एजुकेशन
Jharkhand Board 12th Result 2025: झारखंड बोर्ड ने कक्षा 12वीं के साइंस और कॉमर्स स्ट्रीम के नतीजे जारी कर दिए हैं. इस साल लड़कियों ने दोनों स्ट्रीम में बेहतर प्रदर्शन किया है. लातेहार जिले ने 100% रिजल्ट के साथ टॉप किया है.
Jharkhand Board 12th Result 2025: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने इंटरमीडिएट यानी 12वीं कक्षा के साइंस और कॉमर्स स्ट्रीम के परिणाम 30 मई 2025 को घोषित कर दिए हैं. इस बार के नतीजों में बेटियों ने बाजी मारी है, वहीं जिलेवार परिणामों में लातेहार जिला सबसे ऊपर रहा है. छात्र jacresults.com और jac.jharkhand.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं.बता दें, आर्ट्स स्ट्रीम का रिजल्ट अभी जारी नहीं किया गया है, जिसकी घोषणा जल्द की जाएगी.
इस साल साइंस स्ट्रीम की परीक्षा में कुल 98,634 छात्र शामिल हुए थे, जिनमें से 78,186 छात्र पास हुए हैं. साइंस में कुल पास प्रतिशत 79.26% रहा. वहीं कॉमर्स स्ट्रीम की परीक्षा में इस बार कुल 22,066 छात्र शामिल हुए, जिनमें से 91.2% छात्र सफल रहे. इस स्ट्रीम में 12,829 छात्रों ने फर्स्ट डिवीजन, 7,234 छात्रों ने सेकंड डिवीजन और 222 छात्रों ने थर्ड डिवीजन हासिल किया.
दोनों स्ट्रीम में लड़कियों ने लड़कों की तुलना में शानदार प्रदर्शन किया है. साइंस में लड़कियों का पासिंग प्रतिशत 80.29% रहा जबकि लड़कों का 78.47%. वहीं कॉमर्स में लड़कियों ने 95.05% और लड़कों ने 78.47% सफलता दर हासिल की.
जिलेवार प्रदर्शन की बात करें तो लातेहार जिले ने इस बार बाजी मार ली है. खासकर कॉमर्स स्ट्रीम में लातेहार का रिजल्ट इस बार 100% रहा. इसके बाद लोहरदगा जिला 98.69% के साथ दूसरे और सिमडेगा 98.04% के साथ तीसरे स्थान पर रहा.
यह भी पढ़ें: कौन हैं Anjali Sud, इस 'भारतीय' को मिली है Harvard University Board में कनाडा के PM की जगह
इस बार आर्ट्स स्ट्रीम का परिणाम साइंस और कॉमर्स के साथ नहीं आया है. पिछले साल की तरह इस साल भी हजारों छात्र आर्ट्स रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं. बोर्ड जल्द ही इसकी तारीख घोषित करेगा जिसके बाद आर्ट्स स्ट्रीम के छात्र भी अपना रिजल्ट देख पाएंगे.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.