एजुकेशन
हरियाणा बोर्ड के 10वीं और 12वीं कक्षाओं के सप्लीमेंट्री एग्जाम्स 4 से 14 जुलाई 2025 तक आयोजित किए जाने वाले हैं, अगर आपने अब तक अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं किया है तो जानें कैसे हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं...
HBSE Compartment Exam 2025: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं के सप्लीमेंट्री एग्जाम्स 4 से 14 जुलाई 2025 तक आयोजित करेगा. यह परीक्षा दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक 65 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. इसके लिए एडमिट कार्ड 27 जून को जारी किए जा चुके हैं और जिन स्टूडेंट्स ने अब तक हॉल टिकट डाउनलोड नहीं किया है, वे ऑफिशियल वेबसाइट bseh.org.in पर जाकर इसे डाउनलोड कर सकते हैं.
इस बार कक्षा 12 के सप्लीमेंट्री एग्जाम्स में 16,842 स्टूडेंट्स शामिल होंगे जिनमें 10,403 लड़के और 6,439 लड़कियां सप्लीमेंट्री परीक्षा देंगी. इस परीक्षा में पास होने के लिए स्टूडेंट्स को हर सब्जेक्ट में कम से कम 33 फीसदी मार्क्स लाने होंगे. हरियाणा बोर्ड ने परीक्षाओं के निष्पक्ष संचालन के लिए कड़े इंतजाम किए हुए हैं. फ्लाइंग स्क्वॉड, पर्यवेक्षकों और धारा 163 प्रवर्तन सहित सख्त उपाय लागू किए गए हैं. परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के भीतर फोटोस्टेट की दुकानें और कोचिंग सेंटर परीक्षा के दिनों में बंद रहेंगे.
उम्मीदवारों को सत्यापित फोटो के साथ रंगीन प्रिंटेड एडमिट कार्ड लाने और सभी निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है. परीक्षा केंद्र परिसर में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर भी प्रतिबंध है. अगर कोई उम्मीदवार इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ पकड़ा जाता है या धोखाधड़ी की गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.
इस साल हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं के नतीजे 17 मई 2025 को दोपहर 12:30 बजे घोषित किए गए. इस साल कक्षा 10 के लिए कुल पास प्रतिशत 92.49 प्रतिशत दर्ज किया गया. वहीं कक्षा 12 की परीक्षा में बैठने वाले 2.86 लाख स्टूडेंट्स के लिए रिजल्ट 12 मई को घोषित किए गए थे.
जो स्टूडेंट्स हरियाणा बोर्ड की सप्लीमेंट्री एग्जाम में शामिल होने वाले हैं, वे नीचे बताए गए स्टेप्स को फॉलो करके अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं-
- हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट https://bseh.org.in पर जाएं.
- होमपेज पर Admit Card – Secondary/Sr. Secondary Compartment Exam 2025 पर क्लिक करें.
- अपना रोल नंबर या स्टूडेंट का नाम और साथ ही दूसरी जरूरी जानकारी जैसे जन्म तिथि या रजिस्ट्रेशन नंबर एंटर करें. इसे वेरिफाई करें और सबमिट बटन पर क्लिक करें.
- आपका एडमिट कार्ड आपके कंप्यूटर स्क्रीन पर दिखाई देगा, इसे डाउनलोड करें और इसका प्रिंटआउट ले लें.
- आवेदन प्रक्रिया के दौरान इस्तेमाल की गई रंगीन तस्वीर को एडमिट कार्ड पर चिपकाएं और अपने स्कूल से वेरिफिकेशन करवाकर उसपर स्कूल का मुहर लगवा लें.
- सत्यापित एडमिट कार्ड के बिना स्टूडेंट्स को परीक्षा हॉल में एंट्री नहीं दी जाएगी.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.