एजुकेशन
राजस्थान में यूपीएससी की तैयारी छोड़कर शख्स 498A Tea Cafe नाम की चाय की टपरी क्यों चला रहा है? पूरा मामला हैरान करने वाला है...
राजस्थान के एक शख्स ने यूपीएससी की तैयारी छोड़ चाय की टपरी लगा ली है. ऐसा उन्होंने आर्थिक दिक्कत की वजह से नहीं किया बल्कि यहां मामला थोड़ा अलग है. दरअसल नीमच जिले के अठाना कस्बे के रहने वाले कृष्ण कुमार धाकड़ ने कमाई करने के लिए नहीं बल्कि अपनी पत्नी से कथित प्रताड़ना झेलने के बाद इस अनोखे अंदाज में मदद की गुहार लगाई है. उन्होंने चाय की टपरी का नाम 498A टी कैफे रखा है और इस नाम के पीछे भी अलग ही कहानी है.
कृष्ण कुमार धाकड़ आईपीसी की धारा 498A के नाम पर अपनी चाय की टपरी का नाम रखा है क्योंकि इसी धारा के तहत उनकी पत्नी ने उनके खिलाफ़ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था. भारतीय दंड संहिता की धारा 498ए महिलाओं के खिलाफ उनके पतियों या उनके रिश्तेदारों की क्रूरता से संबंधित है. खासतौर पर यह पति या उसके परिवार द्वारा जानबूझकर किए गए किसी भी ऐसे आचरण को अपराध मानता है जिससे महिला आत्महत्या करने, गंभीर चोट पहुंचाने या उसके जीवन, अंग या स्वास्थ्य को खतरे में डालने की संभावना हो. यह महिला या उसके परिवार को संपत्ति या दूसरी अवैध मांगों को पूरा करने के लिए मजबूर करने के इरादे से उत्पीड़न से भी जुड़ा हुआ है.
यह भी पढ़ें- King Cobra से भी खतरनाक हैं ये 5 चींटियां, डंक में होता है घातक जहर, इनका काटा पानी भी नहीं मांगता!
उनकी चाय की दुकान के आसपास लगे बैनरों और पोस्टरों पर आईपीसी की धारा 498 ए और 125 की ओर इशारा करते हुए नारे भी लिखे हैं. उनकी दुकान पर 'जब तक नहीं मिलता न्याय, तब तक उबलती रहेगी चाय' और 'आओ चाय पर करें चर्चा, 125 में कितना देना पड़ेगा खर्चा' जैसी बातें लिखी हुई हैं.
धाकड़ ने 2018 में मीनाक्षी मालव से शादी की और दोनों ने साथ मिलकर मधुमक्खी पालन का व्यवसाय शुरू किया जिससे स्थानीय महिलाओं को भी रोजगार मिला. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस व्यवसाय की जमकर तारीफ की. हालांकि 2022 में मीनाक्षी ने बिना किसी जानकारी दिए उनका घर छोड़ दिया और अपने मायके चली गईं और महीनों बाद आईपीसी की धारा 498 ए (दहेज उत्पीड़न) और धारा 125 (भरण-पोषण) के तहत मामला दर्ज कराया.
यह भी पढ़ें- पानी के नीचे मिला रहस्यमयी आईलैंड, खजाना देख साइंटिस्ट भी रह गए हैरान, हुए कई चौंकाने वाले खुलासे!
कृष्ण कुमार ने इसे झूठा केस बताया और कहा कि इससे उनका सबकुछ बर्बाद हो गया. उन्होंने बताया, 'पिछले तीन साल से मैं न्याय के लिए अंता में कोर्ट-कचहरी भटक रहा हूं. मेरी एक बूढ़ी मां है जो मुझ पर निर्भर है. मैं एक टीन शेड के नीचे रहता हूं और मेरे पास कुछ भी नहीं बचा है. कई बार मैंने अपनी जान लेने के बारे में सोचा लेकिन फिर मुझे याद आया कि मैं अपनी मां का एकमात्र सहारा हूं'
यह भी पढ़ें- संजय गांधी से लेकर CDS बिपिन रावत तक, प्लेन क्रैश में जान गंवा चुकी हैं भारत की ये हस्तियां
कृष्ण कहते हैं, 'मैंने तय किया है कि मैं उसी इलाके में चाय बेचकर निष्पक्ष रूप से यह कानूनी लड़ाई लड़ूंगा, जहां कानून के दुरुपयोग के कारण मुझे फंसाया गया था. उन्होंने कहा, 'मैं जब भी अदालत जाता हूं, मुझे बस तारीख पर तारीख मिलती है. न्याय कहीं नज़र नहीं आता. अब मैं थक गया हूं और अंता में चाय की दुकान चलाकर इस कानूनी लड़ाई को लड़ने का फैसला किया है.'
हालांकि उनकी पत्नी मीनाक्षी मालव ने आरोप लगाया कि कृष्ण ने जमीन खरीदने के लिए उनके पिता से पैसे मांगे और जब यह मांग पूरी नहीं की गई तो उन्हें पीटा गया. इसके बाद वह अपने मायके लौट आई. मीनाक्षी ने कहा कि वह तलाक के लिए तैयार हैं लेकिन पहले उनके नाम पर लिए गए सभी लोन चुका दिए जाएं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.