डीएनए एक्सप्लेनर
यूपी में राज्यसभा की 2 सीटों पर समाजवादी पार्टी आसानी से जीत दर्ज कर लेगी. वहीं बीजेपी 8 सीटों पर जीत का दावा कर रही है.
यूपी राज्यसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी अपना तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारेगी. सपा ने प्रो. राम गोपाल यादव और धनराज नाथवानी को प्रत्याशी घोषित किया है. प्रदेश में सपा के 101 विधायक हैं और एक सीट के लिए 37 वोट चाहिए. संख्या के हिसाब से सपा दो राज्यसभा सीटों पर आसानी से जीत दर्ज कर लेगी. सपा ने अपना तीसरा प्रत्याशी क्यों नहीं घोषित किया, इसकी वजह अखिलेश यादव ने बता दी है.
चुनाव आयोग के खिलाफ इंडिया ब्लाॅक के प्रदर्शन के दौरान अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि हमें दिल्ली आना पड़ा और हम राज्यसभा चुनाव में अपना तीसरा प्रत्याशी नहीं उतार पाए. उन्होंने कहा कि अब 3 नहीं 403 की तैयारी है. अखिलेश के इस बयान से यह साफ हो गया है कि सपा अब राज्यसभा चुनाव में तीसरी प्रत्याशी नहीं उतारेगी.
राज्यसभा की तीन सीटों के बजाए अब सपा की नजर विधानसभा की 403 सीटों पर है. राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव पूर्ण बहुत की सरकार बनाने का कई बार दावा कर चुके हैं. सपा बीजेपी की रणनीति से ही उसे मात देने की प्लानिंग कर रही है. इसी के तहत धनराज नाथवानी को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया, जबकि धनराज के पिता परिमल नाथवानी झारखंड से बीजेपी के राज्यसभा सांसद हैं.
बीजेपी छोड़कर सपा में आए डाॅ. संजयन त्रिपाठी को सपा ने गोरखपुर-फैजाबाद सीट से एमएलसी चुनाव में प्रत्याशी बनाया है. संजयन को चुनावी मैदान में उतारने के लिए सपा ने पहले से घोषित प्रत्याशी कमलेश यादव का टिकट काट दिया.
वह भी नामांकन से महज एक दिन पहले. संजयन इस सीट पर बीजेपी से मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं, लेकिन भाजपा ने उन्हें दरकिनार कर मौजूदा एमएलसी धुव्र त्रिपाठी को टिकट दिया.
https://t.co/cqch3StHmG
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) October 6, 2026
सपा प्रमुख अपने कई बयानों में कह चुके हैं कि बीजेपी को हराने की नियत से पार्टी में आने वालों का स्वागत है. संजयन को एमएलसी का टिकट देकर अखिलेश ने अपने बयान को मजबूत कर दिया. राजनीतिक विश्लेषक बीबीसी के पूर्व पत्रकार समीरात्मज मिश्रा का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव में सपा जीताऊ कैंडिडेट पर ज्यादा भरोसा कर सकती है और ऐसे उम्मीदवारों को वह टिकट देने में जरा भी देर नहीं करेगी.
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सपा दलित वोटरों को भी साध रही है. इसी प्लानिंग के तहत समाजवादी पार्टी ने अपने छात्र संगठन समाजवादी छात्र सभा के ड्रेस कोड में बदलाव किया है. समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ता अब लाल टोपी के साथ नीली जींस और नीला टी शर्ट पहनेंगे. नीले रंग को आंबेडकरवादी विचारधारा से जोड़कर देखा जाता है. इस बहाने सपा युवा दलित वोटरों को अपने पक्ष में लाने की कोशिश कर रही है.
आगामी विधानसभा चुनाव सपा, कांग्रेस के साथ गठबंधन में लड़ेगी, लेकिन सीट बंटवारे पर पेंच फंसा है. अखिलेश यादव ने साफ तौर पर कह दिया है कि जो जितनी सीट जीत सकता है, वह उतनी ले सकता है, जो जीतो, वो पाओ.
5 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कांग्रेस नेताओं से कहा कि वह 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए सीट-शेयरिंग पर सार्वजनिक बयान देने से बचें और यह मुद्दा सीधे SP अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने उठाएं. वहीं प्रदेश के व्यापारी वर्ग को जोड़ने के लिए सपा सभी 75 जिलों और 18 मंडलों में व्यापारी सभा का आयोजन कर रही है.
यूपी में फरवरी 2026 में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है. 2022 में, BJP ने सत्ता बरकरार रखी और राज्य की 403 सीटों में से 255 सीटें 41.29% वोट शेयर के साथ जीतीं. सपा 111 सीटों और 32.06% वोट शेयर के साथ दूसरे स्थान पर रही. वहीं 2017 में सपा ने कांग्रेस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था और सत्ता से बाहर हो गई थी, तब उसे 47 सीटें मिली थीं. उस साल BJP ने 312 सीटें जीती थीं.
कांग्रेस को 2017 में सिर्फ सात सीटें मिली थीं और 2022 का चुनाव अकेले लड़ने पर यह संख्या घटकर सिर्फ दो रह गई. वहीं 2024 का लोकसभा चुनाव सपा ने कांग्रेस के साथ गठबंधन में लड़ा और प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 43 सीटें जीतीं, जिसमें सपा ने 37 और कांग्रेस ने 6 सीटें जीतीं.
ये भी पढ़ें - Explainer:बंगाल, तमिलनाडु से लेकर असम-पुडुचेरी तक, देश में 6 सीटों पर उपचुनाव, किसका कहां बजेगा डंका?