एजुकेशन
आज हम आपको जिस लड़की से मिलाने जा रहे हैं, उन्होंने अपने दादाजी के सपने को साकार करने के लिए रात-दिन एक कर दिया. जल्द ही वह इंडियन आर्मी ऑफिसर की वर्दी में दिखाई देंगी, पढ़ें हर्षिता कादियान की सक्सेस स्टोरी...
अगर आपमें मेहनत करने की क्षमता और दृढ़ इच्छाशक्ति है तो आप कोई भी मुश्किल से मुश्किल मंजिल हासिल कर सकते हैं. आज हम आपको जिस लड़की से मिलाने जा रहे हैं, उन्होंने अपने दादाजी के सपने को साकार करने के लिए रात-दिन एक कर दिया. आज उन्होंने अपनी काबिलियत से अपनी मंजिल हासिल कर ली है और जल्द ही इंडियन आर्मी ऑफिसर की वर्दी में दिखाई देंगी.
यूपीएससी ने शुक्रवार 23 मई को कंबाइंड डिफेंस सर्विस यानी सीडीएस का रिजल्ट जारी किया. इसमें रोहतक की हर्षिता कादियान ने तीसरी रैंक हासिल की है और अब वह इंडियन आर्मी ऑफिसर की वर्दी पहनने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. हर्षिता ने अपनी स्कूली शिक्षा हिसार के ओपी मॉडर्न जिंदल स्कूल से पूरी की है और स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिस्ट्री ऑनर्स की डिग्री हासिल की है.
हर्षिता एक शिक्षाविद परिवार से आती हैं. उनके पिता अशोक कादियान और मां किरण कादियान हिसार में एक इंग्लिश स्पोकन और IELTS अकादमी चलाते हैं. कादियान परिवार की जड़ें झज्जर जिले के दुबलधन गांव से जुड़ी हैं. उनके दादा रण सिंह पीडब्ल्यूडी विभाग से रिटायर्ड सुपरिटेंडेंट हैं. वहीं उनकी दादी ओमवती देवी सरकारी हिंदी शिक्षिका के पद से सेवानिवृत्त हुई हैं.
हर्षिता ने मीडिया से बातचीत में बताया, 'सेना की वर्दी के लिए सम्मान हमेशा मेरे दिल में रहा है. आज मेरा पूरा परिवार इस बात पर गर्व कर रहा है कि मैं जल्द ही इंडियन आर्मी की एक अफसर के रूप में देश की सेवा करूंगी. उन्होंने भावुक होकर कहा, 'मेरे दादाजी हमेशा मुझे गैजेटेड ऑफिसर बनते देखना चाहते थे. उन्होंने मुझमें सफल होने का जुनून भरा. दो चीजें जो हमेशा मेरे साथ रहीं, वह थीं कड़ी मेहनत और खुद पर भरोसा.' हर्षिता ने बताया कि लिखित परीक्षा पास करने के बाद वह SSB इंटरव्यू देने प्रयागराज गई थी और रिजल्ट का उन्हें लंबे वक्त से इंतजार था और आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई.
यह भी पढ़ें- फेमस टीवी शो 'सिया के राम' एक्टर कैसे UPSC क्रैक कर बने IPS अधिकारी? IIT खड़गपुर से की है पढ़ाई
सीडीएस एक नेशनल लेवल का एंट्रेंस एग्जाम है जो यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन यानी यूपीएससी आयोजित करवाती है. इसे क्रैक करने करने के बाद भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), भारतीय नौसेना अकादमी (आईएनए), वायु सेना अकादमी (एएफए) और अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी (ओटीए) में सशस्त्र सेना बल के अधिकारी की ट्रेनिंग मिलती है. यह परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाती है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.