एजुकेशन
आईआईटी मद्रास की स्टूडेंट ने मिस यूनिवर्स तेलंगाना 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है. अब वह मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 प्रतियोगिता की तैयारी में जुट गई हैं, जानें उनका इंजीनियरिंग से लेकर ब्यूटी पेजेंट तक का सफर...
पढ़ाई के साथ अपने पैशन पर काम करना आसान नहीं होता लेकिन हसिथा नारायणभट्टा ने यह साबित कर दिया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत करने का जज्बा हो तो एक साथ कई फील्ड में सफलता पाई जा सकती है. हैदराबाद के GNIT से बीटेक करने के बाद अब वह आईआईटी मद्रास से डेटा साइंस में बीएससी कर रही हैं. इसके साथ ही उन्होंने मिस यूनिवर्स तेलंगाना 2026 का खिताब भी अपने नाम कर लिया. अब वह मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 प्रतियोगिता में तेलंगाना का प्रतिनिधित्व करेंगी.
हसिथा ने अपनी पढ़ाई और ग्लैमर की दुनिया के बीच संतुलन बनाए रखा. आपको यह जानकर हैरानी होगी कि उन्होंने इसरो के देहरादून स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ रिमोट सेंसिंग IIRS से रिमोट सेंसिंग और डिजिटल इमेज एनालिसिस की ट्रेनिंग भी ली. मिस यूनिवर्स तेलंगाना 2026 का ताज जीतने के बाद हसिथा अब नेशनल लेवल पर होने वाली मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 प्रतियोगिता की तैयारी में जुटी हैं. इंजीनियरिंग की पढ़ाई से लेकर ब्यूटी पेजेंट के मंच तक का उनका सफर यह संदेश देता है कि अगर आत्मविश्वास, अनुशासन और सही दिशा में मेहनत हो तो एक साथ अलग-अलग क्षेत्रों में सफलता हासिल की जा सकती है.
खिताब जीतने के बाद हसिथा ने अपने परिवार, दोस्तों, शिक्षकों, मेंटर्स और पूरी टीम का आभार जताया. उन्होंने कहा कि मिस यूनिवर्स तेलंगाना 2026 का ताज पहनना उनके लिए सम्मान की बात है और राष्ट्रीय मंच पर तेलंगाना का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व का विषय होगा. उन्होंने मिस यूनिवर्स तेलंगाना संगठन का धन्यवाद किया और डॉ. सुनीता के मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और भरोसे के लिए आभार व्यक्त किया.
अपनी उपलब्धि पर हसिथा ने कहा, 'मेरी यात्रा इस विश्वास को और पुख्ता करती है कि उत्कृष्टता किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है. शिक्षा, प्रौद्योगिकी और कला प्रदर्शन में संतुलन बनाकर मैं युवाओं को आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ अपनी अलग-अलग रुचियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना चाहती हूं.'
हसिथा नारायणभट्टा की कहानी यह साबित करती है कि सफलता किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं होती. आईआईटी मद्रास के डेटा साइंस प्रोग्राम में पढ़ाई, इंजीनियरिंग का मजबूत बैकग्राउंड और ब्यूटी पेजेंट में शानदार प्रदर्शन के जरिए उन्होंने पुराने सोच को चुनौती दी है. उनका यह सफर उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो पढ़ाई के साथ अपने पैशन को भी समान महत्व देकर अपने सपनों को उड़ान देना चाहते हैं.