डीएनए एक्सप्लेनर
Parinay Kumar | Oct 09, 2026, 04:28 PM IST
1.2026 में किसे मिला शांति का नोबेल पुरस्कार?

Nobel Peace Prize: साल 2026 का नोबेल शांति पुरस्कार भारतीय मूल की नवनीतम 'नवी' पिल्लई को दिया जाएगा. नवी पिल्लई को यह सम्मान शांति और अंतरराष्ट्रीय कानून को मजबूत बनाने के लिए दिया जाएगा. नवनीतम 'नवी' पिल्लई एक वकील हैं और हमेशा रंगभेद के खिलाफ आवाज उठाती रही हैं. दक्षिण अफ्रीका के डरबन में भारतीय मूल के तमिल परिवार में जन्मीं नवी पिल्लई ने वॉर क्राइम और नरसंहार के दोषियों को सजा दिलाने में भी अहम काम किया है. (Image: AI)
2.नॉर्वे में क्यों दिया जाता है शांति का नोबेल?

क्या आपको यह पता है कि शांति के नोबेल पुरस्कार का ऐलान स्वीडन में नहीं बल्कि नॉर्वे में किया जाता है? इसके पीछे अल्फ्रेड नोबेल की 130 साल पहले लिखी गई एक खास वसीयत है. 'नोबेल पीस प्राइज' की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, शांति का नोबेल नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में दिया जाता है और यह व्यवस्था खुदअल्फ्रेड नोबेल ने तय की थी. (Image: AI)
3.अल्फ्रेड नोबेल ने वसीयत में क्या लिखा?

अल्फ्रेड नोबेल ने 1895 में अपनी वसीयत लिखी थी. इसमें उन्होंने साफ किया था कि नोबेल शांति पुरस्कार की जिम्मेदारी नॉर्वे की संसद की तरफ से गठित एक समिति के पास होगी. हालांकि, उन्होंने कभी इस बात का खुलासा नहीं किया कि बाकी सभी पुरस्कारों के उलट, शांति पुरस्कार के लिए उन्होंने नॉर्वे को ही क्यों चुना. अल्फ्रेड नोबेल ने जिस समय यह वसीयत तैयार की थी उस दौरान स्वीडन और नॉर्वे एक ही संघ के तहत एक ही राजा के अधीन थे. 1896 में अल्फ्रेड नोबेल के निधन के बाद 1901 से इन पुरस्कारों को देने की शुरुआत हुई. 1905 में स्वीडन और नॉर्वे अलग-अलग देश बन गए. इसके बावजूद, वसीयत के मुताबिक शांति पुरस्कार की जिम्मेदारी नॉर्वे के पास ही बरकरार रही. (Image: AI)
4.नॉर्वेजियन नोबेल समिति ने खोला राज!

नॉर्वेजियन नोबेल समिति के पूर्व सचिव और नोबेल इंस्टीट्यूट के निदेशक गैर लुंडेस्टैड ने नोबेल की आधिकारिक वेबसाइट 'nobelprize.org' पर एक आर्टिकल 'द नोबेल पीस प्राइस, 1901-2000' में लिखा, 'अल्फ्रेड नोबेल ने इस बारे में कुछ साफ नहीं किया कि बाकी चार नोबेल पुरस्कारों की जिम्मेदारी तो स्वीडिश कमेटियों को दी गई, लेकिन शांति पुरस्कार का जिम्मा नॉर्वेजियन कमेटी को ही क्यों सौंपा गया? इसलिए, इस मुद्दे पर हम सिर्फ अनुमान ही लगा सकते हैं. (Image: AI)
5.लुंडेस्टैड ने क्या बताया?

गैर लुंडेस्टैड ने आगे लिखा, इसे लेकर कुछ सबसे संभावित वजहें हो सकती हैं... अल्फ्रेड नोबेल ने अपनी जिंदगी का ज्यादातर हिस्सा विदेशों में बिताया था और उन्होंने अपनी वसीयत पेरिस स्थित स्वीडिश-नॉर्वेजियन क्लब में लिखी थी. संभव है कि इस पर 1905 तक चले स्वीडन और नॉर्वे के यूनियन का असर रहा हो, क्योंकि वैज्ञानिक पुरस्कार सबसे योग्य स्वीडिश कमेटियों की तरफ से दिए जाने थे, इसलिए कम से कम शांति का पुरस्कार तो नॉर्वेजियन कमेटी को दिया जाना चाहिए था. (Image: AI)
6.किन वजहों से लिया गया होगा यह फैसला?

उन्होंने बताया, 'एक वजह यह भी हो सकती है कि नोबेल 1890 के दशक में अंतरराष्ट्रीय विवादों को शांतिपूर्ण तरीकों से सुलझाने में नॉर्वे की संसद की गहरी दिलचस्पी से वाकिफ रहे हों. हो सकता है कि वे नॉर्वे को स्वीडन की तुलना में अधिक शांति-प्रिय और लोकतांत्रिक देश मानते रहे हों. इसके अलावा, नॉर्वेजियन साहित्य के प्रति उनका लगाव, खास तौर पर लेखक 'ब्योर्नस्टजर्न ब्योर्नसन' के लिए उनकी प्रशंसा भी एक वजह हो सकती है, जो 1890 के दशक में एक जाने-माने शांति कार्यकर्ता थे. या फिर, यह भी हो सकता है कि ये सभी वजहें मिलकर इस फैसले का आधार बनी हों. (Image: @NobelPrize X Account )