डीएनए एक्सप्लेनर
Who is Zeeshan Akhtar: मुंबई में पिछले साल गोलियों से भूनकर बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी गई थी, जिनके बॉलीवुड से भी करीबी रिश्ते थे. सिद्दीकी की मुंबई के कद्दावर मुस्लिम नेताओं में गिना जाता था. उसकी हत्या का मास्टरमाइंड अब कनाडा पुलिस ने दबोच लिया है.
Who is Zeeshan Akhtar: मुंबई में पिछले साल सरेआम कद्दावर मुस्लिम नेता और पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी (Baba Siddique) की गोलियों से भूनकर हत्या करने के मामले में एक बड़ा ब्रेकथ्रू मिला है. मुंबई पुलिस (Mumbai Police) के सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर, 2024 को बांद्रा इलाके में हुई हत्या (Baba Siddique Murder Case) के मास्टरमाइंड जीशान अख्तर को कनाडा पुलिस (Canada Police) ने डिटेन किया है. सूत्रों का दावा है कि मुंबई पुलिस को इस बात की जानकारी है कि जीशान फिलहाल कनाडा की सरे पुलिस (Surrey Police) की गिरफ्त में है. गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई (Lawrence Bishnoi) के गैंग का मेंबर जीशान ही बाबा सिद्दीकी की हत्या करने आए शूटर्स का हैंडलर था और हत्या की पूरी योजना मास्टरमाइंड के तौर पर उसने ही तैयार की थी.
जालंधर का रहने वाला है जीशान
जीशान अख्तर मुख्य रूप से जालंधर का रहने वाला है. उसका असली नाम मोहम्मद यासीन अख्तर है. जीशान को लॉरेंस विश्नोई के बेहद करीबी साथियों में गिना जाता है. इससे पहले भी उसे पंजाब पुलिस ने साल 2022 में गिरफ्तार किया था. उसके खिलाफ जालंधर में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें उसकी तलाश चल रही है.
जालंधर जेल में ही बनाई थी सिद्दीकी मर्डर की योजना
मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, बाबा सिद्दीकी की हत्या की जांच के दौरान जीशान अख्तर का नाम सामने आया था. जांच में सामने आया था कि वह हत्या करने वाले तीन शूटरों धर्मराज कश्यप, गुरमेल बलजीत सिंह और शिवकुमार गौतम का हैंडलर था. जीशान और गुरमेल सिंह पंजाब की जालंधर जेल में एकसाथ रहे थे. जालंधर जेल से दूसरी जेल में ट्रांसफर करने से पहले ही जीशान ने गुरमेल सिंह के साथ मिलकर सिद्दीकी की हत्या की प्लानिंग तैयार की थी और उसे जल्द ही इस काम के लिए तैयार रहने को कहा था.
लॉरेंस ने जीशान और शुभम को दी थी हत्या की जिम्मेदारी
मुंबई पुलिस की चार्जशीट और जांच रिपोर्ट के मुताबिक, जीशान ने पंजाब की जेल में रहते हुए ही लॉरेंस विश्नोई गैंग से करीबी संबंध बनाए थे और इसके बाद वह लॉरेंस के भी करीब आ गया था. इसी कारण लॉरेंस विश्नोई ने पिछले साल मई के महीने में जीशान अख्तर और शुभम लोनकर को बाबा सिद्दीकी की हत्या का ठेका दिया था. यह जिम्मेदारी जीशान को जेल में रहते हुए ही दी गई. इसके बाद जीशान ने अपनी जमानत कराई और गुरमेल, धर्मराज और शिवकुमार से मिलने के लिए हरियाणा के कैथल गया. इसके बाद जीशान और शुभम ने हत्या की पूरी प्लानिंग तैयार की. हत्या के लिए जरूरी हथियार से लेकर मुंबई में गुरमेल, धर्मराज और शिवकुमार के रहने की व्यवस्था की.
पाकिस्तानी गैंगस्टरों की मदद से भागा विदेश
जीशान बाबा सिद्दीकी की हत्या से करीब एक महीना पहले सितंबर में ही मुंबई से बाहर चला गया था. इसके बाद वह पाकिस्तानी अंडरवर्ल्ड के गैंगस्टर फारुक खोखर के करीबी शहजाद भट्टी की मदद से विदेश भाग गया था. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शहजाद भट्टी के साथ कनेक्शन के कारण लॉरेंस जीशान से नाराज हो गया था और उसकी सुपारी दे दी थी. साल 2025 की शुरुआत में जीशान अख्तर ने एक वीडियो जारी करके बाबा सिद्दीकी मर्डर में अपने वांटेड होने की पुष्टि की थी. इसी वीडियो में जीशान सार्वजनिक रूप से भट्टी को 'बड़ा भाई' कहकर उसका धन्यवाद करता हुए नजर आया था. सूत्रों के मुताबिक, यह वीडियो जीशान ने अपना खौफ बढ़ाने के लिए जारी किया था ताकि रंगदारी बटोरी जा सके.
कनाडा से प्रत्यर्पित किया जाएगा जीशान
मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, 3 दिन पहले उन्हें कनाडा में जीशान अख्तर की गिरफ्तारी की सूचना मिली थी. हम ऑफिशियल पुष्टि का इंतजार कर रहे थे, जो बुधवार को मिल गई है. अब जीशान को कनाडा से मुंबई प्रत्यर्पित करने की कोशिश चल रही है ताकि उसके खिलाफ मुकदमा चलाया जा सके. इसके लिए भारतीय अधिकारी अपने कनाडाई समकक्षों के साथ मिलकर प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं. इस मामले के हाई प्रोफाइल होने और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा होने के चलते अख्तर को वापस लाने के लिए सभी कानूनी प्रयास करना भारत ने अपनी शीर्ष प्राथमिकता में शामिल किया है. जल्द ही उसे वापस ले आया जाएगा.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.