एजुकेशन
कक्षा 6 में एडमिशन के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जानें कौन पा सकता है एडमिशन और फॉर्म भरने के लिए किन डॉक्यूमेंट्स की पड़ेगी जरूरत...
JNVST Class 6 Admission: ग्रामीण इलाके के मेधावी स्टूडेंट्स के लिए अच्छी खबर है. जवाहर नवोदय विद्यालय समिति (NVS) ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा 6 में एडमिशन के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इच्छुक और पात्र स्टूडेंट्स 31 जुलाई 2026 तक निशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. ये आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे और सिलेक्शन एग्जाम 28 नवंबर 2026 को आयोजित होगी.
आवेदन के लिए स्टूडेंट का शैक्षणिक सत्र 2026-27 में किसी मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा 5 में अध्ययनरत होना जरूरी है. साथ ही बच्चे की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होनी चाहिए. इसके अलावा स्टूडेंट ने कक्षा 3, 4 और 5 की पढ़ाई उसी जिले के सरकारी, सहायता प्राप्त या मान्यता प्राप्त स्कूल से की हो, जहां के नवोदय विद्यालय में एडमिशन के लिए आवेदन किया जा रहा है.
नवोदय विद्यालयों में प्रवेश के दौरान ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों के स्टूडेंट्स के लिए अलग-अलग प्रावधान हैं. कुल सीटों में से 75 प्रतिशत सीटें ग्रामीण इलाके के स्टूडेंट्स के लिए आरक्षित रहती हैं, जबकि 25 प्रतिशत सीटें शहरी इलाके के बच्चों के लिए होती हैं. इसके अलावा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति , अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC-NCL), दिव्यांग स्टूडेंट और लड़कियों को भारत सरकार के नियमानुसार आरक्षण का फायदा दिया जाता है. ओबीसी उम्मीदवारों को इसमें आरक्षण तभी मिलेगा, जब उनकी जाति केंद्र सरकार की सेंट्रल ओबीसी लिस्ट में शामिल होगी.
ऑनलाइन आवेदन के दौरान स्टूडेंट्स को आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो, जन्म प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, अभिभावक के हस्ताक्षर, कक्षा 5 में पढ़ाई का सर्टिफिकेट और लागू होने पर जाति प्रमाण-पत्र अपलोड करना होगा. ये आवेदन मोबाइल, कंप्यूटर, कॉमन सर्विस सेंटर या लोक सेवा केंद्र के माध्यम से भी किया जा सकता है. पैरेंट्स को सलाह दी जाती है कि वे आखिरी तारीख का ऐलान न करें और एप्लीकेशन फॉर्म सबमिट करने से पहले सभी जरूरी डिटेल्स को वेरिफाई कर लें. ध्यान रखें कि एक अभिभावक सिर्फ एक ही बच्चे के लिए आवेदन कर सकते हैं और गलत या फर्जी जानकारी देने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है.
जवाहर नवोदय विद्यालय को देश के प्रतिष्ठित आवासीय स्कूलों में गिना जाता है. यहां स्टूडेंट्स को पूरी तरह निशुल्क शिक्षा, हॉस्टल, खाना, किताबें, ड्रेस, लाइब्रेरी, साइंस एंड कंप्यूटर लैब सहित आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं. नवोदय विद्यालयों का मकसद ग्रामीण इलाकों के प्रतिभाशाली स्टूडेंट्स को क्वॉलिटी एजुकेशन दिलाना और नेशनल लेवल पर उन्हें बेहतर मौका देना है.