एजुकेशन
JNVST Class 6 Admission 2026: अगर आप अपने बच्चे का जवाहर नवोदय विद्यालय में एडमिशन करवाना चाहते हैं तो जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन करवा लीजिए, जानें सारी डिटेल्स...
JNVST Class 6 Admission 2026-27: अगर आप अपने बच्चे का जवाहर नवोदय विद्यालय में एडमिशन करवाना चाहते हैं तो जल्दी कीजिए. नवोदय विद्यालय समिति ने 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए जवाहर नवोदय विद्यालयों में कक्षा 6 में एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है.
माता-पिता और अभिभावक अब अपने बच्चों का रजिस्ट्रेशन आधिकारिक वेबसाइट navodaya.gov.in और cbseitms.rcil.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन करवा सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 29 जुलाई 2025 है. नवोदय विद्यालय के लिए स्टूडेंट को उस स्कूल के लिए आवेदन करना होगा, जहां वे रहते हैं. आवेदन प्रक्रिया के दौरान एक वैध निवास प्रमाण पत्र भी देना होगा.
नवोदय विद्यालय छठी क्लास में एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए बच्चा सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त या सरकारी मान्यता प्राप्त स्कूल से कक्षा 3, 4, 5 पढ़ा और पास होना चाहिए. प्रत्येक बच्चे को सिर्फ एक बार जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी.
नवोदय विद्यालय की कुल सीटों में से 75% सीटें ग्रामीण क्षेत्रों के स्टूडेंट्स के लिए आरक्षित हैं. अर्हता प्राप्त करने के लिए स्टूडेंट को उसी जिले के ग्रामीण क्षेत्र के स्कूल में कक्षा 3 से 5 तक की पढ़ा हुआ होना चाहिए. बाकी 25% सीटें योग्यता के आधार पर भरी जाएंगी और ये ग्रामीण और शहरी दोनों स्टूडेंट्स के लिए खुली होंगी.
ऑफिशियल नोटिफिकेशन के मुताबिक कक्षा 6 में एडमिशन के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी) 2026 आवेदक के स्थान के आधार पर दो स्टेप्स में आयोजित की जाएगी-
स्टेप 1: 13 दिसंबर 2025 को सुबह 11:30 बजे
स्टेप 1 के अंतर्गत शामिल राज्य/केंद्र शासित प्रदेश में आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, केरल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु , तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल (दार्जिलिंग को छोड़कर) और सभी केंद्र शासित प्रदेश (लद्दाख को छोड़कर) शामिल हैं.
स्टेप 2: 11 अप्रैल 2026 को सुबह 11:30 बजे
स्टेप 2 में शामिल क्षेत्रों में जम्मू और कश्मीर के चुनिंदा जिले (जम्मू-I, जम्मू-II, सांबा और उधमपुर को छोड़कर), मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश (दिबांग घाटी और तवांग), हिमाचल प्रदेश (चंबा, किन्नौर, मंडी, आदि), पश्चिम बंगाल में दार्जिलिंग, और यूटी लद्दाख में लेह और कारगिल शामिल हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.