डीएनए एक्सप्लेनर
फलाहारी महाराज ने दावा किया था कि राजस्थान की एक प्राइवेट कंपनी ने प्रेमानंद महाराज को लोकप्रिय बनाने के लिए विराट कोहली को पांच करोड़ रुपये देकर दर्शन करने के लिए बुलाया था.
'ये सब बकवास है. ये दावे पूरी तरह झूठे, बेबुनियाद और गलत हैं. प्रेमानंद महाराज में मेरी गहरी आस्था है. ' क्रिकेटर विराट कोहली ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा के उस आरोप पर सफाई दी है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि विराट पांच करोड़ रुपये लेकर प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने गए थे.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, कोहली के प्रवक्ता ने कहा, 'फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा के विराट कोहली पर लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह झूठे-आधारहीन और गलत हैं. विराट कोहली प्रेमानंद महाराज जी से पूरी तरह से गहरी आस्था और महाराज जी के प्रति सम्मान की वजह से ही उनके दर्शन करने आते हैं.'
क्रिकेटर की टीम ने मीडिया से भी जिम्मेदारी से भरा रवैया अपनाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी खबरों या आरोपों को फैलाने से पहले जानकारी कंफर्म कर लें. खासकर तब जब सार्वजनिक हस्तियों से जुड़े बयान बिना तथ्यों के दिए जाते हैं.
केलि कुंज आश्रम में विवाद के बीच फलाहारी महाराज ने दावा किया था कि राजस्थान की एक प्राइवेट कंपनी ने प्रेमानंद महाराज को लोकप्रिय बनाने के लिए विराट कोहली को पांच करोड़ रुपये देकर दर्शन करने के लिए बुलाया था. उन्होंने ये भी आरोप लगाया था कि प्रेमानंद महाराज के साथ रहने वाले कुछ लोग उसी कंपनी के हैं और प्रॉपर्टी से जुड़ा हुआ काम कर रहे हैं.
फलाहारी बाबा दिनेश शर्मा ने कहा, 'हमने महाराज जी से प्रार्थना की है कि वृंदावन में असली-नकली संतों के दो गुट बन गए हैं. कुछ प्रॉपर्टी के व्यापारी घुस गए हैं. अच्छे संत महाराज जी के संग चले गए. हमने उनसे कहा कि आप वृंदावन का झमेला छोड़ दो. आप गोवर्धन गिरिराजजी आ जाओ. हम बृजवासी आपकी सेवा करेंगे. हमारा आश्रम है, हम आपको दे देंगे. आप वृंदावन से दूर हो जाओ क्योंकि यहां प्रॉपर्टी का बहुत बड़ा खेल चल रहा है. भू-माफिया यहां सक्रिय हो चुके हैं और आपको बदनाम कर रहे हैं. राजस्थान के जो डीलर पांच करोड़ रुपये देकर विराट कोहली को लाए थे. वही लोग यमुना खादर को बेच रहे हैं. उन्होंने प्रॉपर्टी का इतना बड़ा साम्राज्य खड़ा कर दिया है कि अधिकारी भी उनके सामने नतमस्तक हैं.'
फलाहारी महाराज के फेसबुक पेज पर एक पोस्ट किया गया है, जिसमें दावा किया है कि विराट कोहली ने पहली बार आश्रम में आने के लिए पैसे लिए. पोस्ट में उन्होंने कहा, 'बैंक स्टेटमेंट चेक कर लो. फिर भक्ति जागृत हुई तो दोबारा आने पर कई गुना पैसा वापस भी किए.'
फलाहारी बाबा की ओर से बयान तब आया, जब प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी ने बीते 25 सितंबर को सुसाइड कर लिया. वह गुरुकृपा कुंज अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से कूद गए थे. उनका प्राइवेट पार्ट भी ग्राइंडर से कटा हुआ था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की मुख्य वजह ज्यादा खून बहने से बताई गई है. उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं. वृंदावन के सीओ संदीप सिंह ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस को बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रसिक दुलारी शरण ने सुसाइड की है, लेकिन उन्होंने प्राइवेट पार्ट क्यों काटा, इस पर हर एंगल से जांच की जा रही है.
रसिक दुलारी शरण की सुसाइड के बाद केलि कुंज आश्रम ने आधिकारिक बयान जारी किया था. इसमें कहा गया कि रसिक दुलारी शरण के साथ हुई दुखट घटना से महाराज और साधक परिवार आहत हैं. ट्रस्ट साधक के परिवार के प्रति अपनी पूर्ण संवेदना और सहानुभूति जताता है.
बयान के मुताबिक, 'श्री हित राधा केलि कुंज ट्रस्ट पुलिस प्रशासन के साथ घटना की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच में पूरा सहयोग कर रहा है. जांच पूरी होने तक ट्रस्ट सभी श्रद्धालुओं, साधकों और आमजन से अनुरोध करता है कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी, अफवाह या अनुमान के आधार पर पूज्य महाराज श्री एवं आश्रम की छवि को धूमिल करने वाला कोई वक्तव्य या प्रचार न करें. ट्रस्ट को विश्वास है कि पुलिस प्रशासन द्वारा निष्पक्ष जांच के माध्यम से घटना के वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जाएगा.'
रसिक बिहारी शरण की सुसाइड के अब तक चार सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं. इनमें वो फ्लैट से निकलकर छत की ओर जाते, वहां इधर-उधर टहलते और तड़पते हुए देखे जा रहे हैं. उसके बाद वो अचानक दौड़कर छलांग लगाते हैं. इस दौरान छत पर कोई दूसरा साधक नहीं था.
-पहला वीडियो 27 सितंबर को सामने आया, जिसमें रसिक बिहारी गुरुकृपा कुंज बिल्डिंग की चौथी मंजिल से गिरते हुए दिखाई दिए.
-दूसरा वीडियो 29 सितंबर को आया, जिसमें रसिक बिहारी छत पर तड़पते हुए दिखाई दिए. कुछ देर टहलते हैं और फिर छलांग लगा देते हैं.
-तीसरा वीडियो 5 अक्टूबर को सामने आया, जिसमें रसिक उर्फ दीपक फ्लैट से निकलकर अपार्टमेंट की छत की ओर जा रहे हैं. इस दौरान उनके कपड़ों पर खून लगा हुआ दिखाई दे रहा है.
-चौथा वीडियो 9 अक्टूबर को दिखाई दिया, जिसमें वो फ्लैट से बाहर निकलते हैं और कपड़े संभालते हुए सीढ़ियों पर चढ़ रहे हैं.
ये भी पढ़ें- प्रेमानंद महाराज के शिष्य ने किया सुसाइड, चौथे फ्लोर पर गए, थोड़ी देर बैठे और फिर लगाई छलांग; 2 साल पहले ली थी दीक्षा