एजुकेशन
28 अक्टूबर तक आंध्र प्रदेश के तट पर चक्रवाती तूफान मोंथा के पहुंचने की संभावना है लेकिन क्या आपने सोचा कि आखिर चक्रवातों को नाम कैसे मिलते हैं? यहां समझिए इसके पीछे का साइंस...
अरब सागर के ऊपर एक नया चक्रवाती तूफान मोंथा बना है जिसके 28 अक्टूबर तक आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंचने की संभावना है. अधिकारियों ने बताया कि ओडिशा भी इससे प्रभावित हो सकता है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन गया है और अगले कुछ दिनों में यह दबाव और मजबूत हो सकता है.
चक्रवात मोंथा को यह नाम कैसे मिला?
उत्तरी हिंद महासागर क्षेत्र में आने वाले चक्रवातों को उस क्षेत्र के देशों की एक पहले से निर्धारित लिस्ट के आधार पर नाम दिया जाता है. मोंथा नाम का सुझाव थाईलैंड ने दिया था जो उत्तरी हिंद महासागर क्षेत्र में चक्रवातों के नामकरण में योगदान देने वाले 13 सदस्य देशों में से एक है. थाई भाषा में 'मोंथा' का मतलब सुगंधित फूल या सुंदर फूल होता है.

चक्रवातों का नाम कैसे रखा जाता है?
उत्तरी हिंद महासागर क्षेत्र में चक्रवातों का नामकरण क्षेत्रीय विशिष्ट मौसम विज्ञान केंद्र (आरएसएमसी), नई दिल्ली द्वारा किया जाता है जिसका संचालन विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) और एशिया एवं प्रशांत के लिए संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक आयोग (ईएससीएपी) की देखरेख में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा किया जाता है. इस क्षेत्र में चक्रवातों के लिए नाम देने वाले देश बांग्लादेश, भारत, मालदीव, म्यांमार, ओमान, पाकिस्तान, श्रीलंका, थाईलैंड, यमन, ईरान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) है.
प्रत्येक देश 13 नामों की एक लिस्ट प्रस्तुत करता है. कुल मिलाकर 169 नामों का समूह बनता है. जब कोई नया चक्रवात आता है तो IMD सूची में से अगला नाम चुनता है.

चक्रवात मोन्था कब और कहां पहुंचेगा?
आईएमडी ने आंध्र प्रदेश के 26 में से 23 जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. चक्रवात मोन्था उत्तर-पश्चिम दिशा में आंध्र तट की ओर बढ़ रहा है और 28 अक्टूबर को काकीनाडा के पास मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच तट से टकराने की संभावना है.
हाई अलर्ट पर हैं ये जिले
चक्रवात के करीब आने के कारण आईएमडी ने तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी सहित कई राज्यों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. ओडिशा में भी 28 और 29 अक्टूबर को भारी वर्षा होने की संभावना है और गंजम, गजपति, रायगढ़, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में अलर्ट जारी किया गया है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से