जुड़ गए. ईआईएल प्रोफाइल के मुताबिक, उनकी दिलचस्पी डेटा एनालिसिस में रही है. उनकी तैयार रिपोर्ट को कई प्राइवेट और सरकारी एजेंसियों ने इस्तेमाल किया. दीपक म्हस्के की लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, साल 2009 में वह छत्तीसगढ़ बीजेपी में राज्य प्रवक्ता रहे. राष्ट्रीय स्तर में आने से पहले उन्होंने राज्य स्तर पर पार्टी के संगठन में काम किया.
उनके पास कॉरपोरेट और पब्लिक सेक्टर दोनों का अनुभव है. उन्हें नवंबर 2021 में इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड का स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया था. ईआईएल पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अंतर्गत आता है. यह सरकारी स्वामित्व वाली इंजीनियरिंग परामर्श और इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण कंपनी है. इसके बाद मार्च 2025 में दूसरे कार्यकाल के लिए उनकी दोबारा नियुक्ति हुई. मार्च 2026 में उनका ईआईएल बोर्ड में कार्यकाल खत्म हुआ है.
अब बीजेपी में राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिली है और उनके सामने बीजेपी के डिजिटल कैंपेन, सोशल मीडिया कम्युनिकेशन और ऑनलाइन नैरेटिव को और मजबूत करने की चुनौती होगी.