Advertisement
हिंदी न्यूज़डीएनए एक्सप्लेनर

Explainer: धारा 126/170 के तहत डिटेन किए गए हैं दीपके, कोर्ट में पेशी आज... क्या दास और रांका की तरह जाएंगे जेल?

दिल्ली में 'लहरा दो तिरंगा' मार्च से पहले CJP संस्थापक अभिजीत दीपके को पुलिस ने 16 अक्टूबर की शाम को हिरासत में लिया. AISA प्रमुख नेहा बोरा को शुक्रवार को हिरासत में लिए जाने के बाद शनिवार तड़के पुलिस ने रिहा कर दिया.

Latest News
Explainer: धारा 126/170 के तहत डिटेन किए गए हैं दीपके, कोर्ट में पेशी आज... क्या दास और रांका की तरह जाएंगे जेल?

अभिजीत दीपके (इमेज क्रेडिट - पीटीआई)
 

Add DNA as a Preferred Source
  • दीपके को पुलिस ने BNSS की धारा 126/170 के तहत हिरासत में लिया है 
  • दीपके की 17 अक्टूबर को स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेशी होगी 

 
दिल्ली में 16 अक्टूबर को सीजेपी के प्रस्तावित 'लहरा दो तिरंगा' विरोध मार्च से पहले पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की प्रमुख नेहा बोरा को हिरासत में लिया. शनिवार तड़के नेहा बोरा को रिहा कर दिया गया, जबकि अभिजीत दीपके को 17 अक्टूबर को स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट में पेश किया जाएगा.  

मार्च से पहले दिल्ली पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 और 170 के तहत दीपके को हिरासत में लिया है. अब ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या दीपके भी सौरव दास और आशुतोष रांका की तरह 5 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल जाएंगे या नहीं. 

पुलिस ने शांति भंग होने की आशंका के मद्देनजर दीपके पर कार्रवाई की है. हिरासत से रिहा होने के बाद नेहा बोरा ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों को बिना किसी ठोस वजह के हिरासत में लिया गया और घंटों तक पुलिस की निगरानी में रखा गया. बोरा ने अभिजीत दीपके समेत हिरासत में लिए गए अन्य प्रदर्शनकारियों को तत्काल रिहा करने की मांग की. 

क्या है BNSS की धारा 126/170?

दिल्ली पुलिस ने 10 अक्टूबर को भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले सीजेपी नेता अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका पर बीएनएसएस की धारा 126/170 के तहत कार्रवाई की थी और तीनों को दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लिया था. 11 अक्टूबर को SEM कोर्ट, दिल्ली कैंट के सामने पेश किया गया, जहां से तीनों को एक साल तक शांति भंग नहीं करने की शर्त और 50,000 रुपये का जमानत बॉन्ड भरने के बाद रिहा कर दिया गया था.  

सुप्रीम कोर्ट के सीनियर एडवोकेट डाॅ. विनय प्रीत सिंह ने बताया कि शांति भंग होने, सार्वजनिक अशांति फैलने या कोई अप्रिय घटना होने की आशंका को रोकने के लिए पुलिस बीएनएसएस की धारा 126/170 के तहत संबंधित व्यक्ति को हिरासत में ले सकती है और इसके बाद संबंधित व्यक्ति को कार्यकारी मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जाता है.

क्या दास और रांका की तरह जेल जाएंगे दीपके? 

डाॅ. सिंह ने बताया कि सीजेपी नेता सौरव दास और आशुतोष रांका ने 11 अक्टूबर की शर्त और जमानत बॉन्ड के नियमों का उल्लंघन कर उस स्थान पर प्रदर्शन किया, जहां पर प्रोटेस्ट को बैन किया गया था. इस कारण पुलिस ने दोनों को 13 अक्टूबर को हिरासत में लिया और 14 अक्टूबर को कार्यकारी मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया. 

उन्होंने बताया कि पुलिस के अनुसार अगर दीपके ने जमानत बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन किया होगा तो उन्हें भी रांका और दास की तरह 5 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा सकता है. उन्हें बीएनएसएस की धारा 223A और 223बी के तहत सजा हो सकती है. 223A के तहत 6 महीने की जेल या 2500 जुर्माना या दोनों और 223बी के तहत एक साल की जेल और 5 हजार रुपये जुर्माना या दोनों हो सकता है.  

CJP ने लगाया संपर्क नहीं करने का आरोप

CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि अभिजीत दीपके को गिरफ्तार कर SEM कोर्ट में पेश किया जाएगा, लेकिन उनकी लोकेशन की जानकारी नहीं मिल रही है और वकील उनसे मुलाकात नहीं कर पाए हैं.

इससे पहले CJP ने आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस दिपके को किसी अज्ञात स्थान पर ले गई और उनसे संपर्क टूट गया. संगठन ने यह भी दावा किया कि उन्हें वकीलों से बात करने की अनुमति नहीं दी जा रही है.

अपराधी जैसा हो रहा बर्ताव

AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने कहा कि कानून-व्यवस्था की हर संभव तरीके से धज्जियां उड़ाई जा रही हैं. बोरा ने ANI समाचार एजेंसी से कहा कि आम नागरिकों के साथ ऐसा बर्ताव किया जाता है जैसे वह कोई पक्के अपराधी हों. यह चलन देश में लंबे समय से चला आ रहा है.

उन्होंने सवाल किया कि मौजूदा आंदोलन ने साफ कर दिया है कि लोगों को किस तरह हिरासत में लिया जा रहा है. चाहे दिन हो या शाम उन्हें पूरी रात हिरासत में रखा जाता है और अगले दिन सुबह या शाम को ही छोड़ा जाता है. किस अधिकार के तहत इसे सही ठहराया जा सकता है? किस कानून या आदेश के तहत हिरासत में लिए गए लोगों को पूरी रात कैद में रखना जायज है?
 

Advertisement
Advertisement

Advertisement